विज्ञापन
This Article is From Feb 10, 2026

पत्नी ने तस्कर पति को करवाया गिरफ्तार, स्मैक–गांजे का वीडियो बनाकर पुलिस कमिश्नर को भेजा

इंदौर में एक महिला ने साहस दिखाते हुए अपने तस्कर पति की पोल खोल दी. महिला ने पति द्वारा गांजा और स्मैक बेचने का वीडियो बनाकर पुलिस कमिश्नर को भेजा, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की.

पत्नी ने तस्कर पति को करवाया गिरफ्तार, स्मैक–गांजे का वीडियो बनाकर पुलिस कमिश्नर को भेजा

Wife Exposes Drug Dealer Husband: इंदौर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति की ड्रग तस्करी की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की. पति की हरकतों से परेशान पत्नी ने न सिर्फ सबूत जुटाए, बल्कि उसका वीडियो बनाकर सीधे पुलिस तक पहुंचाया. इस साहसिक कदम के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके घर तथा दुकान से स्मैक और गांजा बरामद किया.

पति की हरकतों से परेशान थी पत्नी

इंदौर के मल्हारगंज इलाके की रहने वाली महिला ने बताया कि उसका पति लंबे समय से पान की दुकान की आड़ में गांजा और स्मैक बेच रहा था. महिला पेशे से अकाउंटेंट है और उसने कहा कि उसकी दो बेटियों की पढ़ाई और माहौल पर इस अवैध धंधे का बुरा असर पड़ रहा था. विरोध करने पर पति और ससुराल वाले अक्सर उसे धमकाते थे और 4 फरवरी को तो पति ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसे सिर में गंभीर चोटें आईं.

वीडियो बनाकर भेजा पुलिस कमिश्नर को

पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर एक महिला वकील से संपर्क किया और फिर पूरा मामला इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को बताया. उसने पति द्वारा नशीले पदार्थ बेचने का वीडियो बनाया और कमिश्नर के नंबर पर भेज दिया. वीडियो में पति को स्मैक और गांजा सप्लाई करते देखा जा सकता था. महिला ने बताया कि उसका पति महालक्ष्मी नगर की दुकान से कॉलेज और हॉस्टल की लड़कियों को भी नशा सप्लाई करता था.

वकील की मदद से आगे बढ़ा मामला

हाई कोर्ट की एडवोकेट डॉ. रूपाली राठौर ने बताया कि पीड़िता उनके पास आई थी और घर में रखे नशे के सामान और मारपीट की घटना का पूरा विवरण दिया. वकीलों की टीम ने यह जानकारी पुलिस कमिश्नर को पहुंचाई और तुरंत कार्रवाई की मांग की. कमिश्नर ऑफिस ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और पीड़िता को हर संभव मदद का भरोसा दिया.

दुकान और घर पर छापा, आरोपी गिरफ्तार

वीडियो देखने के बाद पुलिस ने देर रात महालक्ष्मी नगर स्थित पान की दुकान पर छापा मारा. दुकान चलाने वाले आरोपी बुद्ध किरण को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद पुलिस उसे उसके घर भी लेकर गई, जहां से बड़ी मात्रा में गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि महिला के साहस और समय पर दी गई जानकारी के कारण यह कार्रवाई संभव हो सकी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com