Maihar Pond Drowning Incident: तालाब में नहाने जाना कभी‑कभी कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण मैहर जिले से सामने आया है. यहां तालाब में नहाने गए चार लोग गहरे पानी में डूब गए. इस हादसे में दो चचेरी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक लड़की को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक अन्य युवक को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया. इस घटना से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.
यह हृदयविदारक घटना मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा बीड़ी बस्ती में शनिवार को हुई. तालाब का नाम पटेहरा तालाब बताया गया है, जहां नहाने और कपड़े धोने गए चार लोग अचानक गहरे पानी में चले गए.
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
जानकारी के अनुसार, बीड़ी बस्ती में कुछ दिन पहले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. उसके वर्षी कार्यक्रम से पहले तीन नाबालिग लड़कियां और एक युवक तालाब पर नहाने और कपड़े धोने गए थे. इसी दौरान एक किशोरी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी. उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन लोग भी तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और सभी डूबने लगे.
तालाब किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने शोर सुनते ही तत्काल रेस्क्यू शुरू किया. लोगों ने जान जोखिम में डालकर पानी में उतरकर दो लोगों को बाहर निकाल लिया. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद दो किशोरियों को बचाया नहीं जा सका.
दो चचेरी बहनों की गई जान
इस हादसे में जान गंवाने वाली दोनों लड़कियां चचेरी बहनें थीं. मृतकों की पहचान पूनम चौधरी (10 वर्ष), पिता मुकेश चौधरी और आंचल चौधरी (17 वर्ष), पिता रामसजीवन के रूप में हुई है. दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना में शालू नाम की लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं अभिषेक नामक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित घर भेज दिया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही मैहर पुलिस मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीम की मदद से तालाब से दोनों शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारी का बयान
सीएसपी मैहर महेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा तालाब में चौधरी परिवार की बच्चियां एक बालक के साथ घर के काम और नहाने गई थीं. इसी दौरान बड़ी बच्ची आंचल का पैर फिसल गया और वह डूबने लगी. उसे बचाने के प्रयास में चारों पानी में चले गए, जिनमें से दो को बचा लिया गया, जबकि आंचल और पूनम की मौत हो गई.