2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Hindi News Live Updates: राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु शनिवार, 7 फरवरी 2026 को आदिवासी संस्कृति का महाकुंभ ‘बस्तर पण्डुम-2026‘ का शुभारंभ कीं. जिसमें राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा शामिल हुए. वहीं मध्य प्रदेश में फरवरी महीने में भी सर्दी का कहर जारी है. कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है. यहां पढ़िए मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की शनिवार, 7 फरवरी 2026 की ताजा खबरें...

Feb 07, 2026 23:11 (IST)

Chhattisgarh News Live: बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए रायगढ़ जिला पुलिस का निर्देश

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में बैंक सुरक्षा व्यवस्था की सघन जांच के लिए औचक अभियान चलाया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्थित बैंकों और वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण किया गया. अभियान के दौरान अलार्म सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, बैंक गार्ड व आर्म्स गार्ड के शस्त्र–लाइसेंस, चेस्ट व लॉकर सुरक्षा, कैश मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था तथा अग्निशमन सुविधा की बारीकी से जांच की गई. पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा गार्डों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं.

Feb 07, 2026 21:56 (IST)

IND vs USA LIVE: चक्रवर्ती ने एक ओवर में दिए दो रन

वरुण चक्रवर्ती ने एक ओवर में सिर्फ 2 रन दिए. संजय और मिलिंद के बीच साझेदारी 29 रनों की हुई है. आखिरी के पांच ओवरों में 29 रन आए हैं. अमेरिका के लिए जरूरी रन रेट 11 पार कर चुका है. भारतीय टीम की जीत की संभावना 82 फीसदी की है. 9.0 ओवर: अमेरिका 41/3

Advertisement
Feb 07, 2026 21:54 (IST)

Rajim Kumbh Kalp Mela 2026: राजिम कुंभ कल्प का नजारा फीका

छत्तीसगढ़ के प्रयाग में प्रत्येक वर्ष होने वाले राजिम कुंभ कल्प इस बार पूरी तरह से फीका नजर आ रहा है. 1 फरवरी से 15 फरवरी तक होने वाले राजिम कुंभ कल्प की छटा पूरी तरह से फीकी नजर आ रही है. मुख्य मंच में खाली पड़ी कुर्सियां दिखाती है कि लोग इस बार राजिम कुंभ कल्प के प्रति पूरी तरह उदासीन है, जिसका मुख्य कारण राजिम कुंभ कल्प के मुख्य आयोजनकर्ता इवेंट कंपनी की मनमानी रवैया है. जगह जगह बैरिकेट्स के चलते लोग मुख्य मंच तक नहीं पहुंच पा रहे है. पूरे मेला स्थल में प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी, या फिर पुलिस प्रशासन के लोग ही नजर आएंगे आम लोगों का राजिम कुंभ कल्प से इस बार कोई सरोकार नजर नहीं आ रहा है.

इवेंट कंपनी द्वारा पत्रकारों से भी बदसलूकी की कई घटनाएं सामने आ चुकी है, बावजूद इसके इवेंट कंपनी की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है. राजिम कुंभ कल्प में पहुंचे पर्यटन संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल जल्द व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की बात कहते नजर आए. वहीं कुंभ की रौनकता खत्म होने की बात पर नए स्थल होने का हवाला देते नजर आए.

Feb 07, 2026 21:51 (IST)

Jabalpur firing incident case: जबलपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी शिब्बू खान गिरफ्तार

जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुई खदान इलाके में हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मुख्य आरोपी शिब्बू खान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी थी. पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी को लालू पटेल पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें गोली चलने की पुष्टि हुई है. इस वारदात को अंजाम देने में शिब्बू खान के साथ अतुल साहू और दो नाबालिग भी शामिल थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे लेन-देन और पैसों का पुराना विवाद कारण था.

शिब्बू खान पर पहले से हत्या, लूट और हत्या के प्रयास सहित 11 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी हाल ही में जमानत पर छूटा था और दोबारा अपराध की तैयारी में था. उसके जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.

कानून का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी का उसी इलाके में जुलूस भी निकाला, जहां उसने फायरिंग कर दहशत फैलाई थी. फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मुख्य आरोपी शिब्बू खान को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.

Feb 07, 2026 21:48 (IST)

Train ticket checking: रायपुर के मांढ़र स्टेशन पर एम्बुश टिकट चेकिंग, 188 यात्री बिना टिकट के; 200 यात्रियों से वसूला गया 62,430 जुर्माना

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों में टिकट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नियमित रूप से टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में मांढ़र स्टेशन पर एम्बुश टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया गया. इस अभियान के तहत लोकल पैसेंजर ट्रेनों-

  • रायपुर-बिलासपुर मेमू (68728)
  •  गोंदिया–झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861)
  •  गेवरा रोड–रायपुर पैसेंजर (68745)
  • बिलासपुर–रायपुर पैसेंजर (58201) 
  •  गेवरा रोड–रायपुर पैसेंजर (58203) में जांच की गई. जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 188 मामलों से 56,415 रुपये, अनियमित टिकट के 9 मामलों से 5,515 रुपये, धूम्रपान के 2 मामलों से 400 रुपये और एक सी केस से 100 रुपये वसूल किए गए. कुल 200 मामलों से 62,430 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.

Feb 07, 2026 21:42 (IST)

Vishnu Deo Sai: 51 नक्सलियों की सरेंडर, CM साय ने कहा- 'हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटना छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि'

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने 51 नक्सलियों की सरेंडर की जानकारी दी है. उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान के तहत ₹1.61 करोड़ के इनामी कुल 51 माओवादी कैडरों-बीजापुर में 30 और सुकमा में 21 का हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटना शांति-आधारित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. हथियारों का परित्याग कर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में आस्था व्यक्त करना यह स्पष्ट संकेत देता है कि सुरक्षा, सुशासन और समावेशी प्रगति ही किसी भी क्षेत्र के दीर्घकालिक भविष्य की सुदृढ़ नींव होते हैं.

सुरक्षा बलों के समर्पण, प्रशासन की संवेदनशीलता और पुनर्वास नीति की प्रभावशीलता से बस्तर में विश्वास का नया अध्याय खुला है. राज्य सरकार सम्मानजनक पुनर्वास और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है.

