Maihar Sharada Temple: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर धार्मिक नगरी मैहर में मां शारदा देवी धाम में आयोजित मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मां शारदा प्रबंधन समिति द्वारा इस बार वीआईपी दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद की गई है. लेकिन, नियम को आम जनता के लिए होते हैं, किसी वीआईपी के लिए नहीं, वे कुछ भी कर सकते हैं.
इस बात को जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने अपने मैहर प्रवास के दौरान सही साबित कर दिया. वीआईपी दर्शन पर रोक के बाद भी मंत्री राधा सिंह ने गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की, जबकि उस समय हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे.
लोगों ने जताई नाराजगी
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में असंतोष देखने को मिला. कई लोगों का कहना है कि जब प्रशासन ने स्पष्ट रूप से वीआईपी दर्शन पर रोक लगाई है, तो जनप्रतिनिधियों को भी इसका पालन करना चाहिए. आम श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए नियम यदि प्रभावशाली व्यक्तियों पर लागू नहीं होते, तो इससे व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं.
उत्तर प्रदेश के विधायक ने भी किए थे दर्शन
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब मां शारदा धाम में वीआईपी नियमों का उल्लंघन हुआ हो. इससे पहले उत्तर प्रदेश के चर्चित विधायक राजा भईया ने भी गर्भगृह में हथियार सहित प्रवेश किया था. जिसने सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की गंभीरता पर सवाल उठाए थे.