MP में 'औकात में रहो' पर बवाल: सियासत की आग में जली मजदूर की साइकिल, VIDEO वायरल

मध्य प्रदेश विधानसभा में 'औकात में रहो' बयान को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है. नीमच में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक मजदूर की साइकिल जल गई, जिससे घटना ने राजनीतिक रंग के साथ मानवीय पहलू भी जोड़ दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश में संसदीय कार्यमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय के 'औकात में रहो' बयान पर सियासत गरमा गई है. शुक्रवार को राजधानी भोपाल व नीमच समेत कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के पुतले जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. वहीं विधानसभा में दिया गया यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए तेजी से फैल रहा है.

बजट सत्र के दौरान हुआ विवाद

दरअसल, मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है. 16 फरवरी से शुरू हुए सत्र में 18 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया गया. 19 फरवरी को बजट पर चर्चा के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर 'औकात में रहो' टिप्पणी कर दी.

उमंग सिंघार ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सत्ता के अहंकार में चूर होकर सदन के भीतर असंसदीय और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अभद्रता को इतिहास याद रखेगा.  

यह भी पढ़ें- कैलाश विजयवर्गीय Vs उमंग सिंघार: शिक्षा, संपत्ति और वोट में किसकी 'औकात' ज्यादा? MP में सियासी टकराव तेज

Advertisement

नीमच में उग्र प्रदर्शन, मजदूर की साइकिल जली

नीमच में कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के मंत्रियों के खिलाफ जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन उग्र रूप में सामने आया. नीमच, जावद और मनासा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने पुतले जलाए और नारेबाजी की.

Advertisement

नीमच के विजय टॉकीज चौराहे पर भी पुतला दहन किया गया. इस दौरान 55 वर्षीय मजदूर बबलू की साइकिल आग की चपेट में आकर जल गई. बताया जा रहा है कि वह इसी साइकिल से रोज मिठाई की दुकान पर काम करने आता-जाता था. साइकिल जलने से उसकी रोजी-रोटी पर असर पड़ा. मौके पर फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने और सीमित पुलिस बल के कारण कुछ समय के लिए हालात तनावपूर्ण बने रहे.

मंत्रियों पर निशाना, आंदोलन जारी रखने का ऐलान

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि दूषित जल प्रकरण और विवादित बयानों को लेकर मुख्य विरोध कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ है. साथ ही सेना और महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर विजय शाह तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राजेन्द्र शुक्ल को भी कांग्रेस ने निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि विवादित मंत्रियों की विदाई तक संघर्ष जारी रहेगा.

Advertisement

पुलिस को चकमा देकर दो स्थानों पर पुतला दहन

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देते हुए विजय टॉकीज क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर पुतले जलाए. एक पुतला अग्रवाल मिष्ठान की गली से और दूसरा गांधी भवन क्षेत्र से निकाला गया. सीमित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा. हालांकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मजदूर की साइकिल ठीक कराने या आवश्यकता पड़ने पर नई साइकिल दिलाने की बात कही है. 

यह भी पढ़ें- MP विधानसभा में गूंजा औकात में रहो: विजयवर्गीय पहले गुस्‍सा, फ‍िर बोले-सिंघार को बच्चे की तरह करता हूं प्यार