मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इंसानियत और सूझबूझ की एक बेहद सराहनीय तस्वीर सामने आई है. यहां कैलारस क्षेत्र में स्कूल जा रही एक महिला शिक्षिका को अचानक 'साइलेंट अटैक' आ गया, जिससे वे स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़ीं. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तत्काल सीपीआर दिया, जिससे उनकी जान बच गई. हालांकि शिक्षिका की राइड साइड की पसलियां टूट गई.
शिक्षिका ललिता धाकड़ तिलोजरी माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ
जानकारी के अनुसार, तिलोजरी माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका ललिता धाकड़ सुबह अपनी स्कूटी से कैलारस से स्कूल पढ़ाने जा रही थीं. इसी दौरान भुराबली के पास पहुंचते ही उन्हें अचानक साइलेंट अटैक आ गया और वे अचेत होकर सड़क पर गिर गईं.
शिक्षिका को इस तरह गिरता देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. मौके पर मौजूद डायल 112 के चालक सतेंद्र धाकड़ (जो वर्तमान में श्योपुर जिले के गसमनी थाने में पदस्थ हैं) और उनके साथी रिंकू धाकड़ भुराबली ने तुरंत मोर्चा संभाला. सतेंद्र और रिंकू ने बिना देरी किए शिक्षिका को सीपीआर देना शुरू किया. कुछ ही मिनटों की कोशिश के बाद शिक्षिका की चेतना वापस आ गई और वे बातचीत करने लगीं.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैलारस ले जाया गया
इसके बाद स्थानीय गौ सेवकों और राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैलारस ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया. फिलहाल ग्वालियर के अपोलो हॉस्पिटल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया और स्कूल प्रबंधन के जरिए शिक्षिका के परिजनों को मामले की सूचना दी. वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने सतेंद्र धाकड़ और रिंकू धाकड़ की जमकर सराहना की है. लोगों का कहना है कि दोनों युवकों की सूझबूझ और सही समय पर दी गई सीपीआर की वजह से ही शिक्षिका की जान बच सकी.
गाय आने से शिक्षिका की स्कूटी हुई असंतुलित
महिला के पति द्वारिका धाकड़ से एनडीटीवी को फोन पर बताया कि सीपीआर लेफ्ट साइड हार्ट पर दिया गया है लेकिन राइट हैंड की तीन फसली टूटी हुई है. वहीं, सिर में भी जख्म हैं. इससे माना जा रहा है उनको पसलियों का फ्रेक्चर व सिर में चोट गिरने से लगी है.
उन्होंने बताया कि स्कूटी से वह स्कूल की ओर जा रही थी. इस दौरान रास्ते में अचानक गाय आ गई, जिससे स्कूटी असंतुलित हो गई और पत्थरों पर चढ़कर लगभग 50 फीट आगे जाकर पलट गई. अब शिक्षिका का अपोलो अस्पताल ग्वालियर में इलाज चल रहा है.
PCS सीमा चौधरी पर FIR: हापुड़ DSO की मां बोलीं-बेटी छिपा रही काली कमाई, खाते में डाले ₹15 लाख