Madhya Pradesh-Chhattisgarh Live Updates: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को मध्य प्रदेश और देश में तीन बड़ी खबरें प्रमुख रहेंगी. आज वन्यजीव प्रेमियों, किसानों व मरीजों के लिए विशेष आयोजन हैं. मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क, श्योपुर में बोत्स्वाना से 8 चीते (6 मादा, 2 नर) आएंगे. राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवा भारती 100 बस्तियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाएगी, जिनमें ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर और टीबी जैसी जांचें होंगी.
उधर, छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार होली 2026 पर किसानों की झोली में बड़ी खुशी डालने जा रही है. 28 फरवरी को धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी. इसके लिए राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा. पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ.
Live Updates:
बाइक और मालवाहक वाहन की जोरदार टक्कर, चमत्कारिक रूप से बचा पूरा परिवार
उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र के NH‑43 स्थित बांका मोड़ पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां मोटरसाइकिल और 407 मालवाहक वाहन की जोरदार टक्कर में बाइक वाहन के नीचे घुसते हुए काफी दूर तक घसीटती चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक पर सवार पति‑पत्नी और उनकी मासूम बच्ची इस भयावह हादसे का हिस्सा थे, लेकिन चमत्कारिक रूप से तीनों सुरक्षित बच गए और उन्हें केवल हल्की चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस की गाड़ी ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर
सूरजपुर के जयनगर थाना क्षेत्र के केनापारा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब कृषि मंत्री रामविचार नेताम की पायलटिंग में जा रही पुलिस की तेज रफ्तार गाड़ी ने एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अंबिकापुर रेफर किया गया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. टक्कर के बाद पायलटिंग वाहन में बैठे पुलिसकर्मियों को सड़क पर छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चलती कार में लगी आग! गाड़ी छोड़कर फरार हुआ चालक
बुरहानपुर में महाराष्ट्र के रावेर रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब चलते हुए अचानक कार में आग लग गई. आग लगते ही चालक और अन्य सवार लोग घबराकर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सूचना मिलते ही फायर फाइटर टीम मौके पर पहुंची और प्रयास कर आग पर काबू पाया. घटना से इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
Israel-Iran War Effect: दुबई में फंसे कई इंदौरी! पूर्व विधायक संजय शुक्ला भी शामिल
Israel-Iran War Effect: इजराइल‑ईरान के बीच युद्ध शुरू हो चुका है. इसका तनाव दुबई में भी देखने को मिला. जिसके चलते दुबई से कई फ्लाइट रद्द होने हो गई. जिसके कारण इंदौर के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई इंदौरी दुबई में फंसे हुए हैं, जिनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, मनीष सहारा (सहारा ग्रुप), संजय अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), पिंटू छाबड़ा (C‑21 मॉल) और गोलू पाटनी समेत अन्य लोग शामिल हैं. फ्लाइट्स अचानक कैंसल होने से सभी वहीं रुक गए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं.
गर्लफ्रेंड के घर जाकर किया सुसाइड! युवक ने खुद को मारी गोली
उज्जैन की बंगाली कॉलोनी में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक दर्दनाक मामले में निखिल नामक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के घर जाकर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सारणी निवासी यह युवक किसी विवाद या तनाव के चलते लड़की के घर पहुंचा और वहीं आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है, साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
मिशन अस्पताल जमीन घोटाला! 4 साल से फरार भू माफिया गिरफ्तार
धार के आदर्श सड़क स्थित मिशन अस्पताल की करोड़ों रुपये की शासकीय जमीन के फर्जीवाड़े में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब चार साल से फरार चल रहे कुख्यात भू‑माफिया सुधीर जैन को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह 250 करोड़ रुपये के चर्चित सेंट टेरेसा जमीन कांड से भी जुड़ा हुआ है. जांच में सामने आया कि मिशन अस्पताल की 0.493 हेक्टेयर शासकीय भूमि, जिसे 1895 में महिला अस्पताल हेतु लीज पर दिया गया था, को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पहले 2008 में सिर्फ 50 हजार रुपये में 20 साल की लीज पर दिया गया और फिर 2009 में 11 लाख रुपये में बेच दिया गया. इस अवैध नामांतरण और बिक्री में सुधीर दास, अंकित और तत्कालीन राजस्व अधिकारी सीके गुप्ता आरोपी बनाए गए थे, जबकि मुख्य आरोपी सुधीर जैन फरार था. मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल ने इंदौर के तुलसी नगर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया, जिसमें पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
नक्सलियों को बड़ा झटका! 2000 के नोट समेत 46 लाख नकदी और हथियार बरामद
गरियाबंद पुलिस को नक्सल मामले में बड़ी सफलता मिली है, जहां दो अलग‑अलग स्थानों पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से भारी मात्रा में नकदी और हथियार बरामद किए. पुलिस ने एक डंप से 46 लाख 31 हजार 500 रुपये जब्त किए, जिसमें 2,000 के 100 नोट और शेष 44 लाख रुपये 500‑500 के नोटों में मिले. दूसरे डंप से हथियार, कारतूस और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ. सुरक्षा बल अब तक कुल 1 करोड़ 8 लाख रुपये कैश बरामद कर चुके हैं, जिससे नक्सलियों की आर्थिक कमर पर बड़ा असर पड़ा है.
