Rewa Suicide Case Viral Reel: रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलचट में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. मृतक युवक ने एक दर्दभरे फिल्मी गाने पर सोशल मीडिया रील बनाने के बाद अपने ही कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया. सुबह जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. खिड़की से झांकने पर युवक फंदे पर लटका मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया. घटना ने एक बार फिर युवाओं के भावनात्मक तनाव, सोशल मीडिया प्रभाव और मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सोशल मीडिया रील के बाद उठाया गया कदम
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राज खान के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री था और टाइल्स लगाने का काम करता था. घटना से पहले राज ने “तेरे बगैर कैसे हम जिंदा रहेंगे…” गीत के साथ एक भावनात्मक रील बनाई थी, जिसे उसने सोशल मीडिया पर अपलोड किया. इसके कुछ समय बाद ही उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
परिवार के साथ खाया था रात का खाना
परिजनों ने बताया कि राज शुक्रवार की शाम गांव लौटा था. उसने पूरे परिवार के साथ रात का भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया. शनिवार सुबह जब मां ने उसे आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो बड़े भाई को बुलाया गया. खिड़की से झांकने पर राज फंदे पर लटका मिला.

Suicide Case Viral Reel: रीवा आत्महत्या मामला
मुंबई भेजा गया था काम के लिए
परिजनों के मुताबिक, चार दिन पहले ही राज को काम के लिए मुंबई भेजा गया था, लेकिन वह वहां एक दिन भी नहीं रुका और वापस रीवा आ गया. गांव में किसी लड़की से संबंध की चर्चा थी, हालांकि परिवार ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
भाई ने क्या कहा?
मृतक के भाई पप्पू खान ने बताया कि राज को काम के उद्देश्य से बाहर भेजा गया था. अचानक लौट आने और इस कदम के पीछे की वजह समझ से परे है. उन्होंने कहा कि आजकल युवक रील बनाते हैं, लेकिन ऐसा निर्णय कोई क्यों लेता है, यह समझना बेहद कठिन है.
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
एडिशनल एसपी रीवा संदीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है. सोशल मीडिया गतिविधि, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : मऊगंज में सनसनीखेज हत्या: हाथ‑पैर बांधकर, मुंह में कपड़ा ठूंस महिला की बेरहमी से मौत के घाट उतारा
यह भी पढ़ें : MP के भेरूंदा से PMGSY-IV और PM-JANMAN का राष्ट्रीय शुभारंभ; 18 हजार 907 करोड़ से ग्रामीण कनेक्टिविटी की सौगात
यह भी पढ़ें : अदाणी समूह के निवेश से गुना बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र, 10 मई को सीमेंट प्लांट का शिलान्यास
यह भी पढ़ें : केन‑बेतवा विस्थापन विवाद फिर गरमाया; पन्ना SP ऑफिस पर धरना प्रदर्शन, जानिए किस विरोध में हो रहा आंदोलन