Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत आज से मानी जा रही है और प्रदेश भर में आस्था व उत्सव का माहौल बन गया है. परंपरा के अनुसार इन नौ दिनों को मां दुर्गा की उपासना, साधना और सद्गुणों के उत्सव के रूप में देखा जाता है. श्रद्धालु मंदिरों और घरों में कलश स्थापना, घट पूजन और देवी पाठ की तैयारियों में जुटे हैं. इसी वातावरण में, सम्राट विक्रमादित्य की शौर्य गाथा को हर जिले तक ले जाने की मुहिम भी गति पकड़ रही है.
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विक्रमोत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन ने सदियों से धर्म, ज्ञान और संस्कृति की ज्योति जगाए रखी है. विक्रमोत्सव के अवसर पर उज्जैनी परंपरा और विक्रम संवत की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. 19 मार्च 2026 को सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 10 बजे सूर्य उपासना और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. श्री महाकालेश्वर मंदिर के शिखर पर ब्रह्मध्वज स्थापित किया जाएगा, और सम्राट विक्रमादित्य की वीरता गाथा मंचित की जाएगी.
जन-जागरण और नाट्य प्रस्तुति
वर्ष प्रतिपदा एवं विक्रम संवत 2083 के अवसर पर “भारत का नव वर्ष विक्रम संवत” पुस्तिका का वितरण कर आमजन को परंपरा के महत्व से परिचित कराया जाएगा. “सम्राट विक्रमादित्य” नाट्य की प्रस्तुति सभी जिलों में आयोजित होगी, ताकि नई पीढ़ी इतिहास और मूल्यों से जुड़ सके. मुख्यमंत्री भोपाल के रविन्द्र भवन में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. आयोजकों का उद्देश्य है कि नवरात्रि की साधना के साथ सांस्कृतिक गौरव का संदेश एक साथ पूरे प्रदेश में पहुंचे.
यहां पढ़ें मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ से जुड़े पल-पल का अपडेट्स...
Chaitra Navratri: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन दंतेश्वरी मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन दंतेश्वरी मंदिर (Danteshwari Mandir) में श्रद्धालु देवी मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ के रूप में पूजा जाता है. आज शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की जाती है.
Chaitra Navratri Mela in Satna: आज से मां शारदा देवी मंदिर में लगेगा नवरात्र मेला, कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे दर्शन
सतना जिले के मैहर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर (Sharda Devi Mandir) में चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri) के अवसर पर आज से आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है. 9 दिन तक मेला लगा रहेगा. इस दौरान मैहर जिला प्रशासन ने तैयारियां चुस्त-दुरुस्त कर ली हैं. करीब पांच सैकड़ा से अधिक पुलिस सुरक्षा में तैनात की गई है. वहीं, 16 कार्यपालिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं. यही नहीं मां शारदा देवी के वीआईपी दर्शन नहीं होंगे. त्रिकूट पर्वत की लगभग 600 फीट ऊंची चोटी पर विराजमान माता शारदा के दर्शन के लिए देशभर से हजारों-लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गूंज रहा है और वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.
Chaitra Navratri: चैत्र नवरात्रि पर खजुराहो में चंदेलकालीन देवी जगदंबी मंदिर के खुले कपाट
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध खजुराहो में स्थित चंदेलकालीन देवी जगदंबी मंदिर (Chandel-era Devi Jagadambi Temple) में चैत्र नवरात्र के अवसर पर गर्भगृह के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पश्चिमी मंदिर समूह में 9 दिनों तक देवी पूजन और जल अर्पण के लिए श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है. सुबह सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठता है. इस मंदिर में माता पार्वती को देवी जगदंबी के रूप में पूजा जाता है. मान्यता है कि नवरात्र के दौरान माता अपने अलग-अलग स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देती हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है.
इतिहास के अनुसार 9वीं से 11वीं शताब्दी के बीच चंदेल वंश के राजाओं ने खजुराहो में अनेक भव्य मंदिरों का निर्माण कराया. यह मंदिर मूल रूप से भगवान विष्णु को समर्पित था, लेकिन बाद में इसके गर्भगृह में माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित की गई, जो कालांतर में देवी जगदंबी के रूप में प्रसिद्ध हुई.
MP Weather Forecast Update: मध्य प्रदेश मौसम अपडेट
MP Weather News: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है. राज्य के कई जिलों में बुधवार को बादलों की आवाजाही देखने को मिली. वहीं, आज आंधी और बारिश की संभावना है. इससे चिलचिलाती धूप से भी लोगों को राहत मिलेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के कुछ दिनों का तक बादलों की आवाजाही की दौर रह सकता है. इससे तापमान में भी हल्की गिरावट आएगी. IMD के अनुसार, 19 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इनमें अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.