Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत आज से मानी जा रही है और प्रदेश भर में आस्था व उत्सव का माहौल बन गया है. परंपरा के अनुसार इन नौ दिनों को मां दुर्गा की उपासना, साधना और सद्गुणों के उत्सव के रूप में देखा जाता है. श्रद्धालु मंदिरों और घरों में कलश स्थापना, घट पूजन और देवी पाठ की तैयारियों में जुटे हैं. इसी वातावरण में, सम्राट विक्रमादित्य की शौर्य गाथा को हर जिले तक ले जाने की मुहिम भी गति पकड़ रही है.
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विक्रमोत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन ने सदियों से धर्म, ज्ञान और संस्कृति की ज्योति जगाए रखी है. विक्रमोत्सव के अवसर पर उज्जैनी परंपरा और विक्रम संवत की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. 19 मार्च 2026 को सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 10 बजे सूर्य उपासना और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. श्री महाकालेश्वर मंदिर के शिखर पर ब्रह्मध्वज स्थापित किया जाएगा, और सम्राट विक्रमादित्य की वीरता गाथा मंचित की जाएगी.
जन-जागरण और नाट्य प्रस्तुति
वर्ष प्रतिपदा एवं विक्रम संवत 2083 के अवसर पर “भारत का नव वर्ष विक्रम संवत” पुस्तिका का वितरण कर आमजन को परंपरा के महत्व से परिचित कराया जाएगा. “सम्राट विक्रमादित्य” नाट्य की प्रस्तुति सभी जिलों में आयोजित होगी, ताकि नई पीढ़ी इतिहास और मूल्यों से जुड़ सके. मुख्यमंत्री भोपाल के रविन्द्र भवन में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. आयोजकों का उद्देश्य है कि नवरात्रि की साधना के साथ सांस्कृतिक गौरव का संदेश एक साथ पूरे प्रदेश में पहुंचे.
यहां पढ़ें मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ से जुड़े पल-पल का अपडेट्स...
Hotel Owner Murder: पत्थर से कूंचकर होटल संचालक को उतारा मौत के घाट
बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां सुबह-सुबह एक होटल संचालक की पत्थरों से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मामला वरला थाना क्षेत्र के बलवाड़ी गांव का है, जहां होटल सम्राट के संचालक निलेश भावसार सुबह के समय बाइक से वरला रोड की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए आरोपी मनोज बिरारे ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे निलेश सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपी ने उनके सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से निलेश मौके पर ही बेहोश हो गए. घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
Electric Poll Fell on Child Girl: बच्ची के सिर पर गिरा बिजली का पोल, अस्पताल के दरवाजे पर ही तोड़ दिया दम
Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में छात्रा पर बिजली का पोल गिर गया, जिससे 14 साल की रजिया की मौत हो गई. खंबा जिस तार से बंधा था, उसे पड़ोसी ने काट दिया था. खंबा पास खड़ी रजिया के ऊपर जा गिरा, उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पड़ोसी मौके से फरार हो गया है. मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के पठान मोहल्ला का है.
MP News in Hindi: अगले आदेश तक मध्य प्रदेश के पुलिस कर्मियों को नहीं मिलेगी छुट्टी, DGP ने लगाई रोक
Madhya Pradesh Policeman and Officials Leaves Ban: मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है. डीजीपी ने यह फैसला त्योहारों को देखते हुए लिया है. अगले आदेश तक छुट्टी पर प्रतिबंध लगाया गया है. कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी नहीं ले पाएगा. सिर्फ इमरजेंसी में ही छुट्टी मिलेगी, वो भी बड़े अफसर की मंजूरी के बाद अप्रूव होगी. प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय अहम है. आने वाले दिनों में ईद, रामनवमी त्योहार मनाए जाएंगे. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस महकमा अलर्ट पर रहेगा.
