विज्ञापन
This Article is From Jan 09, 2026

चूहा कांड के बाद MY अस्पताल में फिर लापरवाही, 1 माह के बच्चे का काटा अंगूठा; नर्स सस्पेंड

इंदौर के एमवाय अस्पताल में एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां चेस्ट वार्ड में एक नर्स की गलती से डेढ़ माह के मासूम बच्चे का अंगूठा कट गया. बच्चे का इलाज चल रहा है और नर्स को सस्पेंड कर दिया गया है.

चूहा कांड के बाद MY अस्पताल में फिर लापरवाही, 1 माह के बच्चे का काटा अंगूठा; नर्स सस्पेंड

इंदौर में प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल एमवाय अस्पताल (MY Hospital) एक बार फिर गंभीर लापरवाही को लेकर सुर्खियों में है. चूहा कांड के बाद अब चेस्ट वार्ड में नर्स की गलती से डेढ़ माह के मासूम बच्चे का अंगूठा कटने का मामला सामने आया है. घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

दरअसल, बेटमा से निमोनिया के उपचार के लिए एक बच्चे को चेस्ट वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां मासूम बच्चे के हाथ में लगे टेप को नर्स कैंची से काट रही थी. इसी दौरान लापरवाहीवश कैंची बच्चे के अंगूठे पर लग गई, जिससे उसका अंगूठा कट गया. घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए.

अंगूठे की कराई प्लास्टिक सर्जरी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित नर्स को सस्पेंड कर दिया है. इसके साथ ही तीन नर्सिंग इंचार्ज का वेतन रोकने की कार्रवाई भी की गई है. वहीं, गंभीर घटना के बाद बच्चे को तत्काल इंदौर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्लास्टिक सर्जन की टीम ने ऑपरेशन कर कटे हुए अंगूठे को सफलतापूर्वक ठीक कर दिया. एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन के अनुसार, फिलहाल बच्चे की स्थिति स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है.

बच्चों को चूहों ने कुतरा था

गौरतलब है कि इससे पहले भी एमवाय अस्पताल उस समय विवादों में आया था, जब नवजात बच्चों को चूहों द्वारा कुतरे जाने की घटनाएं सामने आई थीं. लगातार सामने आ रही लापरवाहियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com