विज्ञापन
This Article is From Jun 14, 2025

Raja Murder Case: 17000 रुपये किराए पर फ्लैट... इंदौर की इस जगह पर क्या कर रहे थे आरोपी?

Raja Raghuvanshi murder case latest news: राजा रघुवंशी हत्या मामले में एक नया खुलासा हुआ है. आरोपी विशाल चौहान ने इंदौर में एक फ्लैट 17,000 रुपये प्रति माह पर किराए पर लिया था. यह फ्लैट उन्होंने 30 मई को किराए पर लिया था, जब राजा रघुवंशी की हत्या के बाद पुलिस जांच कर रही थी.

Raja Murder Case: 17000 रुपये किराए पर फ्लैट... इंदौर की इस जगह पर क्या कर रहे थे आरोपी?
सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा
Meta AI

Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा रघुवंशी हत्या मामले में लगातार कई खुलासे होते जा रहे हैं. अब मध्य प्रदेश इंदौर में संपत्ति प्रबंधन कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने शुक्रवार को दावा किया कि मेघालय के राजा रघुवंशी हत्याकांड के एक आरोपी ने वारदात के हफ्ते भर बाद मध्यप्रदेश के इस शहर में उससे एक फ्लैट किराये पर लिया था. 

मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी (29) की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम (25) (Sonam Raghuvanshi) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) (Raj Kushwaha) समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. रघुवंशी पूर्वोत्तर के इस सूबे में 23 मई को लापता हो गए थे और ऐसा माना जा रहा है कि इसी तारीख को उनकी हत्या कर दी गई थी. 

भाड़े के हत्यारे नहीं... दोस्त? 

राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार तीन अन्य आरोपियों-विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर शुरुआत में 'भाड़े के हत्यारे' होने का संदेह जताया गया था, लेकिन मेघालय पुलिस अब इन्हें कुशवाह के दोस्त बता रही है. देश भर में चर्चा का केंद्र बने हत्याकांड के पांचों आरोपी फिलहाल मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं.

30 मई को किराए पर लिया फ्लैट

इंदौर में संपत्ति प्रबंधन की एक फर्म चलाने वाले कारोबारी शिलोम जेम्स ने संवाददाताओं को बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या के आरोपियों में शामिल चौहान ने 30 मई को उनसे मुलाकात करके शहर के देवास नाका क्षेत्र में 17,000 रुपये प्रति माह पर एक फ्लैट किराए पर लिया था और इसके लिए अनुबंध पर दस्तखत भी किए थे. 

उन्होंने बताया,'चौहान ने दो महीने के सुरक्षा डिपॉजिट के तौर पर हमें 34,000 रुपये की रकम दी थी. औपचारिकताओं के बाद हमने उसे फ्लैट की चाबी सौंप दी थी, लेकिन मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि इस फ्लैट में वह या उसका कोई अन्य साथी आया या नहीं. फ्लैट पर ताला लगा है और चाबी इसके किरायेदार के पास है.'

जेम्स के मुताबिक यह फ्लैट जिस इमारत में है, वह नवनिर्मित है और उसमें अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. जेम्स ने बताया कि उन्होंने चौहान द्वारा फ्लैट किराये पर लिए जाने के बारे में स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी है. 

पुलिस कर रही है तहकीकात

अधिकारियों के मुताबिक राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था. राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है. उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे. मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है. 

यह भी पढ़ें : Raja Raghuvanshi Murder Case: सोनम के खिलाफ मेघालय पुलिस को मिला एक और सबूत, जानिए क्या खुलासा हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com