Mauganj Woman Murder Case: मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बहुती सेंगर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. 45 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध हालात में मिला. महिला के हाथ‑पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, जिससे हत्या को बेहद क्रूर और सुनियोजित बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर हर एंगल से जांच में जुट गई है.
घर के अंदर बंधी हालत में मिला शव
मृतिका की पहचान उमा सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह घर में अकेली रहती थी. जब आसपास के लोगों को लंबे समय तक घर से कोई हलचल नहीं दिखी, तो संदेह के चलते अंदर झांका गया. कमरे के भीतर महिला का शव पड़ा था, जिसके दोनों हाथ‑पैर पीछे की ओर बंधे थे और चेहरे पर कपड़ा कसकर लपेटा गया था.
क्रूर और योजनाबद्ध हत्या की आशंका
घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस इसे सामान्य मौत नहीं मान रही. मुंह में कपड़ा ठूंसने और शरीर को बांधने के तरीके से संकेत मिलते हैं कि हत्या बेहद क्रूरता और पूर्व नियोजन के साथ की गई है.
पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी जांच
जानकारी के मुताबिक उमा सिंह के पहले पति की मौत हो चुकी थी. वह अपने बेटे के साथ रहती थीं, लेकिन कुछ समय पहले बेटे की भी मृत्यु हो गई थी. इसके बाद करीब दो महीने पहले उन्होंने नरैनी निवासी राजन सिंह से दूसरी शादी की थी. पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है.
पुलिस और FSL की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सहित नईगढ़ी थाना पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं. हत्या, पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
गांव में दहशत का माहौल
इस निर्मम हत्याकांड के बाद पूरे बहुती सेंगर गांव में डर का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बेरहमी से हुई हत्या ने सभी को झकझोर दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है और जल्द बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा प्रॉपर्टी विवाद; पिता ने 13 वर्षीय इकलौते बेटे की हत्या की, खुद के गले में भी मारी ब्लेड
यह भी पढ़ें : ‘300 करोड़ मिलें तो चली जाऊंगी...', बीना विधायक निर्मला सप्रे के बयान पर मचा घमासान; दल-बदल की राजनीति तेज
यह भी पढ़ें : वेस्ट टू बेस्ट माॅडल : बस्तर के जंगल से निकली कैफीन फ्री हर्बल कॉफी, युवा उद्यमी विशाल हालदार का अनोखा नवाचार
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी: 5 जिलों की कमान महिला कलेक्टरों को, निहारिका बारीक गृह सचिव, 42 IAS का तबादला