एमपी में ‘आग का तांडव’! कई जिलों में किसानों की मेहनत हुई बर्बाद, खेतों में खड़ी फसलें खाक

मध्य प्रदेश में आग का तांडव जारी है. बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, देवास, सतना और सिवनी समेत कई जिलों में खेतों में लगी भीषण आग से किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई. बिजली की चिंगारी, शॉर्ट सर्किट और ट्रांसफार्मर आग की वजह बने.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Madhya Pradesh Fire Incident: मध्य प्रदेश में गर्मी बढ़ते ही आगजनी की घटनाएं डराने लगी हैं. बीते कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों में खेतों में लगी भीषण आग ने किसानों की खड़ी गेहूं की फसल को राख में बदल दिया. कहीं बिजली के तारों से निकली चिंगारी तो कहीं ट्रांसफार्मर और शॉर्ट सर्किट आग की वजह बने. तेज हवाओं और दमकल संसाधनों की कमी के चलते कई जगह हालात बेकाबू होते नजर आए. आग के इस तांडव ने किसानों की महीनों की मेहनत को कुछ ही मिनटों में खत्म कर दिया.

बैतूल  में आग का कहर

बैतूल मुख्यालय के पास डुण्डासिवनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खेरी के मरझोर गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई. देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई और तीन किसानों की खड़ी फसल जलकर राख हो गई. आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को जान बचाकर भागना पड़ा. दमकल वाहन मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटा रहा.

Advertisement

नर्मदापुरम में 24 घंटे में आग की तीन बड़ी घटनाएं

नर्मदापुरम जिले में आग ने ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों को चपेट में लिया. सिवनी मालवा क्षेत्र के ग्राम बाबड़िया में अज्ञात कारणों से खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई, जिसमें करीब 50 एकड़ फसल जलकर राख हो गई. तेज हवाओं के चलते आग बाबड़िया से सिवनी मालवा बायपास तक पहुंच गई और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ.

आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड का वाहन बीच रास्ते में खराब हो गया, जिससे हालात और बिगड़ गए. बाद में इटारसी से अतिरिक्त दमकल बुलानी पड़ी. इसके अलावा नर्मदापुरम और इटारसी में दो होटलों राजस्थान मिष्ठान भंडार और साईनाथ भोजनालय में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ.

रायसेन में बिजली की चिंगारी से भारी तबाही

रायसेन जिले के बम्होरी प्रतापगढ़ गांव में 11 केवी बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने किसान हाकम सिंह लोधी की 9 से 10 एकड़ गेहूं की फसल को आग का शिकार बना दिया. आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में चार‑पांच ट्रैक्टर लगाने पड़े. आग बुझाने के दौरान किसान का भतीजा तरुण झुलस गया. सूचना के बावजूद आसपास के क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे नुकसान और बढ़ गया. घटना ने क्षेत्र में दमकल व्यवस्था की कमी को उजागर किया है.

देवास के सतवास में खेतों में आग

देवास जिले के सतवास क्षेत्र में आग की दो घटनाओं से किसानों को नुकसान हुआ. चतरपुरा में बामनी तालाब के पास एक खेत में लगी आग से गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई और लाखों का नुकसान हुआ. पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया. वहीं भैरूपुरा गांव के पास खेतों में लगी आग लगभग 40 एकड़ तक फैल गई, हालांकि यह केवल नरवाई तक सीमित रही. फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया.

Advertisement

सतना में ट्रांसफार्मर बना आग की वजह

सतना जिले की नागौद तहसील के अतरोरा कला और करहिया कला गांवों में खेत पर लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने गेहूं की खड़ी फसल को आग के हवाले कर दिया. किसान राजाभैया पटेल के खेत में करीब 100 क्विंटल गेहूं जलकर नष्ट हो गया. कई अन्य किसानों की फसल भी आग की चपेट में आई. सूचना पर दमकल वाहन पहुंचा और आग पर काबू पाया गया. प्रशासन ने नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है.

सिवनी में 200 एकड़ से ज्यादा फसल राख

सिवनी जिले के कुरई विकासखंड अंतर्गत चक्की खमरिया गांव के पास अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 200 एकड़ से अधिक खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई. आग की सूचना मिलते ही गांव में भगदड़ मच गई. दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच पाए, वहीं जिले में दमकल संसाधनों की कमी के कारण आग पर नियंत्रण पाना बेहद मुश्किल साबित हुआ.

Advertisement