Advertisement
Feb 07, 2026 21:06 (IST)

Baloda Bazar News Live: बलौदा बाजार के दामाखेड़ा का नाम अब कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा हुआ

बलौदा बाजार जिले के विकासखंड सिमगा स्थित कबीर पंथ के आस्था का प्रमुख केन्द्र दामाखेड़ा का नाम अब विधिवत कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा हो गया है. इस सम्बन्ध में राज्य शासन द्वारा राजपत्र में अधिसूचना का प्रकाशन कर  दिया गया है. उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 फ रवरी 2024 को दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह "माघी मेला" में सम्मिलित हुए थे. इस अवसर पर उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा करने की घोषणा की थी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में विगत जून माह में मंत्रिपरिषद की बैठक में दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर दामखेड़ा किए जाने का अनुमोदन किया गया था. इसके बाद अब अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है. बता दें कि कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा में प्रति वर्ष माघ पूर्णिमा के अवसर पर विशाल संत समागम समरोह एवं माघी मेले का आयोजन होता है जिसमें कबीर पंथ को मानने वाले देश -विदेश के श्रद्धालु शामिल होते हैं.

Feb 07, 2026 21:04 (IST)

IND vs USA LIVE: भारत ने USA को 162 रनो का दिया टारगेट

अमेरिका को जीत के लिए भारत ने 162 रनों का लक्ष्य दिया है. सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेली है. आखिरी गेंद पर वरुण रन आउट हुए. आखिरी ओवर से 21 रन आए हैं. सूर्या की यह पारी फैंस हमेशा याद रखने वाले हैं. पावरप्ले के अंदर ही भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे. उसके बाद रिंकू और हार्दिक भी सस्ते में पवेलियन लौटे. टीम इंडिया ने 77 पर 6 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन सूर्यकुमार यादव एक छोर पर खड़े रहे और उन्होंने नाबाद 84 रनों की पारी से टीम के स्कोर को 150 पार पहुंचाया. शैडली वैन शाल्कविक  के लिए यह यादगार मैच होगा, जिन्होंने 4 विकेट झटके. पावरप्ले में एक ओवर के अंदर तीन विकेट. कप्तान सूर्या 49 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों के दम पर नाबाद 84 रन बनाकर नाबाद रहे.

Advertisement
Feb 07, 2026 21:03 (IST)

Bhanpuri Tar Factory Fire: भनपुरी टार फैक्ट्री में लगी आग पर पाया गया काबू, टैंकर में भरा लाखों लीटर तेल बहाया गया

भनपुरी टार फैक्ट्री में लगी आग पर पूरी तरह से काबू  पाया गया. एसडीआरएफ पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने आग बुझाने मे ताक़त झोंक दी थी. आग में काबू पाने फैक्ट्री के टैंकर में भरा लाखों लीटर तेल को बहाया गया. फैक्ट्री प्रबंधन को करोड़ो रुपये का नुकसान का अनुमान है. पुलिस आग लगने की कारणों की जांच करेगी. 

Feb 07, 2026 21:00 (IST)

Madhya Pradesh BJP Jila Incharges: मध्य प्रदेश BJP ने 62 जिला प्रभारियों की घोषणा की, यहां देखिए लिस्ट

मध्‍य प्रदेश भाजपा ने शनिवार शाम संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए 62 जिला प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है. यह नियुक्तियां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा की गई हैं.

इन नियुक्तियों में कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं कुछ नए चेहरों को भी मौका मिला है.

जिला-वार प्रभारी सूची 

चंबल संभाग

  • मुरैना-राजू व्यास
  • भिंड-हमीर सिंह राठौर
  • दतिया-गजेंद्र स‍िकरवार

ग्वालियर संभाग

  • ग्वालियर नगर-गोपिकृष्ण नेमा
  • ग्वालियर ग्रामीण-गोपाल आचार्य
  • श्योपुर-कमल माखीजानी
  • शिवपुरी-नंदक‍िशोर नाप‍ित
  • गुना-राजेंद्र राजपूत
  • अशोकनगर-शैलेन्द्र जैन

सागर संभाग

  • सागर-लोकेंद्र पाराशर
  • सागर ग्रामीण-सदानंंद गौतम 
  • टीकमगढ़-पुष्पेंद्रनाथ पाठक
  • निवाड़ी-दीपक सिंह भदौर‍िया
  • छतरपुर-नीरज मनोर‍िया
  • दमोह-अर्चना सिंह
  • पन्ना-जावेद सिंह

रीवा संभाग

  • रीवा-रव‍िद्र चौहान
  • मऊगंज-शशांक श्रीवास्तव
  • सतना-जी.एस. ठाकुर
  • मैहर-नंद‍िता पाठक
  • सीधी-नरेंद्र त्रिपाठी
  • सिंगरौली-विनोद यादव

शहडोल संभाग

  • शहडोल-अभ‍िलाष पाण्डेय
  • अनूपपुर-संजय साहू
  • उमरिया-राजेन्द्र पाण्डेय

जबलपुर संभाग

  • जबलपुर नगर-आलोक संजर
  • जबलपुर ग्रामीण-मनीषा सिंह
  • कटनी-सुजीत जैन
  • डिंडौरी-कमल प्रताप स‍िंह
  • मंडला-रमेश भटेरे 
  • नरसिंहपुर-शरद जैन

छिंदवाड़ा संभाग

  • बालाघाट-अभ‍िलाष मिश्रा
  • सिवनी-अशोक रोहाणी
  • छिंदवाड़ा-आदित्य शुक्ला (बबला)
  • पांढुर्णा-दीपांकर बैनर्जी 

नर्मदापुरम संभाग

  • नर्मदापुरम-अकलेश आर्य
  • हरदा-डॉ. प्रभुराम चौधरी
  • बैतूल-सुदर्शन गुप्‍ता

भोपाल संभाग

  • भोपाल नगर-जसवंत सिंह हाड़ा
  • भोपाल ग्रामीण-प्रदीप लार‍िया
  • राजगढ़- ध्रुवनारायण सिंह
  • विदिशा-सीताराम यादव 
  • सीहोर-विकास वीरानी 
  • रायसेन-राजो मालवीय

इंदौर संभाग

  • इंदौर नगर-राजेश सोलंकी
  • इंदौर ग्रामीण-शैलेंद्र डागा
  • धार-सुभाष कोठारी
  • धार ग्रामीण-राधेश्‍याम यादव
  • आलीराजपुर-दिलीप पटोद‍िया
  • झाबुआ-राजेंद्र राठौर

न‍िमाड़ संभाग

  • खण्डवा-अंबाराम कराड़ा
  • बुरहानपुर-क्षि‍त‍िज भटट
  • खरगोन-संगीता सोनी
  • बड़वानी-बाबूलाल यादव

उज्जैन संभाग

  • उज्जैन नगर-बजरंग पुरोहित
  • उज्जैन ग्रामीण-बबीता परमार
  • शाजापुर-प्रभूलाल जाटव
  • आगर-जयदीप पटेल
  • देवास-धनंजय शर्मा

मंदसौर संभाग

  • रतलाम-व‍िवेक जोशी
  • मंदसौर-दिलीप सकलेचा
  • नीमच-सुभाष पटेल (पूर्व सांसद)

