विज्ञापन

MP: तीन हफ्ते से लापता 6 वर्षीय मासूम, चाचा के मकान से दुर्गंध आई, खुदाई की तो मिला कंकाल

परिजनों ने मृतक के सगे चाचा पिंटू कोरकू पर हत्या कर शव दफनाने का आरोप लगाया है. मृतक के चाचा मुकेश अखंडे के मुताबिक पिंटू जबरदस्ती राज को ले आया था. शक होने पर ताला तोड़कर देखा तो दीवार के पास गड्ढे में लाश मिली.

MP: तीन हफ्ते से लापता 6 वर्षीय मासूम, चाचा के मकान से दुर्गंध आई, खुदाई की तो मिला कंकाल
हरदा में 3 हफ्ते से लापता मासूम का कंकाल मिला.
NDTV

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में सोमवार शाम सिराली थाना क्षेत्र के गहाल गांव में 6 वर्षीय मासूम बालक की मौत के बाद सनसनी फैल गई. एक मकान के अंदर करीब तीन फीट गहरे गड्ढे में बालक के शव के अवशेष मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया. मामले में मृतक के सगे चाचा पिंटू कोरकू को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. परिजनों की ओर से चाचा पर बालक की हत्या कर शव दफनाने का आरोप लगाया गया है.

मकान के अंदर से आ रही थी दुर्गंध

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रमेश कोरकू का करीब 6 वर्षीय पुत्र राज लापता था. सोमवार शाम एक मकान के अंदर से दुर्गंध आने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास पूछताछ की. इसी दौरान बीड़ी नामक युवक ने मकान के एक कोने में बदबू होने की जानकारी दी.

पुलिस ने मौके पर खुदाई शुरू कराई. मिट्टी हटाते ही पहले बालक का हाथ पैर दिखाई दिया, जिसके बाद गड्ढे से बालक के शव के अवशेष/कंकाल बरामद किए गए. घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

पिता पहले से अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में

पुलिस के अनुसार, मृतक बालक के पिता पहले से ही हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं. वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में भी आक्रोश है. आरोपी बताए जा रहे चाचा के भाई ने अपने ही भाई पर भतीजे की हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

गांव में नशे को लेकर भी उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में नशे की समस्या को लेकर भी चिंता जताई. ग्रामीणों का आरोप है कि संदिग्ध युवक नशे का आदी है. ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि गांव में कई लोग शराब का सेवन करते हैं और कुछ मकानों में कथित रूप से हाथभट्ठी की शराब बनाए जाने की बात सामने आती है. ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से गांव में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शराब बंद कराने की मांग की है.

फिलहाल पुलिस जांच जारी है. बालक की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, शव को किस परिस्थिति में गड्ढे में दफनाया गया और घटना में कौन-कौन शामिल है इन सभी सवालों का खुलासा पुलिस जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.

तीन हफ्ते से लापता था बच्चा

मृतक के चाचा मुकेश अखंडे ने बताया कि भतीजा पिछले तीन हफ्ते से लापता था. उसका चाचा उसे लेकर आया था, मना करने के बाद भी जबरदस्ती उसे लेकर आया. तीन हफ्ते से ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिल रहा था. शक होने पर घर के ताला तोड़कर घर में से बदबू आने के कारण देखा गया तो दीवार के साइड में गड्ढा के अंदर दबे हुए भतीजे की लाश मिली. पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस अब जांच कर रही है. चाचा पिंटू कुरकुरे पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगा है.

सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही  सिराली की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौका पंचनामा तैयार कर जांच शुरू की और मृतक बालक के चाचा पिंटू कोरकू को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close