मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सर्दी का सितम जारी है. लगातार प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. वहीं कोहरे की वजह से लोगों को सड़कों पर यातायात में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है. हालांकि, मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाए है, जिसकी वजह से मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ. वहीं ठंड का सितम अब भी लोगों पर कहर बरपा रहा है. हालात ये है बाजार और सड़कें सूनी नजर आती है. वहीं, लोग अलाव के सहारे या फिर रजाई और कंबल में दुबक कर जीने को मजबूर हैं.
इधर, शिवपुरी में लगातार दूसरे दिन कोहरे का सितम देखने को मिल रहा और सुबह कोहरे की वजह से सड़कों पर यातायात की गति बहुत धीमी देखी गई. मौसम विभाग में शनिवार को अलर्ट जारी किया था कि शिवपुरी और उसके आसपास कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग का ये अनुमान पूरी तरह सटीक साबित हुआ और रविवार को जहां हल्का कोहरा महसूस किया गया था वहीं सोमवार को घने कोहरे की वजह से शिवपुरी जिले में कई सड़क दुर्घटना सामने आई. अगर मंगलवार की बात करें तो आज शिवपुरी जिले के आसमान में कोहरा देखने को मिला और सड़कों की विजिबिलिटी की बात करें तो सुबह 7:00 तक घने कोहरे की चादर ने सड़कों को ढके रखा और 100 मीटर के आसपास की विजिबिलिटी देखी गई.
वहीं शिवपुरी में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि दिन के तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है. दूसरी तरफ अगर नमी की बात की जाए तो शिवपुरी में नमी ज्यादा देखी जा रही है. लगातार ओस पड़ रहे हैं.
ये भी पढ़े: BJP की ऐतिहासिक जीत, ED की कार्रवाई से महादेव ऐप तक... छत्तीसगढ़ में इन घटनाओं का गवाह रहा 2023