Feb 07, 2026 20:47 (IST)

Baloda Bazar: सोशल मीडिया क्रेज, फेयरवेल में जान दांव पर लगाकर स्कूली छात्रों ने की स्टंटबाजी,

सोशल मीडिया पर चंद सेकेंड की लोकप्रियता के लिए छात्र जिंदगी को दांव पर लगा रहे हैं. खासकर फेयरवेल जैसे भावुक और यादगार मौके को रोमांच और दिखावे की होड़ में खतरनाक स्टंट में बदलने की बात सामने आई है. तेज रफ्तार लग्जरी कार और ट्रैक्टर पर लटकते, बोनट पर बैठे और चलते काफिलों में रील बनाते छात्रों के दृश्य अब बलौदा बाजार जिले के गांव-गांव से सामने आने लगे हैं. कटगी, कसडोल और अब छेछर से वायरल हो रहे वीडियो यह साफ संकेत दे रहे हैं कि यह सिर्फ शौक नहीं, बल्कि एक जानलेवा ट्रेंड बनता जा रहा है.

Feb 07, 2026 20:43 (IST)

Madhya Pradesh News: 8 फरवरी को शहडोल के दौरे पर मोहन यादव, माता शबरी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव जयसिंहनगर के  गंधिया गांव मे स्थित पवित्र सीतामढ़ी धाम पहुंचकर माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री 767 करोड़ रुपये की लागत वाले 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर शहडोल को विकास की नई सौगात देंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री धनपुरी में नगरपालिका द्वारा करोड़ों की लागत से निर्मित धनपुरी वाटर पार्क का उद्घाटन करेंगे और SECL द्वारा अधिग्रहित की गई भूमि के 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे.

Feb 07, 2026 20:08 (IST)

Seoni hawala robbery: सिवनी हवाला लूट कांड, मोबाइल चैट्स की ठोस रिकवरी नहीं, हाई कोर्ट से मिली जमानत

सिवनी के बहुचर्चित 2.97 करोड़ रुपये हवाला लूट कांड में आरोपित वीरेंद्र दीक्षित को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है. न्यायमूर्ति डी.एन. मिश्रा की एकलपीठ ने यह राहत प्रदान की. वीरेंद्र दीक्षित इस मामले की मुख्य आरोपित, तत्कालीन एसडीओपी पूजा पांडे के बहनोई बताए गए हैं. अभियोजन पक्ष का आरोप था कि घटना के दौरान वीरेंद्र दीक्षित और पूजा पांडे के बीच कई बार फोन पर बातचीत हुई और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए अपराध के लिए उकसाने का प्रयास किया गया. इन्हीं डिजिटल साक्ष्यों को सहभागिता का आधार बनाते हुए उनकी गिरफ्तारी की गई थी.

Feb 07, 2026 20:05 (IST)

IND vs USA LIVE: हार्दिक पांड्या 5 रन बनाकर आउट, भारत को लगा छठा झटका

हार्दिक पांड्या 5 रन बनाकर आउट, भारत को लगा छठा झटका

Feb 07, 2026 19:47 (IST)

Kawasi Lakhma: सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत के बाद सुकमा पहुंचे कवासी लखमा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत के बाद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा शनिवार को सुकमा पहुंचे. उनके आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह जोशीला स्वागत किया. काफिले के साथ भारी भीड़ चली, नारे गूंजे और आतिशबाजी से माहौल राजनीतिक रंग में रंगा दिखा.

Feb 07, 2026 19:44 (IST)

IND vs USA LIVE: भारत का चौथा विकेट गिरा, वैन शल्कविक ने एक ओवर में 3 विकेट

भारत को चौथा झटका लगा. वहीं USA के वैन शल्कविक ने एक ओवर में 3 विकेट, पावरप्ले में भारत 46/4

Feb 07, 2026 19:41 (IST)

Surajkund Fair: सूरजकुंड मेले में झूला गिरा, 9 लोग घायल

सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से 9 लोग घायल हो गए. हरियाणा के सूरजकुंड मेले में लगा झूला टूटकर गिरा. 9 लोगों के घायल होने की खबर है. सूरजकुंड मेले में दूसरा हादसा है. इससे पहले गेट गिरने से दो लोग घायल हो गए थे. फिलहाल सभी को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Feb 07, 2026 19:04 (IST)

Madhya Pradesh News LIVE: 3,50 करोड़ के घोटाले मामले में नैनपुर तहसील के तहसीलदार के खिलाफ FIR दर्ज

मण्डला जिले की नैनपुर तहसील के तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. लोकायुक्त जबलपुर ने तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. इसके अलावा एक अन्य अखिलेश मेबन, पूर्व चेयरमैन जॉय एजुकेशन सोसायटी पर भी एफआईआर दर्ज किया गया है. करोड़ों की जमीन घोटाले में एफआईआर दर्ज किया गया है. उन्होंने जबलपुर के अधारताल तहसील में रहते हुए जमीन घोटाला किया था. जानकारी के मुताबिक, करीब 3,50 करोड़ का घोटाला हुआ था.

Feb 07, 2026 18:58 (IST)

IND vs USA LIVE: बुमराह बाहर, सिराज को मौका

टॉस के दौरान भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन और वाशिंगटन सुंदर को मौका नहीं दिया गया है. बुमराह बीमार हैं और उनकी जगह सिराज को मौका दिया गया है.

Feb 07, 2026 18:57 (IST)

IND vs USA LIVE: भारतीय टीम करेगी पहले बैटिंग, यूएसए ने जीता टॉस

भारतीय टीम पहले बैटिंग करेगी. अमेरिकी कप्तान मोनाक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है. 

Feb 07, 2026 18:30 (IST)

Madhya Pradesh News Live: सड़क किनारे भारी मात्रा में मिला मेडिकल वेस्ट, मचा हड़कंप

बैतूल जिले में मुलताई के समीप ग्राम पारड़सिंगा में सड़क किनारे बड़ी मात्रा में मेडिकल वेस्ट मिलने से हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया. बीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. मेडिकल वेस्ट के स्रोत और निस्तारण को लेकर जांच की जा रही है. मामला सरकारी सप्लाई या नियमों के उल्लंघन से जुड़ा पाया गया. तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Feb 07, 2026 18:25 (IST)

Chhattisgarh News Live: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामला एक और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में नाबालिग से 6-7 वर्षों तक सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक और फरार आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी राजू कश्यप (उर्फ कृपा शंकर कश्यप) लोक निर्माण विभाग (PWD) में टाइमकीपर के पद पर तैनात है. मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था, लेकिन लगातार छानबीन और खोजबीन के बाद पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है.

