MP Board 12th Result 2026: माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित हायर सेकंडरी परीक्षा परिणाम में इंदौर की छात्रा तन्वी कुमावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साइंस स्ट्रीम में प्रदेश स्तर पर टॉप किया है. तन्वी ने 500 में से 492 अंक अर्जित कर न केवल इंदौर बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. इस परीक्षा परिणाम में कॉमर्स और पीसीएम स्ट्रीम के विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. खास बात यह रही कि इस बार शासकीय विद्यालयों और ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर रहा, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था की सकारात्मक तस्वीर सामने आई है. इंदौर से NDTV के लिए तनुश्री देसाई की रिपोर्ट.
साइंस स्ट्रीम में तन्वी कुमावत का पहला स्थान
इंदौर के तीरथ भाई कालाचंद स्कूल की 12वीं की छात्रा तन्वी कुमावत ने एमपी बोर्ड की साइंस स्ट्रीम में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है. तन्वी ने 500 में से 492 अंक हासिल किए. वे बायोलॉजी विषय की छात्रा हैं और इंदौर की टॉपर भी रही हैं. तन्वी के पिता संदीप कुमावत और माता मनीला कुमावत ने उनकी सफलता पर खुशी जताई है. विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी तन्वी को उसकी मेहनत और लगन का परिणाम बताया है.
कॉमर्स और पीसीएम में भी विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
कॉमर्स स्ट्रीम में याशी घनरिया ने 485 अंक प्राप्त कर प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है. वहीं पीसीएम विषय में अथर्व देशमुख को प्रदेश स्तर पर सातवां स्थान मिला है. इन विद्यार्थियों की सफलता ने यह साबित किया है कि सभी स्ट्रीम में छात्र लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रतिस्पर्धा का स्तर ऊँचा होता जा रहा है.
ऐसा रहा हायर सेकंडरी परीक्षा का समग्र परिणाम
इस वर्ष हायर सेकंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा का आयोजन 10 फरवरी से 7 मार्च तक किया गया था. परीक्षा में कुल 6 लाख 89 हजार 746 परीक्षार्थी शामिल हुए. इनमें नियमित परीक्षार्थियों की संख्या 6 लाख 13 हजार 634 और स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की संख्या 76 हजार 112 रही. परीक्षा परिणाम में 76.01 प्रतिशत नियमित तथा 30.60 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं. यह परिणाम विगत 16 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ माना जा रहा है.
छात्राओं और शासकीय विद्यालयों का बेहतर परिणाम
नियमित छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 72.39 जबकि नियमित छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 79.41 दर्ज किया गया. शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 80.43 प्रतिशत रहा, जबकि अशासकीय विद्यालयों का परिणाम 69.67 प्रतिशत रहा. इस प्रकार शासकीय विद्यालयों का प्रदर्शन इस वर्ष बेहतर रहा है. प्रावीण्य सूची में कुल 221 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया, जिनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं. इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में अधिक स्थान हासिल किए हैं.
जिलावार स्थिति और टॉप स्कोरर
प्रावीण्य सूची में सर्वाधिक अंक वाणिज्य समूह की खुशी राय (शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उमावि, शिवाजी नगर, भोपाल) और चांदनी विश्वकर्मा (अशासकीय गुरुदेव शिक्षा केन्द्र उमावि, नीलबद) ने प्राप्त किए हैं. दोनों ने 500 में से 494 अंक अर्जित किए. जिलावार परिणामों में झाबुआ जिला पहले स्थान पर रहा, जहां का रिजल्ट 93.23 प्रतिशत रहा, जबकि दूसरे स्थान पर अनूपपुर जिला रहा, जिसका परिणाम 93.04 प्रतिशत दर्ज किया गया.
द्वितीय अवसर परीक्षा और अन्य जानकारी
इस वर्ष किसी भी छात्र का परीक्षा परिणाम पूरक घोषित नहीं किया गया है. परीक्षा में कुल 1 लाख 99 हजार 599 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत, पूरक परीक्षा के स्थान पर अब द्वितीय अवसर परीक्षा आयोजित की जा रही है. मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण, अनुपस्थित या अंक सुधारने के इच्छुक विद्यार्थी 7 मई 2026 से आयोजित होने वाली द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं.
ग्रामीण अंचलों का अच्छा परिणाम : शिक्षा मंत्री
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां असफल होने पर छात्र‑छात्राओं को दोबारा परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाता है. मंत्री ने बताया कि 5 मई के बाद द्वितीय अवसर परीक्षा शुरू होगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण अंचलों वाले जिलों में स्कूल शिक्षा के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं और यह पूरी तरह पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया का परिणाम है.
यह भी पढ़ें : MPBSE Result: सीधी जिले के 15 छात्रों ने टॉप‑10 में बनाई जगह; अभय गुप्ता बने MP के सेकेंड टॉपर
यह भी पढ़ें : MP Board 10th Toppers List: 499 अंक; 10वीं की परीक्षा परिणाम में पन्ना की प्रतिभा का कमाल, देखिए टॉपर्स लिस्ट
यह भी पढ़ें : MP Board 12th Toppers List: खुशी और चांदनी ने मारी बाजी; यहां देखिए 12वीं की टॉपर्स लिस्ट
यह भी पढ़ें : MP Board 10, 12th Toppers List: 16 साल का सबसे बेहतर रिजल्ट; 10वीं‑12वीं का रिजल्ट जारी, झाबुआ ने मारी बाजी