मध्य प्रदेश के जबलपुर के पांच लोगों की राजस्थान में सड़क हादसे में मौत हो गई. ये सभी कार से खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे. रास्ते में चाकसू के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्यामजी के लिए निकले थे
जानकारी के अनुसार जबलपुर के कटंगी रोड करमेटा नगर क्षेत्र निवासी अनुराग रजक (27), राहुल रजक (27), शानू सूकरवार (25), पीयूष राय (26) और रेशमा श्रीवास्तव (54) 12 फरवरी को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन करने गए थे. वहां से पांचों राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटूश्यामजी मंदिर के लिए रवाना हुए.
चालक को आई झपकी, ट्रेलर में घुसी कार
खाटूश्यामजी पहुंचने से पहले जयपुर जिले में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे टिगरिया मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई. इससे कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी.
राजस्थान के चाकसू पुलिस थाना अधिकारी मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि शव कार में फंस गए थे. काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया. चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.
पीयूष को दी थी जन्मदिन की शुभकामनाएं
हादसे में जान गंवाने वाले पीयूष राय का आखिरी मैसेज और सेल्फी अब वायरल हो रही है. बताया जा रहा है कि पीयूष ने रात में ही अपने पिता राजेश को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी थीं. कुछ ही घंटों बाद उसके सड़क हादसे में मौत की खबर पहुंच गई, जिससे परिवार में मातम पसरा है.