विज्ञापन

ग्वालियर में 15 फीट ऊंची दीवार गिरी, चाय का ठेला लगाने वाली महिला की मौत; दो लोग घायल

ग्वालियर में दीवार गिरने से महिला की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. यह सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं.

ग्वालियर में 15 फीट ऊंची दीवार गिरी, चाय का ठेला लगाने वाली महिला की मौत; दो लोग घायल
दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबे लोगों को निकाला जा रहा.
NDTV

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के गुड़ी-गुड़ा नाका स्थित मुक्ति धाम के पास रविवार को बड़ा हादसा हो गया. पहाड़ी के कटाव को रोकने के लिए करीब एक माह पहले बनाई गई कंक्रीट की रिटेनिंग वॉल (दीवार) अचानक भरभराकर गिर गई. दीवार के मलबे में तीन लोग दब गए. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गया. बुलडोजर और क्रेन से मलबे को हटाया गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई. जबकि उसके परिवार के दो लोग घायल हो गए.

हादसा रेडिएंट स्कूल के पास हुआ था. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और नगर निगम के अफसर भी पहुंच गए. साथ ही एसएसपी धर्मवीर सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.

Latest and Breaking News on NDTV

चाय का ठेला लगाती थी महिला

कम्पू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरबार के अनुसार, मृतक महिला की पहचान सपना के रूप में हुई है. वह अपने पति राहुल के साथ दीवार के किनारे ही चाय का ठेला लगाती थी. आज उसके ठेले पर बेताल जाटव भी आया हुआ था. वह हर दिन की तरह ठेले पर पति के साथ काम कर रही थी कि तभी सुबह करीब साढ़े 6 बजे अचानक 15 फीट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई.

Latest and Breaking News on NDTV

इस दौरान तीनों दीवार के मलबे में दब गए. हादसा देख स्थानीय लोग पहुंचे. थोड़ी देर में पुलिस और एसडीआरएफ टीम भी पहुंच गई और जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू किया. इस दौरान तीनों को रेस्क्यू किया गया, जिसमें महिला की मौत हो गई थी. वहीं, उसके पति राहुल और दूसरे शख्स बेताल को बाहर निकाला.

Latest and Breaking News on NDTV

स्थानीय लोगों ने लगाया आरोप

इन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण सामग्री और कमजोर सरिया इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं.

क्या बोले अधिकारी

नगर निगम के अपर आयुक्त मुनीष सिकरबार ने बताया कि पूरे मलबे की जांच कर ली गई है और अब उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति दबा नहीं है. फिलहाल मलबा हटाने का कार्य जारी है.

हादसे के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. उन्होंने प्रत्येक घायल को तत्काल राहत के रूप में ₹10-10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने के आदेश जारी किए हैं.

ये भी पढ़ें- उज्जैन में आपसी रंजिश में खून संघर्ष, दो भाइयों की गोली मारकर हत्या; एक आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close