Feb 07, 2026 18:23 (IST)

Madhya Pradesh News Live: रायगढ़ में 12 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त, गोविंद भट्ट गिरफ्तार

रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया है. सोनूमुड़ा देवारपारा में ओडिशा से गांजा लाकर घर में छुपाकर बेचने की सूचना पर की गई रेड में गोविंद भट्ट उर्फ बुटू को गिरफ्तार किया गया. मौके से 2 लाख 50 हज़ार कीमत का गांजा और 3500 रु. नगद बरामद हुआ. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

Feb 07, 2026 18:06 (IST)

Janjgir Champa Accident: जांजगीर चांपा में तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी टक्कर; दो की मौतं

जांजगीर चांपा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहां अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को  ठोकर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई. सूचना के बाद मौके पर अकलतरा पुलिस पहुंची और स्कॉर्पियों ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही तनावपूर्ण स्थिति को सामान्य कर पुलिस मृतकों की पहचान में जुटी है. यह मामला अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम  खटोला गांव का है. 

Feb 07, 2026 18:03 (IST)

Shiv Navratri 2026: शिव नवरात्रि के दूसरे दिन बाबा महाकाल को वस्त्र धारण करवाए

मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिवनवरात्रि के दूसरे दिन शनिवार सुबह परंपरानुसार कोटेश्वर महादेव की पूजा की गई. तत्पश्चात शाम को बाबा का राजा स्वरूप में शृंगार कर वस्त्र धारण करवाए गए. दरअसल, पूरे देश में 12 ज्योतिर्लिंग में से एक महाकाल मंदिर में शिवनवरात्रि मनाई जाती है. इस पर्व की शुरुआत शुक्रवार से हुई. पहले दिन की ही तर्ज पर शनिवार सुबह कोटितीर्थ स्थित कोटेश्वर महादेव की मुख्य पुजारी घनश्याम शर्मा ने पूजा की. इस दौरान उनके सानिध्य में 11 पुजारियों ने गर्भगृह में महाकाल का पंचामृत पूजन और एकादश-एकादशनी रूद्राभिषेक किया.

Feb 07, 2026 18:01 (IST)

Maihar school repairing scam: मैहर स्कूल रिपेयरिंग घोटाला में 7 और प्राचार्य निलंबित

मैहर स्कूल रिपेयरिंग घोटाला में 7 और प्राचार्य निलंबित कर दिए गए हैं. यह कार्रवाई संभागायुक्त बीएस जामोद ने की है. बता दें कि इस मामले में अब तक 16 प्राचार्य निलंबित हो चुके हैं. 

Feb 07, 2026 17:12 (IST)

Vidisha News Live: विदिशा में अनोखी शादी! दूल्हा घोड़ी पर... पीछे-पीछे बैलगाड़ियों पर सजी बारात

विदिशा जिले की तहसील सिरोंज में एक ऐसी शादी हुई, जिसने आधुनिकता के शोर में परंपरा की आवाज़ को फिर से ज़िंदा कर दिया. यहां न तो लग्ज़री कारें थीं, न ही तामझाम…दूल्हा घोड़ी पर आगे-आगे चला…

और पीछे-पीछे बैलगाड़ियों पर सजी बारात. जिसने देखा, वो पल को अपने मोबाइल में कैद करने से खुद को रोक नहीं पाया.

Feb 07, 2026 17:07 (IST)

Amit Shah Visit to Chhattisgarh: अमित शाह पहुंचे रायपुर, एयरपोर्ट पर सीएम विष्णु देव साय ने किया स्वागत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर सीएम विष्णु देव साय ने शाह का स्वागत किया. 

Feb 07, 2026 17:05 (IST)

Madhya Pradesh News: बाछड़ा समाज के विरुद्ध जातिसूचक टिप्पणी का मामला गरमाया

बाछड़ा समाज के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के कथित बयान को लेकर समाज के लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा और SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है. आरोप है कि माननखेड़ा पुलिस चौकी परिसर में ज्ञापन के दौरान जीवन सिंह शेरपुर ने सार्वजनिक रूप से कहा कि “बाछड़ा समाज के लोग देह-व्यापार करते हैं”.

Feb 07, 2026 17:02 (IST)

Madhya Pradesh News: CM के निर्देश से दिनेश प्रजापत के परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान, काम न होने से कलेक्टर की जनसुनवाई में फूटा था गुस्सा

एसआईआर में नाम कट गया था. इसके बाद इंदौर के रहने वाले दिनेश प्रजापत अपनी बुढ़ी मां के साथ इंदौर कलेक्टर की जनसुनवाई में बार-बार आ रहे थे. लेकिन समाधान की जगह उन्हें तारीख पर तारीख मिल रही थी. इसके बाद मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में उनका गुस्सा फूट पड़ा हो. वो चीख-चीखकर कहने लगे कि तुम काहे का कलेक्टर हो... गरीबों की सुनते नहीं है. उनकी ये चीख मुख्यमंत्री तक पहुंच गई.जिसका सामाधान मुख्यमंत्री ने निकला और अधिकारियों को निर्देश दिए. सीएम यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी.

सीएम मोहन ने कहा, 'इंदौर में हुए इस प्रकरण को संज्ञान लेते हुए‌ दिनेश प्रजापत और उनकी माता रामप्यारी बाई की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया गया है. परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल KYC कर पेंशन प्रक्रिया शुरू कराई गई और अरविंदो अस्पताल में उपचार की व्यवस्था की गई है. उन्होंने आगे कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ ही BLO द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है.'

Feb 07, 2026 16:35 (IST)

Madhya Pradesh News: अब दिल्ली से नहीं गांवों से चलेगा कृषि मंत्रालय, देशभर में खुलेंगी 55 हजार दाल मिलें

खेती की योजनाएं अब दिल्ली के एयरकंडीशंड कमरों और कंक्रीट के जंगलों में नहीं, बल्कि खेतों की मिट्टी के बीच बनेंगी. यह बात शनिवार को अमलाहा के इकार्डा में आयोजित राष्ट्रीय दलहन सम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही. चौहान ने स्पष्ट किया कि कृषि मंत्रालय अब मुख्यालय से नहीं बल्कि गांव की चौपालों से चलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने देशभर में 55 हजार और मध्य प्रदेश में 1 हजार नई दाल मिलें खोलने का ऐतिहासिक ऐलान किया.

Feb 07, 2026 16:33 (IST)

Chhattisgarh Naxal: नेशनल पार्क एरिया कमेटी की सचिव मंगी पुनेम समेत 85 लाख के इनामी 30 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

नेशनल पार्क एरिया कमेटी की सचिव मंगी पुनेम समेत 85 लाख के ईनामी कुल 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण करने एसपी कार्यालय बीजापुर पहुंचे. बीजापुर एसपी और DIG CRPF के समक्ष किया सरेंडर.

