Pachore Petrol Pump Fire: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार देर रात एक पेट्रोल पंप पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस आग की चपेट में आने से 13 लोग झुलस गए, जिसमें महिलाएं भी शामिल है. जबकि फ्यूल से भरा टैंकर और करीब 15 मोटरसाइकल जलकर खाक हो गईं. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया. वहीं बलराम नामक के एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर कर दिया गया.
आग का गोला बना पेट्रोल पंप
जानकारी के मुताबिक, भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित पेट्रोल पंप पर अचानक भीषण आग लग गई. इस आगजनी के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग इतनी तेजी से फैली कि परिसर में खड़ा ईंधन से भरा एक टैंकर भी उसकी चपेट में आ गया, जिससे आग ने भयकर रूप ले लिया.
13 लोग झुलसे, 15 बाइक जलकर खाक
इस घटना में 13 लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया. साथ ही करीब 15 बाइक जलकर खाक हो गईं. घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां और टीम पहुंची. वहीं करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया.
घायल हुए लोगों से मिले विधायक अरुण भीमावद
इधर, घटना की सूचना मिलते ही देर रात शाजापुर विधायक अरुण भीमावद भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों से बातचीत की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को भी घायलों की उचित देखभाल के निर्देश दिए.
मंगलवार सुबह राज्य मंत्री गौतम टेटवाल भी शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने आगजनी की घटना में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना. इस दौरान उन्होंने घायलों को भरोसा दिलाया कि मध्य प्रदेश सरकार उनके इलाज की पूरी व्यवस्था करेगी और किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने घायलों से कहा, मुख्यमंत्री खुद आप लोगों की चिंता कर रहे हैं.
मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि पचोर के पेट्रोल पंप पर हुई घटना में कुल 12 लोग घायल हुए हैं. इनमें बलराम गुर्जर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज इंदौर में चल रहा है. अन्य घायलों का उपचार भी जारी है. मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सभी घायलों के साथ खड़ी है और सभी को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा.
घटना के कारण को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अत्यधिक तापमान के चलते शॉर्ट सर्किट या अन्य कोई कारण हो सकता है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सरकार द्वारा कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: शरीर का दर्द ठीक कर दूंगा... 'निर्मल बाबा' के चमत्कार में फंसी महिला, दुष्कर्म के बाद वायरल किया अश्लील वीडियो