Satna Crime News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के उचेहरा कस्बे से लगे रामपथ गमन मार्ग पर कुंदहरी गांव के पास बदमाशों ने ट्रक चालक से लूट के बाद गोली मार दी. लूट की योजना के तहत बदमाशों ने पहले सड़क पर कील ठोककर ट्रक को पंचर किया, फिर चालक को गोली मारकर 3000 रुपये की लूट की. घायल चालक को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस के अनुसार, मऊगंज जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तरहड़ गांव निवासी मो. तस्लीम पिता मो. शरीफ 20 फरवरी 2026 की रात ट्रक क्रमांक CG 07 CG 7990 में खाली कैरेट लोड कर चित्रकूट से बुरहानपुर के लिए रवाना हुआ था. रात करीब एक बजे जैसे ही ट्रक कुंदहरी गांव के पास पहुंचा, ट्रक के बाएं तरफ के अगले टायर में लोहे की कील घुस गई, जिससे वह पंचर हो गया. मजबूरन चालक मो. तस्लीम ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतरकर पहिया चेक करने लगा.
इस दौरान पीछे से आए बदमाश ने टायर में फंसी कील मांगी और चालक के साथ मारपीट करते हुए उसकी जेब में रखे करीब तीन हजार रुपये निकाल लिए. लूट के बाद चालक ट्रक की केबिन की ओर भागा और अंदर रखी टॉमी रॉड निकालकर आरोपी की तरफ बढ़ा. बदमाश ने उस पर फायर कर दिया. गोली चालक के बाएं हाथ में कंधे के नीचे जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया.
रीवा के अस्पताल में चल रहा इलाज
सड़क पर पड़े घायल चालक ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी. मौके पर पहुंची उचेहरा पुलिस ने घायल को पहले उचेहरा अस्पताल भेजा, प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. लेकिन, चालक की स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है.
बदमाशों ने योजना बनाकर की लूट
घायल चालक के चचेरे भाई सरफराज ने बताया कि ऑपरेशन के जरिए हाथ में फंसी गोली निकाल ली गई है. उन्होंने कहा कि बदमाश ने रामपथ गमन मार्ग पर पहले से कील बिछाकर वाहन चालकों को निशाना बनाने की साजिश रची थी. शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू की जा रही है.
भिंड में भीषण हादसा, 5 की मौत, 6 गंभीर, बारातियों को छोड़कर लौट रही बस ने कार को मारी टक्कर
आए दिन हो रही वारदात
राम वन गमन पथ पर हुई वारदात के बाद ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों में काफी दहशत है. लूट और जानलेवा हमले का शिकार हुए ट्रक ड्राइवर के मालिक नसीर खान ने कहा कि उचेहरा से लेकर रिंग रोड पूरी तरह से असुरक्षित है. यहां न तो कोई पुलिस चौकी है और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम हैं. ऐसे में आए दिन बदमाशों का गिरोह ट्रक ड्राइवरों को निशाना बना रहा है.