Feb 07, 2026 16:15 (IST)

Bastar Pandum 2026: बस्तर क्षेत्र के लोगों ने भाई-चारे और समाज-सेवा के अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों ने भाई-चारे और समाज-सेवा के अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं. वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार विजेताओं में इस क्षेत्र के डॉक्टर बुधरी ताती और डॉक्टर रामचन्द्र गोडबोले और उनकी पत्नी सुनीता गोडबोले शामिल हैं. ये पुरस्कार महिला सशक्तीकरण, आदिवासी उत्थान, समाज सेवा और अत्यंत सुदूर आदिवासी इलाकों में मुफ्त चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए दिये जाएंगे. निस्वार्थ सेवा करने वाले ऐसे लोगों के बल पर ही हमारा समाज एक समावेशी और संवेदनशील समाज बन पाएगा.

Feb 07, 2026 16:13 (IST)

Bastar Pandum 2026: हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटे सभी लोगों की सराहना करती हूं- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि मैं हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटे सभी लोगों की सराहना करती हूं. मेरा उनसे अनुरोध है कि देश के संविधान और लोकतन्त्र में वे पूरी आस्था रखें. बस आपको इस व्यवस्था में विश्वास रखते हुए मेहनत व लगन से आगे बढ़ना है. यह लोकतन्त्र की ताकत ही है कि ओड़िशा के एक छोटे से गांव की यह बेटी, भारत की राष्ट्रपति के रूप में आपको संबोधित कर रही है.

उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों का कल्याण करना सरकार की विशेष प्राथमिकता है. पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सबसे पिछड़ी जनजातियों के गांवों को विकास से जोड़ा जा रहा है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि शिक्षा, व्यक्तिगत और सामुदायिक विकास की आधारशिला है. मैं जब भी जनजातीय भाई-बहनों से मिलती हूं, उनको शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करने का प्रयत्न करती हूं. जनजातीय क्षेत्र के बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण कर सकें इसके लिए उन क्षेत्रों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खोले गए हैं. मेरा सभी माता-पिता और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने बच्चों को पढ़ाएं. इसी से छत्तीसगढ़ और भारत का भविष्य उज्ज्वल होगा.

Feb 07, 2026 16:09 (IST)

Bastar Pandum 2026: बस्तर में विकास का नया सूर्योदय हो रहा- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि मुझे बताया गया है कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में पहले माओवाद से प्रभावित रहे लोगों ने आत्मसमर्पण किया है. सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि जो लोग हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे हैं, वो सामान्य जीवन जी सकें. उनके लिए अनेक विकास और कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं. राज्य सरकार की ‘नियद नेल्लानार योजना’ ग्रामीणों के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास और इस क्षेत्र के लोगों के सहयोग के बल पर आज बस्तर में विकास का नया सूर्योदय हो रहा है. गांव-गांव में बिजली, सड़क, पानी की सुविधा उपलब्ध हो रही है. वर्षों से बंद विद्यालय फिर से खुल रहे हैं और बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. यह बहुत ही सुखद तस्वीर है जो सभी देशवासियों में खुशी का संचार कर रहा है.

Feb 07, 2026 16:08 (IST)

Bastar Pandum 2026: दुर्भाग्य से चार दशकों तक बस्तर क्षेत्र माओवाद से ग्रस्त रहा- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि बस्तर की सुंदरता और यहां की संस्कृति हमेशा से लोगों के आकर्षण का केंद्र रही है, लेकिन दुर्भाग्य से चार दशकों तक यह क्षेत्र माओवाद से ग्रस्त रहा. इस कारण यहां के निवासियों ने अनेक कष्ट झेले.  सबसे ज्यादा नुकसान यहां के युवाओं, आदिवासियों और दलित भाई-बहनों को हुआ. भारत सरकार की माओवादी आतंक पर निर्णायक कार्रवाई के परिणामस्वरूप वर्षों से व्याप्त असुरक्षा, भय और अविश्वास का वातावरण अब समाप्त हो रहा है. माओवाद से जुड़े लोग हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं जिससे नागरिकों के जीवन में शांति लौट रही है.

Feb 07, 2026 16:06 (IST)

Bastar Pandum 2026: प्राचीन संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपात और गुफाएं पर्यटकों को आकर्षित करती है-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर की जनजातीय संस्कृति की झलक देश भर के लोगों ने देखी थी. मुझे बताया गया है इस वर्ष के पंडुम में पचास हजार से अधिक लोगों द्वारा जनजातीय संस्कृति और जीवन-शैली से जुड़े अनेक प्रदर्शन किए जाएंगे. बस्तर की जनजातीय संस्कृति से देशवासियों को अवगत कराने के इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए मैं छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना करती हूं.

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनने की प्रचुर क्षमता है. यहां के उत्साही लोग और उनकी प्राचीन संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपात और गुफाएं पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम हैं. बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से पर्यटक यहां आना जरूर पसंद करेंगे. आजकल दुनिया भर में Home stay एक नये प्रकार के पर्यटन के रूप में लोकप्रिय हो रहा है. मुझे बताया गया है कि छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में अनुकूल कदम उठा रही है. 

Feb 07, 2026 16:03 (IST)

Bastar Pandum 2026: इस ऊर्वर धरती में किसान बीज छिड़कते हैं, तब यह पंडुम होता है-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि बस्तर की सुंदरता को देखकर लगता है कि मां दंतेश्वरी ने स्वयं इसे अपने हाथों से सजाया है. मौसम बदलने के साथ प्रकृति मानो करवट लेती है और यहां के लोग उत्सव मनाते हैं. जब इस ऊर्वर धरती में किसान बीज छिड़कते हैं, तब यह पंडुम होता है. जब आम का मौसम आता है, तब यह पंडुम होता है. बस्तर के लोग जीवन को उत्सव के रूप में जीते हैं. जीवन जीने का यह तरीका सभी देशवासी बस्तर के निवासियों से सीख सकते हैं.

Feb 07, 2026 16:01 (IST)

Bastar Pandum 2026: छत्तीसगढ़ आती हूं तो मुझे लगता है कि मैं अपने घर आई हूं- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव के शुभारंभ पर संबोधित करते हुए कहा कि

बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव में आप सबके बीच उपस्थित होकर मुझे हार्दिक प्रसन्नता हो रही है. मां दंतेश्वरी के इस पुण्य क्षेत्र में आने का अवसर मिलना मैं अपना सौभाग्य मानती हूं. मैं जब भी छत्तीसगढ़ आती हूं, मुझे लगता है कि मैं अपने घर आई हूं. यहां के लोगों से जो अपनत्व और स्नेह मुझे मिलता है, वह मेरे लिए अनमोल है. यह ऐसे कई नायकों की धरती है, जिन्होंने भारत भूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। मैं ऐसे सभी सपूतों की स्मृति में सादर नमन करती हूं.