धारदार हथियार से युवक पर हमला, हालत गंभीर
सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र के लोधी मोहल्ला स्थित चाय दुकान संचालक युवक पर दो युवकों ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले के बाद युवक किसी तरह बचते‑बचाते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गैस टैंकर की टक्कर से पिता की मौत, बेटा गंभीर
सागर जिले के खिमलासा थाना क्षेत्र में शनिवार को खड़ेसरा गांव के पास हुए दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार गैस टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार रामपाल राजपूत (49) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा. सूचना मिलने पर बीना, आगासौद और खिमलासा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति पर काबू पाया. घायल बेटे को बीना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने गैस टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच जारी है.
इंदौर में डिजिटल अरेस्ट कर 1.15 करोड़ की ठगी! दंपत्ति को 15 दिनों तक बनाया बंधक
इंदौर में साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर बुजुर्ग दंपति से 1.15 करोड़ रुपये ठग लिए. हीरानगर क्षेत्र के 80 वर्षीय विजय सक्सेना और उनकी पत्नी सुमन को आरोपियों ने वीडियो कॉल कर खुद को पुणे एटीएस का अधिकारी बताते हुए उन पर आतंकी लिंक और संदिग्ध बैंक ट्रांजैक्शन का झूठा आरोप लगाया. 15 दिनों तक रोजाना घंटों उन्हें वीडियो कॉल पर बिठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और गिरफ्तारी व संपत्ति जब्ती की धमकियां दी. डर के माहौल में दंपति से आधार–पैन सहित दस्तावेज मंगवाकर दो अलग-अलग खातों में कुल 1.15 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए. लगातार दबाव के कारण पति की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल तक ले जाना पड़ा. बाद में परिजनों को जानकारी देने पर मामला साइबर क्राइम तक पहुंचा और जांच के बाद हीरानगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई.
RTE छात्रों से करवाई मजदूरी! डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पर गंभीर आरोप
सूरजपुर के डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पर गंभीर आरोप लगे हैं कि स्कूल प्रबंधन ने आरटीई श्रेणी के छात्रों से श्रमिकों की तरह काम कराया. कक्षा 9वीं से 12वीं तक के कई छात्रों और उनके परिजनों का आरोप है कि बच्चों से स्कूल परिसर में सीमेंट-मिश्रण तैयार करवाया गया, गड्ढे खुदवाए गए और पुताई जैसे निर्माण कार्य कराए गए. परिजनों का कहना है कि इन गतिविधियों से बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई और कई छात्रों के हाथों में छाले पड़ गए, जिसके वीडियो भी वायरल हुए हैं. शिकायत में यह भी आरोप है कि काम से इनकार करने पर आंतरिक अंकों में कटौती और निष्कासन की धमकी दी जाती थी तथा बच्चों को “आरटीई के बच्चे” कहकर अपमानित किया जाता था. कुछ परिवारों ने विरोध में बच्चों का नाम तक कटवा लिया. मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है. अभिभावक निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं.
