‘SDOP की औकात बताने में विधायक प्रीतम लोधी के साथ’- आजाद पार्टी कोर कमेटी सदस्य का बयान

शिवपुरी में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी और करेरा एसडीओपी विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है. आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव ने विधायक का समर्थन करते हुए एसडीओपी पर तीखे आरोप लगाए हैं. उनके बयान के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Pritam Lodhi SDOP Controversy: शिवपुरी जिले में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी और करेरा एसडीओपी के बीच चल रहे विवाद ने अब राजनीतिक रंग और गहरा कर लिया है. खादी और खाकी के टकराव के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव की एंट्री ने माहौल और गरमा दिया है. दामोदर यादव ने खुले तौर पर विधायक प्रीतम लोधी के समर्थन में बयान देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों पर तीखे आरोप लगाए हैं.

विवाद में आज़ाद पार्टी की एंट्री

करेरा क्षेत्र में चल रहे विधायक–एसडीओपी विवाद को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ था. इसी बीच दामोदर यादव सामने आए और उन्होंने इस मामले में प्रीतम सिंह लोधी को अपना “भाई” बताया. उनका कहना है कि भाजपा शासन में अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और लोगों के साथ गलत व्यवहार हो रहा है.

Advertisement

एसडीओपी पर तीखा हमला, आंदोलन की बात

दामोदर यादव ने करेरा एसडीओपी पर कड़ा बोल बोलते हुए कहा कि अधिकारी अपनी सीमाएं लांघ रहे हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि “औकात में रहना चाहिए.” यादव ने यह भी दावा किया कि अगर इस मामले को लेकर कोई आंदोलन होता है, तो वे खुद सबसे आगे खड़े दिखाई देंगे और प्रीतम लोधी का पूरा समर्थन करेंगे.

भाजपा पर आरोप, फिर भी विधायक का समर्थन

दिलचस्प बात यह है कि दामोदर यादव आमतौर पर भाजपा और उसके नेताओं की आलोचना करते रहे हैं. बावजूद इसके, इस मामले में वे प्रीतम सिंह लोधी के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं. उन्होंने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए, लेकिन विधायक को व्यक्तिगत तौर पर सही ठहराया.

बयान के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल

इस बयान के बाद शिवपुरी जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहा है. इलाके में फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ बताया जा रहा है.

सुर्खियों में बने रहने की कोशिश?

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि दामोदर यादव इस संवेदनशील मामले को तूल देकर राजनीतिक फायदा और सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, उनके बयान ने यह साफ कर दिया है कि करेरा एसडीओपी और विधायक प्रीतम लोधी का विवाद अब सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है.

Advertisement