MP-छत्तीसगढ़ में NEET की तैयारी पूरी, अभ्यर्थियों को दिशा-निर्देश जारी; मॉकड्रिल हुई और मेडिकल छात्रों की छुट्टियां भी रद्द

कल 21 जून को NEET का एग्जाम है. देशभर के सेंटर पर मॉकड्रिल चल रही है ताकि कोई चूक न हो. MP और CG दोनों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

21 जून को NEET-UG की परीक्षा होने वाली है, जिसमें कुछ ही घंटे बचे हैं. देशभर में परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी हो गई हैं. किसी भी तरह की खामी को पकड़ने के लिए आज सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉकड्रिल कराई जा रही है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रशासन यही कर रहा है. इसके अलावा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने सभी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस छात्रों की छुट्टियां की रद्द कर दी हैं, जिसका आदेश भोपाल गांधी मेडिकल कॉलेज में भी जारी हो गया है. इसके अलावा नीट अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी हो चुके हैं.

भोपाल में परीक्षा केंद्रों पर मीडिया की एंट्री बंद

भोपाल में बने 32 सेंटर्स में फिलहाल मीडिया की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई है. कलेक्टर ने सेंटर्स प्रभारी को निर्देश जारी किए हैं. सभी सेंटर्स में जैमर रखवाए गए हैं. एग्जाम सेंटर में सिर्फ और सिर्फ स्कूल प्रबंधन और प्रभारी को अंदर जाने की अनुमति होगी. बाहरी किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रहेगी.

Advertisement

छत्तीसगढ़ में भी तैयारी पूरी, आज कराई जा रही मॉकड्रिल

री-नीट को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारी पूरी हो चुकी हैं. आज परीक्षा केंद्रों में मॉकड्रिल कराई जा रही है. राज्य के 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और रायपुर में 25 परीक्षा केंद्र हैं. रायपुर में 964 परीक्षार्थी शामिल होंगे. राज्य में 127 परीक्षा केंद्रों में करीब 55000 परीक्षार्थी भाग लेंगे.

240 की क्षमता वाले परीक्षा केंद्र में चार पुलिस बल के जवान तैनात किए जाएंगे. 240 से अधिक परीक्षार्थी क्षमता वाले परीक्षा केंद्रों में पुलिस के 6 से 8 जवान तैनात किए जाएंगे. परीक्षा केंद्रों में जैमर लगे होंगे. न्यूनतम एसडीएम स्तर के अधिकारी उड़न दस्ता टीम में शामिल होंगे.हर परीक्षा केंद्र में न्यूनतम तहसीलदार स्टार का एक प्रशासनिक और सब इंस्पेक्टर स्तर का एक पुलिस अधिकारी तैनात होगा. छत्तीसगढ़ में लगभग 1000 पुलिस बल के जवान अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में तैनात रहेंगे.

मध्य प्रदेश में मेडिकल कालेज के UG और PG छात्रों की छुट्टियों पर रोक

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने सभी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस छात्रों की छुट्टियां की रद्द कर दिया है. आयोग ने 20 और 21 जून को छात्रों को कॉलेज में उपस्थित रहने के कड़े निर्देश दिए हैं. डमी/प्रॉक्सी उम्मीदवारों (दूसरों की जगह परीक्षा देने वाले सॉल्वरों) के नेटवर्क और किसी भी तरह की धोखाधड़ी/पेपर लीक को रोकने के लिए कदम उठाया गया है. 20 जून और 21 जून को छात्रों की छुट्टियों पर पूरी तरह रोक लगाई. केवल किसी अत्यंत आपातकालीन (Medical Emergency) स्थिति और ठोस कारण होने पर ही कॉलेज प्रशासन द्वारा विशेष अनुमति दी जाएगी.

नीट (NEET) परीक्षा हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश  जारी:

  • परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पूर्व उपस्थित हों.
  • परीक्षार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड, एक वैध फोटो पहचान पत्र तथा निर्धारित पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं.
  • परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। परीक्षार्थी जांच में पूर्ण सहयोग करें.
  • परीक्षा कक्ष में केवल पारदर्शी पानी की बोतल, एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र ही ले जाने की अनुमति होगी.
  • किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूर्णतः प्रतिबंधित हैं.
  • अभ्यर्थी हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनें। मोटे तलवे वाले जूते, आभूषण, घड़ी, बेल्ट एवं धातुयुक्त वस्तुओं से बचें.
  • परीक्षा कक्ष में केवल केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्तर पुस्तिका एवं निर्देशों का पालन करें.
  • परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों का उपयोग अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर अभ्यर्थी के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी.
  • परीक्षा समाप्त होने तक अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी.
  • किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी अथवा समस्या होने पर परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष/पर्यवेक्षक से संपर्क करें.
  • एडमिट कार्ड पर अंकित सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें.

ये भी पढ़ें- इंदौर: NEET छात्रा ने पहले भी की थी सुसाइड की कोशिश, परिजन बोले- तनाव से उबर नहीं पाई, अब छत से गिरकर मौत

Advertisement

ये भी पढ़ें- NEET के एक और छात्र ने किया सुसाइड, गाजियाबाद में 22 साल के जतिन ने परीक्षा से पहले दी जान

Topics mentioned in this article