एमपी की सियासत में बड़ी हलचल! दिल्ली में सीएम यादव ने अमित शाह से की मुलाकात
दिल्ली में मध्य प्रदेश की राजनीति को लेकर आज महत्वपूर्ण हलचल देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल रहे. इसके बाद सीएम यादव और खंडेलवाल ने भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी भेंट की, जहां संगठनात्मक रणनीति और राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.
NTPC Solar Plant Theft: एनटीपीसी सोलर प्लांट में केबल चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस ने देहरीपाल स्थित एनटीपीसी सोलर प्लांट में हुई केबल चोरी का आज खुलासा कर दिया. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चोरी की गई 1000 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत 70 हजार रुपए थी और 5,500 रुपए नगद सहित कुल 75,500 रुपये का माल बरामद किया गया है.
थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल के अनुसार, 26 फरवरी को सोलर प्लांट के सिक्योरिटी साइट इंचार्ज योगेश बैरागी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि ब्लॉक नंबर 18 में तैनात सिक्योरिटी गार्ड रवि सेन और राजेश सौंधिया एक सफेद बोरी लेकर जाते हुए दिखाई दिए थे. आवाज देने पर दोनों मौके से भाग निकले थे.
MP-Chhattisgarh Live: भोपाल के चिनार ड्रीम सिटी में फिर गिरी लिफ्ट, 2 लोग घायल
भोपाल के चिनार ड्रीम सिटी में फिर लिफ्ट गिर गई है. लिफ्ट गिरने से 2 लोग घायल हो गए हैं. कुछ दिन पहले लिफ्ट के गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी. प्रशासन ने बीते हादसे से भी नहीं लिया सबक.
Gwalior News Live: ग्वालियर बस स्टेण्ड पर मिलावटी होने के संदेह मे फ़ूड विभाग का छापा, पौने दो लाख का मावा पकड़ा
होली का त्यौहार आते ही मावा माफिया नकली और मिलावटी मावा मार्केट मे खपाने मे जुट गया है. ग्वालियर चंबल अंचल में सबसे ज्यादा मिलावटी मावा तैयार होकर देश भर मे सप्लाई होता है, इसलिए यहां प्रशासन भी चौकन्ना है और लगातार धर पकड़ कर रहा है. एक बार फिर फ़ूड विभाग की टीम ने लगभग पौने दो लाख रुपये कीमत का मावा मिलावटी होने के संदेह मे पकड़ा.
Madhya Pradesh News: बैतूल जेल में महिला कैदी ने कांच की चूड़ियां पीसकर खाईं, हालत नाजुक
बैतूल जिला जेल में बंद एक विचाराधीन महिला कैदी ने शनिवार को आत्महत्या का प्रयास कर लिया. महिला ने हाथ में पहनी कांच की चूड़ियों को पीसकर खा लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
जेल प्रशासन के अनुसार करीब साढ़े 11 बजे महिला कैदी ने कांच की चूड़ियां पीसकर खा ली थीं. कुछ देर बाद उसे तेज उल्टियां होने लगीं. उल्टी में खून आने पर जेल स्टाफ ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया.
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला की प्राथमिक जांच की. डॉक्टरों के मुताबिक महिला को उल्टी के साथ खून आने की शिकायत थी, जिसके बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया जा रहा है.
Baikunthpur News: कुएं में शव मिलने से मचा हड़कंप
बैकुंठपुर के पटना थाना क्षेत्र में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. ग्राम सावारावा पटेलपारा निवासी संतोष केवट (37) का शव कुएं में मिला. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकाला. पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. हत्या की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है.
Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के तहत जनपद का टारगेट पूरा, हितग्राहियों ने जनपद में किया हंगामा, आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग
सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य अंचल जनपद पंचायत घंसौर में मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के लिए 100 का टारगेट रखा गया था, जो समय सीमा के पहले ही पूरा हो गया. हालांकि आज दोपहर दो दर्जन से अधिक ग्रामीण आवेदन करने पहुंचे, जहां जनपद के कर्मचारियों ने विवाह योजना का टारगेट पूरा हो जाने की बात कही और तिथि खत्म होने की बात कही, जिस पर जिला पंचायत सदस्य सहित ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया. इस दौरान जनपद में सिर्फ कर्मचारी थे... कोई अधिकारी नहीं था. ग्रामीणों सहित जिला पंचायत सदस्य ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना की तिथि और घंसौर में टारगेट बढ़ाया जाए.