Feb 07, 2026 15:52 (IST)

Madhya Pradesh News Live: अमेरिका से ना तो मक्का आएगा और ना ही दूध- शिवराज सिंह चौहान

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान बहनों और भाइयों, हमारे देश में अपोजिशन बहुत हल्ला मचा रहा था कि देश बेच दिया, किसान बेच दिए, किसान बर्बाद हो जाएंगे. लेकिन प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जो समझौता हुआ है, मैं आपको बताना चाहता हूं, हमारी सारी फसलें सुरक्षित हैं. अमेरिका से ना तो मक्का आएगा, ना गेहूं आएगा, ना चावल आएगा, ना सोया आएगा, ना पोल्ट्री उत्पाद आएगा, ना दूध आएगा, ना पनीर आएगा, ना इथेनॉल आएगा, ना ईंधन, ना तंबाकू आएगा. 

Feb 07, 2026 15:51 (IST)

Madhya Pradesh News Live: प्रधानमंत्री ने कभी देश को झुकने नहीं दिया- शिवराज सिंह चौहान

राष्ट्रीय दलहन सम्मेलन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि मैं देश नहीं झुकने दूंगा, उन्होंने हमेशा भारत का मान बढ़ाया, कभी देश झुकने नहीं दिया. कृषि मंत्री के नाते मैं गर्व से कहता हूं कि हमारे किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा हुई है- चाहे बासमती, चावल, मसाले या टेक्सटाइल हों... निर्यात बढ़ने से किसानों को नए बाजार मिले हैं और उनकी आय में और वृद्धि होगी.

Feb 07, 2026 15:48 (IST)

Chhattisgarh News Live: पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम केखिलाफ FIR दर्ज, लगा ये आरोप

दंतेवाड़ा जिला के पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम के  खिलाफ भांसी थाने में FIR दर्ज किया गया है. मसेनार में सड़क जाम कर सरकारी कर्मचारियों से गाली गलौज का लगा आरोप लगा है. आरोप है कि उन्होंने सड़क जाम कर सरकारी कर्मचारियों से गाली गलौज किया है. साथ ही जान से मारने की धमकी दी है. 

Feb 07, 2026 15:43 (IST)

Chhattisgarh News Live: बीच सड़क ट्रक रोककर ‘दादागिरी’, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर एफआईआर

दंतेवाड़ा जिले में भाजपा समर्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं. बीच सड़क पर ट्रक रोककर आवागमन बाधित करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में उनके खिलाफ भांसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने सुकमा से आई पुलिस विभाग की एफएसएल टीम से भी दुर्व्यवहार किया और सरकारी कर्मचारियों से गाली-गलौज व धमकी दी.

Feb 07, 2026 15:41 (IST)

Chhattisgarh Naxal:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास से पहले सुकमा में बड़ा सरेंडर, 21 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास से पहले सुकमा में बड़ा सरेंडर हुआ है. यहां 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है. इन नक्सलियों पर 76 लाख रुपये का इनाम घोषित है.  इन नक्सलियों ने SLR, AK 47, BGL LAUNCHER, सहित अन्य ऑटोमेटिक हथियार के साथ आत्मसमर्पण किया है. सभी नक्सली कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं. बस्तर आईजी पी. सुंदरराज और एसपी किरण चव्हाण के सामने नक्सलिों ने आत्मसमर्पण किया है. 

Feb 07, 2026 15:37 (IST)

Chhattisgarh News Live: सीएम दौरे की तैयारी या गरीबों पर बुलडोजर राज, बैकुंठपुर में चयनात्मक अतिक्रमण हटाओ अभियान

कोरिया जिले में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले प्रशासनिक अमला अचानक हरकत में आ गया है. शहर को साफ और व्यवस्थित दिखाने के नाम पर बैकुंठपुर नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया, लेकिन यह कार्रवाई अब व्यवस्था सुधार से ज्यादा सत्ता और सिस्टम की संवेदनहीनता की मिसाल बनती जा रही है. आरोप है कि अभियान पूरी तरह चयनात्मक है जहां रसूखदारों के स्थायी और वर्षों पुराने कब्जो पर आंखें मूंद ली गई हैं. वहीं गरीब ठेला-दुकानदारों और छोटे व्यापारियों पर जेसीबी की सख्ती बरसाई जा रही है.

स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि जिन चौक-चौराहों और बाजार इलाकों में प्रभावशाली लोगों के पक्के अतिक्रमण मौजूद हैं वहां कोई कार्रवाई नहीं दिख रही. इसके उलट, वीआईपी रूट में आने वाले इलाकों को प्राथमिकता पर खाली कराया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर की सजावटी तस्वीर पेश की जा सके.

Feb 07, 2026 15:35 (IST)

51 Naxalites surrender in Bijapur: आज बीजापुर में 51 नक्सली हथियारों के साथ करेंगे आत्मसमर्पण

आज बीजापुर में 51 नक्सली हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करेंगे. नक्सली AK47, SLR, इंसास रायफल, गोला बारूद और BGL के साथ समर्पण करेंगे 

Feb 07, 2026 15:33 (IST)

Madhya Pradesh News: इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करना दो युवतियों को पड़ा भारी, दोनों पर FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए लोग सीमाएं पार कर रहे हैं, लेकिन कानून की पकड़ में आने के बाद उन्हें कार्रवाई का सामना भी करना पड़ रहा है. ताजा मामला लहार क्षेत्र का है, जहां दो युवतियों ने इंस्ट्राग्राम पर आपत्तिजनक, अमर्यादित और समाज की भावनाओं को आहत करने वाले वीडियो वायरल कर दिए. वीडियो वायरल होने के बाद लोगो ने आपत्ति जताते हुई थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग युवतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है.

Feb 07, 2026 14:54 (IST)

Kuno National Park: कूनो में जन्मे पांच चीता शावक

Kuno National Park: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता आशा ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. इसी के साथ प्रदेश में जन्मे चीता शावकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, वहीं कुल चीता आबादी 35 तक पहुंच गई है. प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी. उन्होंने लिखा- यह उपलब्धि हमारे वनकर्मियों और पशु चिकित्सकों की अथक मेहनत और समर्पण को दर्शाती है. राज्य अब वन्यजीव संरक्षण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है.  

Feb 07, 2026 14:45 (IST)

Rajgarh News: टायर फटने के बाद पलटा ट्रक, फिर धू-धूकर जला

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में आगरा मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक टायर फटने से पलट गया. पलटते ही ट्रक में आग लग गई. हादसा करनवास थाना क्षेत्र के भाटखेड़ी गांव के पास हुआ. सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जन हानि नहीं हुई. बताया गया कि ट्रक में दूध पाउडर भरा था, जो महाराष्ट्र से कानपुर ले जाया जा रहा है.  ट्रक के चालक और परिचालक दोनों ठीक हैं.  

Feb 07, 2026 14:35 (IST)

Narmadapuram News: टाइगर के हमले में ग्रामीण की मौत

Tiger Attack in Madhya pradesh: नर्मदापुरम के बनखेड़ी सामान्य वन मंडल के बारादेवी गांव के रहने वाले 39 वर्षीय कमल ठाकुर की 7 फरवरी को टाइगर के हमले में मौत हो गई. कमल देर रात झिरिया गांव से अपने गांव बारादेवी लौट रहे थे, तभी रास्ते में झिरिया गांव के नजदीक अंधेरे में टाइगर ने उन पर हमला कर दिया था. घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस को दी. 

सूचना पर सामान्य वन मंडल नर्मदापुरम के उप वन मंडल सोहागपुर के एसडीओ अनिल विश्वकर्मा वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां टाइगर के हमले में मृतक कमल का शव रास्ते में पड़ा था. इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्प्ताल भेजा. इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. एसडीओ अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. टीमें टाइगर को ट्रेस करने का प्रयास कर रही हैं. 

Feb 07, 2026 13:32 (IST)

Satna News: बोरी में बांधकर नवजात को मरने के लिए छोड़ गई मां

मध्य प्रदेश के सतना जिले के भरहुत गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेरहम मां जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशु को बोरी में बांधकर जंगल क्षेत्र में स्थित पुरातत्व विभाग की बाउंड्रीवाल के अंदर छोड़कर फरार हो गई. ठंड और भूख से तड़प रहे नवजात की जान गांव के लोगों ने सरपंच और पुलिस की मदद से बचाई. बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. 

Feb 07, 2026 12:36 (IST)

National Pulses Conference: हमें कई दालें विदेशों से मंगवानी पड़ती है, बोले शविराज

Sehore National Pulses Conference Today:  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के सीहोर में किसानों से बातचीत की. उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के लिए दालों में आत्मनिर्भरता घोषित की है. अभी हमें कई दालें विदेशों से मंगवानी पड़ती हैं, हम पूर्ती नहीं कर पा रहे हैं. दलहन के उत्पादन का क्षेत्र भी बीच में घट गया और दलहन की जगह दूसरी फसल आ गई. 7 फरवरी को हम आत्मनिर्भर भारत के लिए दलहन में भारत आत्मनिर्भरता प्राप्त करे इसके लिए राष्ट्रीय संगोष्ठी कर रहे हैं. 

Feb 07, 2026 12:15 (IST)

Bastar Pandum 2026: बस्तर पंडुम का शुभारंभ, राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- ऐसा लगता है जैसे अपने घर आई हूं

Bastar Pandum 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर के लालबाग मैदान में बस्तर पंडुम 2026 के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत जय जोहार और मां दंतेश्वरी की जय बोलकर की. उन्होंने कहा कि जब भी छत्तीसगढ़ आती हूं तो ऐसा लगता है जैसे अपने घर आई हूं. यहां की सुंदरता और संस्कृति हमेशा से लोगों को आकर्षित करती है. लाइव सुनिए, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भाषण... 

Feb 07, 2026 11:56 (IST)

Ola Uber Rapido Strike: ओला, उबर और रैपीडो बाइक टैक्सी चालकों ने किया विरोध प्रदर्शन

Ola Uber Rapido Strike in Madhya Pradesh:  ओला, उबर और रैपीडो बाइक टैक्सी चालकों की हड़ताल का असर मध्य प्रदेश के भी कई शहरों में दिखाई दे रहा है. राजधानी भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर इकट्ठा होकर चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से मांगें पूरी करने की मांग की. बता दें कि ऐप बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स पूरे देश में 7 फरवरी 2026 को हड़ताल पर हैं. वे न्यूनतम किराए की अधिसूचना जारी करने की मांग कर रहे हैं. यह हड़ताल तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) की ओर से बुलाई गई है. 

Feb 07, 2026 11:51 (IST)

Bastar Pandum 2026: सीएम साय ने किया राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत

Bastar Pandum 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर राष्ट्रपति का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन, ऐतिहासिक एवं आस्था से परिपूर्ण धरती पर भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का हृदय से स्वागत और अभिनंदन है. आपका यह आगमन बस्तर अंचल सहित समस्त छत्तीसगढ़ के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का क्षण है.  आदिवासी संस्कृति, परंपरा और समृद्ध विरासत से सुसज्जित इस पावन क्षेत्र में आपकी गरिमामयी उपस्थिति प्रदेश के विकास, जनजातीय अस्मिता और नई संभावनाओं को और अधिक सशक्त करने का मार्ग प्रशस्त करेगी. 

Feb 07, 2026 11:25 (IST)

Bastar Pandum 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ पहुंची

President Draupadi Murmu Chhattisgarh visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ पहुंच गईं हैं. वे कुछ देर में बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ करेंगी. राष्ट्रपति मुर्मू करीब तीन घंटे प्रदेश में रहेंगी. यहां देखिए लाइव कार्यक्रम   

Feb 07, 2026 10:33 (IST)

Sehore News Today: बुधनी सिविल अस्पताल में शर्मनाक वसूली

Sehore News: सीहोर जिले के बुधनी में शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल का दर्जा मिलने के बाद आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद थी. लेकिन, ऐसा होता नहीं दिख रहा है. आरोप है कि सिविल अस्पताल बुधनी में डिलीवरी के बाद दाइयों ने प्रसूता के परिजनों से नवजात शिशु को देने से पहले 4000 रुपये की मांग की.  उन्होंने रुपये देने में असमर्थता जताई तो दाई ने कथित तौर पर बच्चा देने से मना कर दिया. मजबूर गरीब परिवार ने जैसे-तैसे 1500 रुपये की व्यवस्था की, तब जाकर उन्हें उनका नवजात शिशु मिला. पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई है. 

Feb 07, 2026 10:28 (IST)

Sagar News: मिशनरी स्कूल के छात्र को शिक्षक ने बेरहमी से पीटा

Sagar Crime News: मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली क्षेत्र के क्राइस्ट कॉन्वेंट मिशनरी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा नौवीं के 14 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक ने कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की. मारपीट में छात्र को चोटें आई हैं. उसके शरीर पर मारपीट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं. छात्र को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.   

