रतलाम की इंडियन बैंक में आग से कंप्यूटर-दस्तावेज जले, सागर की बैंक में भी आगजनी से अफरातफरी

MP Bank Fire: रतलाम शहर के पैलेस रोड स्थित Indian Bank की शाखा और सागर के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बहरोल शाखा में अचानक आग लग गई. इस आगजनी से आस पास हड़कंप मच गया. आग के कारण बैंक में रखे कई कंप्यूटर, एसी और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Ratlam Indian Bank Fire: रतलाम शहर के पैलेस रोड स्थित Indian Bank की शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बैंक के अंदर से धुआं निकलते ही अलार्म (सायरन) बजने लगा. आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों को दी. आग के कारण बैंक में रखे कई कंप्यूटर, एसी और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए. सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

बैंक के अंदर से निकल रही थी धुआं

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:15 बजे आसपास के लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं निकलते देखा. उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों को सूचना दी. थोड़ी देर में बैंक अधिकारी और स्टाफ मौके पर पहुंच गए. जब शटर खोला गया तो सामने बने एक केबिन से तेज धुआं निकलता दिखाई दिया.

Advertisement

Ratlam Indian Bank Fire: कंप्यूटर, एसी और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए.

मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियां 

करीब 7:50 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. इस दौरान आग की लपटों से बैंक के अंदर रखा सामान जलने लगा और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग की तेज गर्मी से बैंक मैनेजर के केबिन में लगा एसी जल गया और केबिन का कांच भी फूट गया. बैंक में रखे करीब 7 से 8 कंप्यूटर भी आग या पानी के कारण खराब हो गए. बताया जा रहा है कि आग लॉकर केबिन के सामने बने एक केबिन में लगी थी, जबकि अंदर स्थित लॉकर सुरक्षित बच गया.

Ratlam Indian Bank Fire: 7 से 8 कंप्यूटर भी आग या पानी के कारण खराब हो गए.

बैंक में चारों तरफ भरा पानी

फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बैंक के अंदर पाइप ले जाकर आग बुझाई. आग पर काबू पाने के बाद बैंक परिसर में चारों तरफ पानी भर गया था. बैंक कर्मचारी भी जहां-जहां धुआं दिखाई दे रहा था वहां पानी डालते रहे.

बैंक मैनेजर राजीव बोथरा के अनुसार, सुबह आसपास के लोगों से धुआं निकलने और सायरन बजने की सूचना मिली थी. शटर खोलने पर एक केबिन में आग लगी हुई मिली. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. उन्होंने बताया कि बैंक में चालू और सेविंग मिलाकर करीब 80 हजार खाते हैं. आग की खबर मिलते ही कई ग्राहक भी बैंक पहुंच गए और लॉकर की सुरक्षा के बारे में जानकारी लेते रहे. फिलहाल लॉकर सुरक्षित है, हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी नहीं किया जा सका है.

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बहरोल शाखा में लगी आग

इधर, सागर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बहरोल शाखा में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

Advertisement

शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बैंक शाखा में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग तेजी से फैलने के कारण बैंक के अंदर रखा फर्नीचर जलकर खाक हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया गया.

गनीमत रही कि घटना के समय बैंक में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई. फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: भिंड के मिहोना थाने में बवाल: थाना प्रभारी विजय केन पर रिटायर्ड सूबेदार से मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप, थाने का घेराव

Topics mentioned in this article