विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2026

एमपी में बेखौफ चोर! 12 हथियारबंद बदमाशों ने पहले किया पथराव, फिर 3 घरों में की वारदात

मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में 12 हथियारबंद बदमाशों ने पहले पथराव किया और फिर तीन घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. साईं धाम कॉलोनी और संतोषी माता वार्ड में हुई इन घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई है.

एमपी में बेखौफ चोर! 12 हथियारबंद बदमाशों ने पहले किया पथराव, फिर 3 घरों में की वारदात

MP Armed Robbery: मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में शुक्रवार देर रात बेखौफ चोरों ने आतंक मचा दिया. करीब 12 हथियारबंद बदमाशों ने पहले घरों पर पथराव किया और फिर रात के अंधेरे में तीन अलग-अलग घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. साईं धाम कॉलोनी और संतोषी माता वार्ड में हुई इन घटनाओं के बाद लोगों में दहशत फैल गई है. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.

पहली वारदात: बुजुर्ग महिला ने दिखाई बहादुरी

साईं धाम कॉलोनी के निवासी अमित डोंगरे के घर पर बदमाशों ने पहले पथराव किया, जिससे खिड़की के कांच टूट गए. आवाज सुनकर घर में मौजूद बुजुर्ग महिला कुंठा बाई जाग गईं. जब चोरों ने गेट तोड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए अंदर से कुंडी लगा दी और अपने बेटे को आवाज लगाई. परिवार के जागने और शोर होने के चलते बदमाश तुरंत मौके से भाग निकले. कुंठा बाई ने समझदारी और साहस से चोरों को घर में घुसने से रोक दिया.

दूसरी चोरी: बैंक अधिकारी के सूने मकान पर धावा

इसी कॉलोनी में बैंक अधिकारी संदीप बारोलिया के सूने घर में चोर एक-एक कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर निकल गए. चूंकि घर खाली था, इसलिए चोरी की पूरी जानकारी मकान मालिक के लौटने पर ही पता चल सकेगी. पुलिस ने इस घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं.

तीसरी वारदात: नकदी, गहने और मोबाइल लेकर फरार

तीसरी घटना संतोषी माता वार्ड में रहने वाली कंचन कौशिक के घर हुई. यहां से चोर नकद पैसा, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन लेकर भाग गए. बदमाशों के हथियारबंद होने की वजह से कॉलोनी के लोग दहशत में हैं.

घेराबंदी और सीसीटीवी की मदद से तलाश

थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि पुलिस ने रात से ही इलाके की घेराबंदी कर दी है. आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जाएगी और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा. लगातार तीन घरों में हथियारबंद चोरों की घुसपैठ ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. लोग रात में बाहर निकलने से भी डर रहे हैं. फिलहाल पुलिस टीमें सक्रिय हैं और बदमाशों की तलाश में लगातार दबिशें दी जा रही हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com