Chhattisgarh Hindi News: मरीज को अस्पताल लाने के लिए चलना पड़ा 17 किमी पैदल, कंधे पर बैठाकर लाए ग्रामीण
Villagers Carried Patient on Shoulder to 17 KM in Gariaband: गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक से एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की बदहाली की तस्वीर सामने आई है, जहां सड़क के अभाव में एक बीमार ग्रामीण को लकड़ी के कांवर में लिटाकर 17 किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा. आजादी के दशकों बाद भी पहाड़ ऊपर बसे गांवों में पक्की सड़क नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. यह घटना आदिवासी विकासखंड मैनपुर के भालूडिग्गी गांव की है. जहां कमार जनजाति के मन्नू नेताम की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई. गांव तक एम्बुलेंस पहुंचने का कोई रास्ता नहीं होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर लकड़ी और बांस से एक कांवर तैयार किया और पथरीले रास्तों से होते हुए 17 किलोमीटर पैदल चलकर कुल्हाड़ी-घाट पहुंचे. कुल्हाड़ी-घाट पहुंचने के बाद भी परिजनों की परेशानी खत्म नहीं हुई, वहां 108 संजीवनी एक्सप्रेस से संपर्क नहीं हो पाने के कारण मरीज को एक निजी वाहन किराए पर लेकर मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
Indore Fire Death: इंदौर जाएंगे सीएम डॉ मोहन यादव, मृतकों के परिवार से मिलेंगे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने गुरुवार को दोपहर 1 बजे इंदौर जाएंगे, जहां वह तिलकगनर थाना क्षेत्र के ब्रिजेश्वरी एनेक्स में हुए अग्निकांड में 8 मृतकों के परिवार से मिलेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे. मुख्यमंत्री डॉ यादव 1:30 बजे प्रदेश स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान के तृतीय चरण का इंदौर के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निपानिया में स्थित तालाब पर आयोजित कार्यक्रम में शुभारंभ करेंगे. पिछले दो चरणों में 3:50 लाख से अधिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के साथ नए निर्माण कार्य, भू जल स्तर में वृद्धि और खेतों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं.
जशपुर जाएंगे सीएम साय
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय गृह जिला जशपुर का दौरा करेंगे. वह रायपुर से 12 बजे जशपुर रवाना होंगे, जहां बगिया गांव में दीपू बगीचा में सरहुल पूजा में शामिल होंगे. दोपहर 2:30 बजे सारनटोली जाएंगे, जहां कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर 3 बजे जशपुर कल्याण आश्रम जाएंगे, फिर सीएम साय शाम 4 बजे रायपुर रवाना हो जाएंगे.
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज पारित होंगे कई विधेयक, अहम मुद्दों पर भी होगी चर्चा
Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज 14वां दिन है. डिप्टी CM विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सवालों के जवाब देंगे. सदन में वितरित फोर्टीफाइड चावल में अनियमितता मामले में ध्यानाकर्षण होगा. इसके अलावा विधायक ओंकार साहू PDS पर और दूसरा ध्यानाकर्षण विधायक सुशांत शुक्ला लगाएंगे. साथ ही विशेष सहायता योजना की राशि व्यय अनियमितता पर ध्यानाकर्षण होगा. सदन में आज कुछ अहम विधेयक पारित होंगे. धर्म स्वातंत्र्य विधेयक के पुनः स्थापन पर निगाहें होंगे.
- छग नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक पर होगी चर्चा
- छग गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक होगा पारित
- विधायक सुशांत शुक्ला के तारांकित प्रश्न पर आधे घंटे की होगी चर्चा
- खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री देंगे जवाब
Surajpur Coal Mine Loot: गायत्री खदान में पुलिस की दबिश, बड़ी मात्रा में कोयला और 13 बाइक बरामद
CG Hindi News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गायत्री खदान में देर रात अचानक दबिश दी. मौके से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से चोरी का कोयला जब्त किया. दरअसल, कोतवाली थाना इलाके के खदानों से लगातार कोयला चोरी हो रही थी. पुलिस अधीक्षक ने SDOP और विश्रामपुर थाना प्रभारी की एक टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस ने करीब 450 बोरी, यानी लगभग 33 टन कोयला बरामद किया. इसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है. इसके साथ ही 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल भी लावारिस हालत में मिलीं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है.