 

Feb 07, 2026 09:40 (IST)

India-US Trade Agreement: सब्जी, मसाले और अनाज, ये सब अमेरिका से नहीं आएगा

India-US Trade Agreement News in Hindi: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स कर कहा कि भारत और अमेरिका व्यापार समझौते में दुग्ध उत्पादों, फलों, सब्जियों, मसालों और अन्य अनाजों को संरक्षण दिया गया है. इससे देश के किसानों के हितों की रक्षा होगी, साथ ही स्थानीय कृषि को मजबूती मिलेगी. आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा. 

Feb 07, 2026 09:22 (IST)

Narmadapuram News: कार लॉक होने के कारण नहीं निकल सके बाहर

Narmadapuram Road Accident: नर्मदापुरम जिले के पथरोटा में नहर में कार गिरने से तीन लोगों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई. तीनों कार से निकलने का प्रयास करते रहे, लेकिन गिरते ही वह लॉक हो गई थी, जिससे बाहर नहीं निकल सके. इधर, हादसे की सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची. नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम बुलाकर करीब ढाई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. इसके बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया.  नगर निरीक्षक संजीव सिंह ने बताया, एसडीआरएफ की टीम के सहयोग से कार को निकाला है. कार में तीन शव बरामद किए गए हैं, आगे की जांच जारी है." देखिए वीडियो... 

Feb 07, 2026 09:12 (IST)

National Pulses Conference: आज सीहोर में जुटेंगे 9 राज्यों के कृषि मंत्री

National Pulses Conference Today:  सीहोर जिले के ग्राम अमलाहा स्थित ICARDA परिसर में  7 फरवरी 2026 शनिवार को नेशनल पल्सेज कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 9 राज्यों के कृषि मंत्री शामिल होंगे. सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे. कार्यक्रम में मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे. सुबह 9.30 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में दलहन आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय मिशन पर उच्चस्तरीय चर्चा होगी. केंद्रीय मंत्री खेतों का भ्रमण कर किसानों से संवाद भी करेंगे. इस दौरान FLRP की अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण, पल्सेस मिशन पोर्टल का लॉन्च और किसानों को उन्नत किस्म के बीजों का वितरण किया जाएगा. मंच पर किसान, FPO, बीज उत्पादक और उद्योग प्रतिनिधि एक साथ जुटेंगे.

Feb 07, 2026 08:24 (IST)

Home Minister Amit Shah Chhattisgarh visit: शाम चार बजे रायपुर पहुंचेंगे शाह, जानें कार्यक्रम

Amit Shah Chhattisgarh visit: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे. वे शनिवार 7 फरवरी 2026 की शाम 4:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे निजी होटल के लिए रवाना होंगे. 8 फरवरी को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक शाह नक्सलवाद पर हाई लेवल मीटिंग लेंगे. इसके बाद शाम 5:00 से 6:10 बजे तक “शिफ्टिंग द लेंस” थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव में शामिल होंगे. रात्रि विश्राम रायपुर में ही करेंगे. 9 फरवरी को सुबह 11:00 बजे विशेष विमान से दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचकर बस्तर पंडूम के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर 12:05 से शाम 4:00 बजे तक कार्यक्रम में रहने के बाद शाम 4:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. 

Feb 07, 2026 08:18 (IST)

Bastar Pandum 2026: तीन घंटे छत्तीसगढ़ में रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

President Draupadi Murmu in Chhattisgarh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी शनिवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर बस्तर पहुंचेंगी. वे बस्तर पण्डुम 2026 का शुभारंभ करेंगी.  तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 9.10 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरेंगी और 10.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगी. इसके बाद लाल बाघ मैदान में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर जाएंगी. 10.55 से 11.10 बजे तक वे बस्तर पण्डुम में लगे स्टॉल्स का अवलोकन करेंगी. 11.10 से 12.15 बजे तक शुभारंभ समारोह होगा. 12.30 बजे वे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगी और 1.40 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी. इस दौरान राष्ट्रपति करीब तीन घंटे छत्तीसगढ़ में रहेंगी.

Feb 07, 2026 08:04 (IST)

Narmadapuram News: देर रात नहर में गिरी कार, तीन की मौत

Narmadapuram News Today: नर्मदापुरम जिले में देर रात बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. पथरोटा की बड़ी नहर में देर रात करीब 1 बजे केसला से आ रही कार रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी. हादसे में कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची. नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम बुलाकर करीब ढाई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया. कार अंदर तीनों युवक मृत अवस्था में मिले. शनिवार सुबह शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

Feb 07, 2026 07:51 (IST)

Chhattisgarh Weather News Today: मौसम में नहीं होगा कोई बदलाव

Chhattisgarh Weather UPdate: छत्तीसगढ़ में मौसम करवट लेता नजर नहीं आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन तक प्रदेश के मौसम में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने का अनुमान है. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया है. राजधानी रायपुर में 7 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

Feb 07, 2026 07:29 (IST)

Mika Singh in Ujjain: गायक मीका सिंह ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

Mika Singh:  गायक मीका सिंह ने शनिवार 7 फरवरी 2026 को उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए. इस दौरान उन्होंने कहा, "आज बहुत अच्छा दिन है और मुझे यहां आकर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है. मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे आरती देखने का सौभाग्य मिला. मैं हिंदुस्तान के लिए प्रार्थना करता हूं कि आप सभी खुश रहें और जब भी अवसर मिले महाकाल के दर्शन के लिए जरूर आएं. 


Feb 07, 2026 07:15 (IST)

Satna Crime News: महिला के गले से पार की सोने की चेन

Satna News: सतना शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड इलाके में दिनदहाड़े एक महिला से लूट हो गई. कोलगवां थाना क्षेत्र में ग्राम सोहास कोटर निवासी सत्यवती शर्मा अपने मायके जाने के लिए बस स्टैंड पहुंची थीं, इस दौरान दो अज्ञात युवकों ने एटीएम का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें बातों में उलझाया और सड़क किनारे ले जाकर बड़ी चालाकी से गले से सोने की चेन पार कर दी. चेन करीब दो तोले की थी, जिसकी कीमत लाखों में है. पीड़िता को जब तक चोरी का पता चला, तब तक आरोपी फरार हो गए. इसके बाद उसने थाने में केस दर्ज कराया. अब तक की जांच में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाश वारदात करते साफ नजर आ रहे हैं. 


Feb 07, 2026 06:48 (IST)

Baba Mahakal Bhasm Aarti: करें बाबा महाकाल के दर्शन

7 फरवरी 2026 शनिवार को उज्जैन श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म रमाकर बाबा का श्रृंगार किया गया. करें बाबा महाकाल के भस्म आरती श्रृंगार दर्शन.

Feb 07, 2026 06:31 (IST)

बस्तर पंडुम 2026: चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती

बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू करेंगी. राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती कर दी गई है. इस खास मौके पर राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सहित मंत्रीमण्डल के सदस्य और सांसद भी शामिल होंगे. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर...