एमपी में रात के वक्त विधानसभा खोलने पर गरमाई सियासत , पटवारी ने बीजेपी पर बोला तीखा हमला

MP Congress: पटवारी ने शनिवार की देर रात करीब 11:30 बजे विधानसभा खोलने के फैसले को लेकर भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने इस कदम को "क्राइम" बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के खिलाफ है और इससे लोकतंत्र कमजोर होता है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Politics of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देर रात विधानसभा खोले जाने के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है.

पटवारी ने शनिवार की देर रात करीब 11:30 बजे विधानसभा खोलने के फैसले को लेकर भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने इस कदम को "क्राइम" बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के खिलाफ है और इससे लोकतंत्र कमजोर होता है.

Advertisement

चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भी उठाए सवाल

इसके साथ ही पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है, विधायकों की खरीद-फरोख्त हो रही है, सरकारें गिराई जा रही हैं और मतदाता सूची में हेरफेर जैसे कदम उठाए जा रहे हैं. दरअसल, जीतू पटवारी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र हुड्डा नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा पहुंचे थे. यहां उन्होंने कांग्रेस नेता अजय पटेल के निवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे.

 किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

इस दौरान अपने संबोधन में जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि कैबिनेट और अलग कृषि बजट का वादा किया था, लेकिन वह अब तक पूरा नहीं हुआ. पटवारी ने वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव की ओर से घोषित "कृषि कल्याण वर्ष" पर भी सवाल खड़े करते हुए इसे किसानों के साथ विश्वासघात बताया. उनका कहना था कि सरकार गेहूं खरीदी को लेकर गंभीर नहीं है और जानबूझकर तारीख आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे किसान मजबूरी में कम दाम पर अपनी फसल बेचने को विवश हों.

गेहूं खरीदी की तारीखों पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने समिति की तारीख 28 मार्च और खरीदी की तारीख 10 अप्रैल तय किए जाने को किसानों के साथ धोखा करार दिया. उन्होंने इसे एक तरह का घोटाला बताते हुए कहा कि इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर आंदोलन की घोषणा भी की है. पार्टी 9 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी. यह आंदोलन राहुल गांधी के नेतृत्व में किया जाएगा, जिसका उद्देश्य किसानों के अधिकारों की रक्षा करना है.

 यह भी पढ़ें- Bhopal Metro: रोजाना का खर्च 8 लाख, कमाई स‍िर्फ 15 हजार रुपए, 3 महीने में तीसरी बार घटे फेरे

अपने बयान के अंत में जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और किसानों के अधिकारों तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी.

Advertisement

 यह भी पढ़ें- एमपी में चल रहा बड़ा खेल, एक्टिव हैं 36,668 फर्जी सिमें, पुलिस ने ऑपरेशन Face चलाकर दो एजेंट को दबोचा