Madhya Pradesh Hindi News: गल्ला व्यापारी के साथ हुई तीन लाख की लूट, तीन अज्ञात बाइक सवार ने दिया अंजाम
Chhatarpur Loot: छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र में पठा बाबा ग्रेनाइट के पास तीन लाख रुपये की लूट हो गई. घटना को तीन अज्ञात बाइक सवार लोगों ने अंजाम दिया. गल्ला व्यापारी अपना अनाज बेचकर महोबा मंडी से बारीगढ़ जा रहे थे, तभी घात लगाए बैठे तीन अज्ञात लोगों ने मारपीट कर लूट की. वह रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए. कई थानों की पुलिस तलाशी में लगी हुई है.
Pitambara Shakti Pith Mandir: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन पीतांबरा शक्ति पीठ मंदिर में लगी भीड़
Chaitra Navratri 2026: चैत्र नवरात्र की आज से शुरूआत हो गई है. नवरात्र में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा का विधान है. इसकी शुरुआत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना के साथ होती है. इस दिन कलश स्थापना के बाद ही लोग उपवास और देवी की विधिवत पूजा आरंभ करते हैं. हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व होता है और इसे मां दुर्गा की उपासना का सबसे महत्वपूर्ण समय माना जाता है. नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में मां के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है. बता दें कि दतिया का पीतांबरा मंदिर जप, तप और साधना के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है. यही वजह है कि नवरात्रि के पहले दिन ही देशभर से भक्त पहुंच रहे हैं. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Chaitra Navratri: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन दंतेश्वरी मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन दंतेश्वरी मंदिर (Danteshwari Mandir) में श्रद्धालु देवी मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ के रूप में पूजा जाता है. आज शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की जाती है.
Chaitra Navratri Mela in Satna: आज से मां शारदा देवी मंदिर में लगेगा नवरात्र मेला, कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे दर्शन
सतना जिले के मैहर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर (Sharda Devi Mandir) में चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri) के अवसर पर आज से आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है. 9 दिन तक मेला लगा रहेगा. इस दौरान मैहर जिला प्रशासन ने तैयारियां चुस्त-दुरुस्त कर ली हैं. करीब पांच सैकड़ा से अधिक पुलिस सुरक्षा में तैनात की गई है. वहीं, 16 कार्यपालिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं. यही नहीं मां शारदा देवी के वीआईपी दर्शन नहीं होंगे. त्रिकूट पर्वत की लगभग 600 फीट ऊंची चोटी पर विराजमान माता शारदा के दर्शन के लिए देशभर से हजारों-लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गूंज रहा है और वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.
Chaitra Navratri: चैत्र नवरात्रि पर खजुराहो में चंदेलकालीन देवी जगदंबी मंदिर के खुले कपाट
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध खजुराहो में स्थित चंदेलकालीन देवी जगदंबी मंदिर (Chandel-era Devi Jagadambi Temple) में चैत्र नवरात्र के अवसर पर गर्भगृह के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पश्चिमी मंदिर समूह में 9 दिनों तक देवी पूजन और जल अर्पण के लिए श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है. सुबह सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठता है. इस मंदिर में माता पार्वती को देवी जगदंबी के रूप में पूजा जाता है. मान्यता है कि नवरात्र के दौरान माता अपने अलग-अलग स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देती हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है.
इतिहास के अनुसार 9वीं से 11वीं शताब्दी के बीच चंदेल वंश के राजाओं ने खजुराहो में अनेक भव्य मंदिरों का निर्माण कराया. यह मंदिर मूल रूप से भगवान विष्णु को समर्पित था, लेकिन बाद में इसके गर्भगृह में माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित की गई, जो कालांतर में देवी जगदंबी के रूप में प्रसिद्ध हुई.
MP Weather Forecast Update: मध्य प्रदेश मौसम अपडेट
MP Weather News: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है. राज्य के कई जिलों में बुधवार को बादलों की आवाजाही देखने को मिली. वहीं, आज आंधी और बारिश की संभावना है. इससे चिलचिलाती धूप से भी लोगों को राहत मिलेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के कुछ दिनों का तक बादलों की आवाजाही की दौर रह सकता है. इससे तापमान में भी हल्की गिरावट आएगी. IMD के अनुसार, 19 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इनमें अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.