तीन बच्‍चों को जहरीली चाय प‍िलाकर मारने वाली मां खुद भी हारी ज‍िंदगी की जंग, क्‍यों खत्‍म क‍िया पूरा पर‍िवार?

मध्‍य प्रदेश के अलीराजपुर ज‍िले के आम्बुआ के अडवाडा में 30 वर्षीय नूरी बाई ने अपने तीन बच्चों के साथ कीटनाशक पी लिया. तीनों बच्चों की मौत हो गई और 9 दिन के इलाज के बाद नूरी बाई की भी मौत हो गई. परिवारिक विवाद को प्राथमिक कारण बताया जा रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्‍य प्रदेश के अलीराजपुर ज‍िले के आम्बुआ पुल‍िस थाना क्षेत्र के ग्राम अडवाडा में तीन बच्‍चों को जहर प‍िलाने वाली मां भी ज‍िंदगी की जंग हार गई है. 13 फरवरी की घटना के बाद अब बीती रात 30 वर्षीय नूरी बाई की भी गुजरात के दाहोद में इलाज के दौरान मौत हो गई. महज नौ द‍िन में मुकेश का पूरा पर‍िवार खत्‍म हो गया. 

पुलिस के अनुसार, मुकेश भिलाला मजदूरी के लिए गुजरात गए हुए थे. इस दौरान उनकी पत्नी नूरी बाई ने अज्ञात कारणों से चाय में कीटनाशक मिलाकर अपने तीन बच्चों सावित्री (7), कार्तिक (5) और दिव्या (3) को पिला दिया और फिर खुद भी कीटनाशक पी लिया.

घटना की जानकारी मिलते ही सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तीनों बच्चों की तुरंत मौत हो गई. 14 फरवरी को गांव में सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया. नूरी बाई को गंभीर हालत में गुजरात के दाहोद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह करीब 9 दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ती रहीं. 21 फरवरी की रात उनका निधन हो गया.

शव पर‍िजनों को सौंपा

दाहोद में पोस्टमार्टम आम्बुआ पुलिस की मौजूदगी में किया गया और शव परिजनों को सौंपा गया. महिला होश में नहीं आ सकीं, इसलिए उनका बयान नहीं लिया जा सका. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Advertisement

गांव में शोक और स्तब्धता

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है. गांव में मातम पसरा है और लोग अब भी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर एक मां ने ऐसा कदम क्यों उठाया. पुल‍िस जांच में अभी तक कोई पुख्‍ता जानकारी सामने नहीं आई है. 

मां ने 3 बच्चों को चाय में मिलाकर प‍िलाया जहर, तीनों भाई-बहनों का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार