विज्ञापन
This Article is From Mar 16, 2026

एशिया की सबसे बड़ी अखबारी कागज मिल फिर शुरू, नेपा लिमिटेड में दशकों बाद गुंजी मशीनों की आवाज 

बुरहानपुर के नेपानगर स्थित एशिया के सबसे बड़े अखबारी कागज कारखाने नेपा लिमिटेड में दशकों बाद फिर से मशीनें गूंज उठीं. सोमवार को बायलर लाइटअप के साथ उत्पादन प्रक्रिया का सफल परीक्षण किया गया. नई शुरुआत से कर्मचारियों और अधिकारियों में उत्साह है.

एशिया की सबसे बड़ी अखबारी कागज मिल फिर शुरू, नेपा लिमिटेड में दशकों बाद गुंजी मशीनों की आवाज 

Nepa Mill Reopening 2026: एशिया का सबसे बड़ा अखबारी कागज का कारखाना एक बार फिर चालू हो गया है. बुरहानपुर जिले के नेपानगर स्थित नेपा मिल में लंबे अंतराल के बाद मशीनों की आवाज गूंज उठी. सोमवार को बायलर लाइटअप के साथ मिल संचालन प्रक्रिया का सफल परीक्षण किया गया. चिमनी से उठता धुआं और पेपर मशीन से शुरू हुआ उत्पादन देखकर अफसरों और कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती दिखी. दशकों तक देश को अखबारी कागज के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली नेपा मिल की रौनक लौट आई है.

मिल में फिर गूंजी मशीनों की आवाज

सोमवार को नेपा लिमिटेड में बायलर लाइटअप होते ही उत्पादन प्रक्रिया का पुनः सफल ट्रायल किया गया. अरसे बाद मशीनें चलती देख मिल परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल बना रहा. अफसरों और कर्मचारियों ने बताया कि चिमनी से धुआं उठता और पेपर मशीनें चलती देख सबके मन में नई ऊर्जा आ गई.

निरीक्षण के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्रालय के अधिकारी

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय की आर्थिक सलाहकार डॉ. रेणुका मिश्रा और स्वतंत्र निदेशक सीए मिलिंद कनाडे ने नेपा लिमिटेड का दौरा किया. उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया तथा नवीनीकृत संयंत्रों के संचालन का निरीक्षण किया. इस दौरान अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरेश सिंह सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

एशिया की पहली अखबारी कागज मिल 

नेपा मिल को एशिया की पहली अखबारी कागज मिल माना जाता है. इस मिल ने वर्षों तक करोड़ों रुपये की विदेशी मुद्रा बचाते हुए देश को न्यूजप्रिंट के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दिया. वर्ष 1995 में गुलाबी समाचार पत्र कागज प्रस्तुत करने का श्रेय भी इसी मिल को जाता है.

2022 में नवीनीकृत संयंत्रों का शुभारंभ

23 अगस्त 2022 को तत्कालीन केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने मिल के नवीनीकृत संयंत्रों का शुभारंभ किया था. यहां न्यूजप्रिंट और राइटिंग‑प्रिंटिंग पेपर का उत्पादन होता है, जिसमें अपशिष्ट कागज से तैयार लुगदी, पुराने ऑफिस पेपर और अन्य रिसाइकल्ड सामग्री का उपयोग किया जाता है. इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ उत्पादन लागत में भी सकारात्मक असर देखा जाता है.

रोजगार और स्थानीय विकास को मिलेगी रफ्तार

जन संपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे के मुताबिक, नेपा लिमिटेड क्षेत्र का एकमात्र केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है. इसके पुनः संचालन से आदिवासी अंचल की अर्थव्यवस्था, रोजगार और स्थानीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है. उत्पादन नियमित होने से कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों में भरोसा और उत्साह दोनों बढ़े हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com