MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में आसमान से गिरी सफेद आफत ने किसानों की साल भर की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया. एक घंटे की ओलावृष्टि ने सुनहरी चमचमाती गेहूं की फसल को सफेद चादर में बदल दिया और खेतों में खड़ी उम्मीदों को जमींदोज कर दिया.
एक घंटे में उजड़ गई साल भर की मेहनत
विदिशा तहसील नटेरन के ग्राम परसौरा समेत आधा दर्जन गांवों में ओलों की ऐसी मार पड़ी कि कटने को तैयार गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई. खेतों में जहां कल तक सुनहरी बालियां लहरा रही थीं, आज वहां टूटे हुए ठूंठ और मिट्टी में मिला दाना दिखाई दे रहा है. किसानों के लिए यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं, बल्कि उनके सपनों का टूटना है.

MP weather hailstorm destroys wheat crops vidisha farmers loss
“खेत में अब सिर्फ कचरा बचा है”
45 वर्षीय किसान पंकज रघुवंशी, जो परसौरा गांव में गेहूं और धान की खेती करते हैं, बताते हैं कि पूरे गांव में 100 प्रतिशत फसल खराब हो गई है. खेत में कुछ भी नहीं बचा, अब सिर्फ कचरा रह गया है जिसे साफ करना है.
छोटे किसान संजय, जो खेती के साथ मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, कहते हैं कि हम जैसे छोटे किसानों के लिए यह बहुत बड़ा नुकसान है. सब कुछ बर्बाद हो गया है और अब समझ नहीं आ रहा कि परिवार कैसे चलेगा.
वहीं गांव के एक बुजुर्ग किसान, जो 9 बीघा में खेती करते हैं, बताते हैं कि इस साल गेहूं की फसल से काफी उम्मीदें थीं. बैंक और साहूकारों का कर्ज है, लेकिन अब लगता है कि कर्ज भी नहीं चुका पाएंगे क्योंकि खेत में दाना ही नहीं बचा.

MP weather hailstorm destroys wheat crops vidisha farmers loss
पांच हजार बीघा में फसल तबाह
किसानों के अनुसार ग्राम परसौरा में ही करीब पांच हजार बीघा में लगी गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है. कर्ज चुकाने की बात तो दूर, अब घर के खाने के लिए भी गेहूं बाजार से खरीदना पड़ेगा. 11 दिन पहले भी ओलावृष्टि हुई थी, तब कुछ फसल बच गई थी, लेकिन इस बार कुदरत ने जो बचा था उसे भी छीन लिया.
MLA पहुंचे खेतों में, मुआवजे का भरोसा
ओलावृष्टि की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक सूर्य प्रकाश मीणा गांव-गांव पहुंचे और किसानों से मुलाकात कर फसलों का जायजा लिया. विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिलवाया जाएगा ताकि उन्हें राहत मिल सके.

MP weather hailstorm destroys wheat crops vidisha farmers loss
प्रशासन ने जांच और मुआवजे की बात कही
नटेरन एसडीएम अजय प्रताप ने भी प्रभावित गांवों का दौरा कर फसलों का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी.
कांग्रेस ने उठाए सरकार पर सवाल
फसल बर्बाद होने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस का कहना है कि 100 प्रतिशत फसल बर्बाद हो चुकी है, लेकिन सरकार के टोल फ्री नंबर तक नहीं लग रहे हैं. पहले भी ओलावृष्टि के बाद मुआवजे की घोषणा हुई थी, लेकिन किसानों को राहत नहीं मिली. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक किसानों को समय पर मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक उनकी परेशानी कम नहीं होगी.

MP weather hailstorm destroys wheat crops vidisha farmers loss
आखिर किसान किससे उम्मीद करें?
एक तरफ कुदरत का कहर, दूसरी तरफ कर्ज और महंगाई का बोझ. ऐसे में विदिशा के किसान आज सिर्फ एक सवाल पूछ रहे हैं. आखिर उनकी मेहनत का सहारा कौन बनेगा? अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन पर टिकी है कि सर्वे के बाद किसानों को कब तक मुआवजा मिलता है और उन्हें राहत कब मिलती है.
यह भी पढ़ें- MP weather: शिवपुरी और भोपाल में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आंधी ने मचाई तबाही