Drug trafficking India: मैहर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है, जहां पुलिस ने एक पति‑पत्नी को भारी मात्रा में गांजा और नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है. दंपत्ति के पास से बरामद 4 किलो से ज्यादा गांजा और 120 शीशियों ने पूरे मामले की गंभीरता और नशे के फैलते जाल को फिर साफ तौर पर उजागर कर दिया.
ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत छापा
रीवा आईजी गौरव राजपूत के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान रामनगर पुलिस को अमिलिया गांव में नशे का कारोबार होने की सूचना मिली थी. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और एक बोरी से 4 किलो 370 ग्राम गांजा तथा 120 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की.
पहले पकड़े गए आरोपी ने खोला राज
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मैहर थाने में एनडीपीएस एक्ट में पकड़े गए आरोपी सुरेंद्र पटेल से पूछताछ के बाद संभव हुई. पूछताछ के दौरान उसने बताया था कि नशीली सामग्री की खेप अमिलिया गांव में शंभू पटेल के घर पहुंची है. इसी आधार पर पुलिस ने टीम तैयार कर छापा मारा.
पत्नी मौके पर पकड़ी गई, पति भागते-भागते घिरा
छापेमारी के समय शंभू पटेल की पत्नी तुलसा पटेल घर में मौजूद मिली और पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं शंभू पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया गया. दंपत्ति के खिलाफ धारा 8, 20(बी), 21, 22 एनडीपीएस एक्ट और 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आगे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी और उनकी टीम की इस कार्रवाई की सराहना की गई है. पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ चल रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.