सागर दुष्कर्म केस: वायरल वीड‍ियो में ब‍िना कपड़ों के भागते द‍िखे मह‍िला-युवक, आरोपी ने की खुदकुशी

सागर के मोतीनगर दुष्कर्म मामले में दो वायरल वीडियो सामने आने से सनसनी फैल गई है. आरोपी की आत्महत्या के बाद पुलिस अब दुष्कर्म, वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर पुलिस थाना क्षेत्र में 46 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. गुरुवार रात इस मामले से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वीडियो में महिला नग्न अवस्था में और एक युवक अर्धनग्न हालत में अलग-अलग दिशा में भागते हुए नजर आ रहे हैं. इन वीडियो को दुष्कर्म के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि एनडीटीवी इन वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वीडियो सामने आने के बाद सागर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है.

12 जनवरी को दर्ज हुई थी दुष्कर्म की शिकायत

जानकारी के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को पीड़िता ने मोतीनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला का आरोप था कि आरोपी हीरालाल देर रात उसके घर में घुसा और जबरन दुष्कर्म किया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था.

Advertisement

आरोपी का शव पेड़ से लटका मिला

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी का शव बांदरी थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत के पास पेड़ से फंदे पर लटका मिला है. पुलिस ने इस मामले में बांदरी थाने में मर्ग कायम कर लिया है.

शुक्रवार को आरोपी के परिजनों ने मोतीनगर चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम किया. परिजनों का आरोप है कि मृतक के खिलाफ झूठा दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था, जिससे मानसिक रूप से आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली.

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा?

मामले में एक सीसीटीवी फुटेज और एक मोबाइल वीडियो सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में एक महिला नग्न अवस्था में एक घर से बाहर निकलकर भागती दिखाई दे रही है, जबकि उसके पीछे एक युवक अर्धनग्न अवस्था में हाथ में जूते लिए दूसरी दिशा में भागता नजर आता है. दूसरे वीडियो में महिला सड़क पर नग्न अवस्था में पैदल जाती दिख रही है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो बाइक सवार एक राहगीर ने रिकॉर्ड किया है.

पुलिस का बयान: सभी पहलुओं की जांच जारी

एएसपी लोकेश कुमार सिन्हा के अनुसार, महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था और आरोपी की तलाश की जा रही थी. इसी दौरान आरोपी के आत्महत्या करने की सूचना मिली. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में महिला के साथ दुष्कर्म के प्रमाण मिले हैं. साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम से उनकी कड़ी की भी जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

यह भी पढ़ें- Kinnar Jihad: सागर में धर्म परिवर्तन के दबाव पर हंगामा; बधाई के पैसों से मदरसों में फंडिंग के आरोप

Advertisement