सतना एक्‍सीडेंट: 18 द‍िन पहले हुई थी दो भाइयों की शादी, अब एक साथ उठी अर्थी, दो सगी बहनों का उजड़ा सुहाग

मध्य प्रदेश के सतना-मैहर बाईपास पर शनिवार सुबह एक बस ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई, जिनकी शादी महज 18 दिन पहले दो सगी बहनों से हुई थी. मौत की खबर से गुस्साए परिजनों ने सतना-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर बसों में तोड़फोड़ की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश के कोलगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत सतना-मैहर बाईपास पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में एक भाई की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरे भाई ने गंभीर हालत में रीवा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे. उन्होंने सेमरिया चौराहे पर रास्ता जाम कर दिया और कुछ बसों में तोड़फोड़ भी की, जिसके बाद पुलिस ने सूझबूझ से भीड़ को नियंत्रित किया. बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों की शादी महज 18 दिन पहले हुई थी, जिससे पूरे परिवार और ससुराल पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई है.

इलाज के लिए जा रहे थे सतना

जानकारी के अनुसार, चकदही निवासी विवेक यादव (25) और उसका छोटा भाई विनय यादव (24) शनिवार सुबह मोटरसाइकिल से सतना आ रहे थे. विनय को चिकित्सकीय परामर्श (डॉक्टर को दिखाने) के लिए सतना लाया जा रहा था. इसी दौरान उतैली मोड़ के पास सतना से मैहर की ओर जा रही 'अभय ट्रेवल्स' की एक बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे. इसके बाद दोनों बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के फौरन बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनय के सीने में गंभीर अंदरूनी चोटें होने के कारण उसका उपचार शुरू किया गया. हालांकि, हालत बिगड़ने पर उसे रीवा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया.

परिवार में पसरा मातम, एक साथ उठेंगी दो अर्थियां

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. सबसे दुखद पहलू यह है कि दोनों भाइयों की शादी बीते 12 मई 2026 को उचेहरा क्षेत्र में दो सगी बहनों से हुई थी. एक ही घर से दोनों भाइयों की बारात एक साथ निकली थी और अब एक ही दिन दोनों की अर्थी उठने से परिजन पूरी तरह बदहवास हैं. पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजन दोनों शवों को लेकर शहर के बस स्टैंड पहुंचे और सतना-रीवा मार्ग पर जाम लगा दिया. इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने बसों पर पथराव भी किया. पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया.

प्रशासन की समझाइश के बाद शांत हुआ माहौल

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन और समझाइश दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए. इसके बाद उन्होंने जाम समाप्त किया और शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले गए. पुलिस ने दुर्घटनाकारित बस को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें मनीष पटेल के जेल जाने के बाद रील वाइफ अमृता सिंह की जान पर बन आई! कौन दे रहा धमकी?

Advertisement

यह भी पढ़ेंManish Patel Rewa: मनीष पटेल रीवा 'पोक्कभान' ने किया सरेंडर, 4M फॉलोअर्स वाले यूट्यूबर का पूरा केस क्‍या?

Topics mentioned in this article