विज्ञापन

पहले दो बेटियों की हुई मौत, जब शव घर लेकर जा रहे थे माता-पिता तो तीसरी बेटी की खराब हुई तबीयत, उसकी भी जान गई

नर्मदापुरम के इटारसी अस्पताल में 10 साल की आशी की मौत के साथ एक परिवार की तीन बेटियों की मौत हो गई. इंदौर के बेटमा में संदिग्ध खाना खाने से दो बहनों विशुका और विधि की पहले मौत हुई थी, शव लेकर रायपुर जाते समय तीसरी बेटी की भी तबीयत बिगड़ी और दम तोड़ दिया.

पहले दो बेटियों की हुई मौत, जब शव घर लेकर जा रहे थे माता-पिता तो तीसरी बेटी की खराब हुई तबीयत, उसकी भी जान गई
इटारसी में माता-पिता से जानकारी जुटाटी पुलिस.
NDTV

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. दंपती की एक-एक कर तीन बच्चियों ने दम तोड़ दिया है. परिवार ने बच्चों को बचाने की भरसक कोशिश की, एंबुलेंस से अस्पताल तक ले गए, लेकिन किसी की जान नहीं बच सकी.

दरअसल, नर्मदापुरम जिले के इटारसी स्थित शासकीय डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में परिवार अपनी बच्ची को गंभीर अवस्था में लेकर पहुंचा था, जहां बच्ची की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. इस बच्ची की दो छोटी बहनों की भी इंदौर में उल्टी कारण मौत हो गई थी. परिजन दोनों बहनों के शवों को एंबुलेंस से रायपुर (छत्तीसगढ़) ले जा रहे थे, तभी रास्ते में तीसरी बच्ची की तबीयत खराब हो गई थी.

जिसे परिजन आनन-फानन इटारसी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान तीसरी बच्ची की भी मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही इटारसी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. तीनों बच्चियों की मौत से हर कोई हैरान है.

पीड़ित दंपती की पहचान नरेंद्र सिंह (50) और अमरावतिन (15) के रूप में हुई है, जिनकी तीन बेटियों 10 साल की आशी, विशुका (8) और विधि (6) ने अपनी जान गंवा दी. फिलहाल, प्राथमिक जांच में बच्चों की तबीयत खराब होने की वजह संदिग्ध खाना लग रहा है.

डॉक्टर ने क्या बताया

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि परिजन केवल 10 वर्षीय बच्ची आशी को अस्पताल लेकर आए थे, जिसे सुखतवा सीएससी से रेफर किया गया था. बच्ची बेहोशी की हालत में थी और उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी. अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया, लेकिन लगभग 45 मिनट से एक घंटे के भीतर बच्ची की मौत हो गई.

रात को कुछ खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

इस संबंध में टीआई इटारसी सौरभ पांडे ने बताया कि परिवार मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में इंदौर के बेटमा इलाके में रह रहा था. मंगलवार रात परिवार ने एक साथ खाना खाया था, जिसके बाद रात में दो बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें इंदौर के अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई.

परिवार एक एंबुलेंस के जरिए दोनों बच्चियों के शवों को लेकर रायपुर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में इटारसी के पास तीसरी बच्ची आशी की भी तबीयत खराब हो गई. शाम करीब 6 बजे उसे इटारसी के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामला इंदौर के बेटमा क्षेत्र का है, इसलिए जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला इंदौर की बेटमा पुलिस को भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कृषि विश्वविद्यालय का एक और पेपर लीक, 19 अगस्त को हुए एग्जाम पेपर की जांच की मांग

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close