Police Holi Celebration 2026: गुना में इस बार पुलिसवालों की होली कुछ अलग ही रंगों में रंगी नज़र आई. ढोल पर बैठकर नाचते एसपी, गानों पर झूमती महिला पुलिसकर्मियां और फायर ब्रिगेड की बौछार में भीगते जवानों को देखकर हर कोई मुस्कुराए बिना नहीं रह सका. परेड ग्राउंड में आयोजित इस खास समारोह ने साबित कर दिया कि वर्दी के पीछे भी दिल बिल्कुल आम इंसान जैसा धड़कता है, जिसे मौक़ा मिले तो वह भी पूरी मस्ती के साथ त्योहार मनाता है.
परेड ग्राउंड में रंगों की धूम
गुरुवार को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में होली समारोह का आयोजन किया गया, जहां पुलिसकर्मी रंगों में पूरी तरह सराबोर दिखाई दिए. कई जवानों ने तो पारंपरिक अंदाज में कपड़ा फाड़ होली भी खेली. माहौल इतना रंगीन था कि हर तरफ सिर्फ खुशी और मस्ती की गूंज सुनाई दे रही थी.
एसपी-कलेक्टर का डांस बना आकर्षण
इस अवसर पर एसपी अंकित सोनी और कलेक्टर किशोर कन्याल भी पुलिसकर्मियों के बीच दिखाई दिए. पुलिस जवान ढोल बजाकर दोनों अधिकारियों को बँगले से समारोह तक लेकर आए. इस दौरान एसपी अंकित सोनी ढोल पर बैठकर थिरकते दिखे और बाद में बग्गी पर बैठकर कलेक्टर के साथ लाल परेड ग्राउंड पहुंचे. दोनों अधिकारियों का यह रूप देखकर पुलिसकर्मी भी जोश से भर उठे और जमकर डांस किया.
महिला पुलिसकर्मियों ने भी जमकर बांधा समा
समारोह में महिला पुलिसकर्मी भी किसी से पीछे नहीं रहीं. गानों की धुन पर उनका उत्साह देखते ही बन रहा था. रंग, संगीत और हंसी ने पूरे माहौल को और भी जीवंत बना दिया. पुलिस के इस आनंदभरे रूप ने वहां मौजूद सभी लोगों को प्रभावित किया.
फायर ब्रिगेड की बौछारों ने बढ़ाई मस्ती
परेड ग्राउंड में होली का मज़ा तब और बढ़ गया जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पुलिसकर्मियों पर पानी की बौछारें डाली गईं. पुलिस जवान पानी की धार में कूदते-फांदते, डांस करते नजर आए. आमतौर पर उपद्रवियों को काबू करने वाला यह वाटर प्रेशर आज पुलिसकर्मियों की खुद की खुशी बढ़ाने का हिस्सा बना.