Gas Cylinder Bier Protest: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के लटेरी कस्बे में बढ़ती महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया. गैस सिलेंडर, बिजली के बढ़ते बिल और पेट्रोल‑डीजल की कीमतों से परेशान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर और बिजली बिलों की अर्थी निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इतना ही नहीं कुछ कांग्रेसी सिलेंडर पर सिर पटक-पटककर रोते हुए भी दिखे. इस दौरान पूरे इलाके में नारेबाजी गूंजती रही और प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा.
महंगाई को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लटेरी में बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर हमला बोला. प्रदर्शनकारी सिरोंज चौराहे से जय स्तंभ चौराहे तक रैली निकालते हुए आगे बढ़े. हाथों में बैनर‑पोस्टर लेकर कार्यकर्ता गैस सिलेंडर, बिजली बिल और ईंधन की कीमतों के खिलाफ नारे लगाते नजर आए.
गैस टंकी और बिजली बिलों की निकाली अर्थी
इस विरोध प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर और बिजली बिलों की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली. कुछ कार्यकर्ता गैस सिलेंडर को अर्थी पर लिटाकर चलते दिखाई दिए, तो कुछ सिलेंडर पर माथा पटक‑पटक कर विलाप करते नजर आए. यह प्रदर्शन आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को दर्शाने के लिए किया गया.
रैली के बाद चौराहे पर धरना
रैली के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौराहे पर धरना दिया. यहां सरकार की नीतियों की आलोचना की गई और लोगों से महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं. महंगाई के मुद्दे के साथ‑साथ कांग्रेस ने स्थानीय शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए. कार्यकर्ताओं ने सांदीपनी विद्यालय के खराब परीक्षा परिणाम को लेकर नाराजगी जताई और इसके लिए जिम्मेदार शिक्षकों के स्थानांतरण की मांग की.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से आम जनता परेशान है. यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा. इस अनोखे प्रदर्शन ने लटेरी में सियासी माहौल को गर्मा दिया है.