Chhattisgarh News Live: दो साल बाद भी सूखी टंकी, कमकापार में ‘हर घर नल’ योजना बेअसर
बालोद जिले के अंतिम छोर और डौंडीलोहारा जनपद पंचायत के वनांचल ग्राम कमकापार में हर घर नल योजना की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. दो वर्ष पहले टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और घरों में नल लगाने का काम पूरा हो चुका है, लेकिन आज भी ग्रामीण नलों से पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन का लाभ उन्हें अब तक नहीं मिल पाया है और योजना कागजों में पूरी, लेकिन जमीन पर अधूरी नजर आ रही है.
Kuno National Park: श्योपुर के कुनो नेशनल पार्क के बाड़े में तीन चीतो को छोड़ा गया
श्योपुर के कुनो नेशनल पार्क में वोत्सवाना से लाये गए 9 चीतो में से तीन चीतो को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बाड़े में छोड़ दिया है. इस दौरान उन्होंने चीता प्रोजेक्ट को सफल बताया है. श्योपुर के कुनो नेशनल पार्क में विशेष विमान से 9 चीतो को लाया गया और इन्हें विशेष बाड़ो में रखा जाएगा. नमिबिया साऊथ अफ्रीका के चीतो के बाद अब वोत्सवाना के चीते भी कुनो में आजादी कि रफ्तार से दोड़ेंगे.
Indore Municipal Corporation: स्कूली बच्चों से भरी बस नालियों के लिए खुदे गड्ढों धंसी
इंदौर नगर निगम की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है. बच्चों से भरी बस का बड़ा हादसा होने से टला. दरअसल, ड्रेनेज लाइन और नालियों के लिए खुदे गड्ढों में स्कूल बस धस गई. इस बस पर 50 से अधिक बच्चे सवार थे. वहीं इन गड्ढों से कलॉनी नगर रहवासी भी परेशान हैं.
Chhattisgarh Farmer: होली पर छत्तीसगढ़ के किसानों को तोहफा, आज CM साय 10324.84 करोड़ रुपये करेंगे ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ के किसानों को होली से पहले सीएम साय तोहफा देंगे. सीएम आज 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे. दरअसल, सीएम विष्णुदेव साय आज दोपहर बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे, जिसमें कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे.
Madhya Pradesh News Live: बालाघाट जिला पंचायत सीईओ सराफ के खिलाफ पंचायतकर्मियों ने खोला मोर्चा, सीईओ पर दबाव देकर कार्य कराने का आरोप
जिला पंचायत सीईओ और पंचायतकर्मियों के बीच काम को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई है, जहां वित्तीय वर्ष समाप्ति पर सीईओ टारगेट को पूरा करवाने प्रयासरत है जिसके चलते काम का दबाव बढ़ने से पंचायतकर्मियों ने सीईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. त्रिस्तरीय पंचायतीराज के तहत जनपद, पंचायतकर्मियों के साथ ही पंचायत से जुड़े इंजीनियरों ने संयुक्त मोर्चा के तहत कल से सामूहिक अवकाश आंदोलन के साथ ही 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है.
Truck Fire: मुरैना में चलती ट्रक बनी आग का गोला, दवाई व साइकिल लेकर पेंडुला से जा रहा था बेंगलुरु
मुरैना में चलती ट्रक में भीषण आग लग गई. आग आज देर सुबह तक रुक-रुक कर भड़कती दिखाई दी. सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने आग बुझाने में 7 से अधिक दमकल का प्रयोग किया. दवाई व साइकिल लेकर पेंडुला से बेंगलुरु जा रहा था.
ट्रक मालिक कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी. बीती रात लगभग तीन बजे चलती ट्रक में अचानक आग लग गई थी. ट्रक और लाखों रुपये का माल का नुकसान हुआ. अभी भी ट्रक से माल बाहर निकलने का काम जारी है. भीषण आग को देखकर धौलपुर से ग्वालियर जाने वाले मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन अवरूद्ध हो गया.
Indore News: सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास से हटाया गया अतिक्रमण
इंदौर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई है. रेसीडेंसी क्षेत्र के अंतर्गत अनसर्वेड एरिया की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया था. मस्जिद और मुसाफिर खाना को छोड़ आसपास बने अतिक्रमण को हटाया जा रहा. 20 हजार स्क्वायर फीट सरकारी जमीन पर कब्जा था.
जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस का भारी अमला मौजूद.
Baloda Bazar Collector: IAS कुलदीप शर्मा को मिली बलौदा बाजार की जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए जिला बलौदा बाजार-भाटापारा के लिए नए कलेक्टर की नियुक्ति की है. जारी आदेश के अनुसार आईएएस 2014 बैच के अधिकारी कुलदीप शर्मा को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से कलेक्टर, जिला बलौदा बाजार-भाटापारा के पद पर पदस्थ किया गया है.
कुलदीप शर्मा इससे पहले रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं के पद पर कार्यरत थे. इसके साथ ही वे प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे. सहकारिता, भंडारण व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अब वे जिले में कानून-व्यवस्था, राजस्व कार्यों, विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान देंगे.
Raipur News: खाटू श्याम मंदिर के पास से 75 लाख नगदी जब्त, 500 और 200 रुपये के नोट के बंडल हैं
खाटू श्याम मंदिर के पास चैकिंग के दौरान 75 लाख रुपये जब्त किया गया है. एक्टीवा वाहन से ये जब्त किया गया है. 500 और 200 रूपये के नोट के बंडल में 75 लाख रुपये थे. हवाला की नगदी होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल एक्टीवा चालक मिलन शर्मा नामक युवक से पूछताछ की जा रही है. आयकर विभाग को भी पुलिस ने सूचना दी. यह मामला आजाद चौक थाना इलाके का है.
Nagar Gaurav Divas: पीथमपुर में तीन दिवसीय ‘नगर गौरव दिवस’ का शुभारंभ
औद्योगिक नगरी पीथमपुर में नगर पालिका द्वारा तीन दिवसीय ‘नगर गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम शहर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और विकास की उपलब्धियों का जश्न मनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है.
मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि गौरव दिवस के पहले दिन स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं और विभिन्न खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉलों पर शहरवासी उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं. महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को विशेष सराहना मिल रही है.
तीन दिवसीय इस आयोजन में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला, निबंध, सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है. कार्यक्रम के अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे.
Chhattisgarh News: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 67 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 67 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. मामला थाना तपकरा क्षेत्र का है. दरअसल, तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक सिल्वर रंग की हुंडई वरना कार में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा है. सूचना पर पुलिस ने लावाकेरा बैरियर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की में स्टेपनी रखने की जगह पर छिपाकर रखी गई प्लास्टिक बोरी से 65 पैकेट में कुल 67 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
Surajpur News: मुख्यमंत्री DAV पब्लिक स्कूल तिलसिवा में छात्रों से मजदूरी कराने का मामला, प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सूरजपुर में छात्रों से मजदूरी कराने का मामला समाने आया है. RTE के छात्रों से पुताई सहित रेत सीमेंट से निर्माण कार्य कराने का आरोप है. छात्रों से काम कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
परिजनों ने कलेक्टर से शिकायत की और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. यह मामला मुख्यमंत्री DAV पब्लिक स्कूल तिलसिवा का है. हालांकि शिक्षा अधिकारी ने 3 सदस्य टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है.
Raipur News: रायपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विनोद कश्यप की गाड़ी में उपद्रवियों ने लगाई आग
रायपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विनोद कश्यप भक्कू के घर के सामने उनकी खड़ी दो कारों पर अज्ञात उपद्रवियों ने आग लगा दी. देर रात आग लगाकर आरोपी फरार हो गए. कांग्रेस आज दोपहर कमिश्नर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग करेगी.
MP Rang Panchami: इंदौर में रंग पंचमी को निकालने वाली रंगारंग गैर मार्ग का किया गया निरीक्षण
इंदौर में रंग पंचमी को निकालने वाली रंगारंग गैर मार्ग का निरीक्षण किया गया. इंदौर कलेक्टर निगम आयुक्त पुलिस कमिश्नर जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया. लाखों की संख्या में लोग गैर देखने के लिए शामिल होते हैं. गैर के दौरान बाधित इलेक्ट्रिकल वायर्स केवल सड़क का पेज वर्क कार्य शुरू किया गया.
निरीक्षण के दौरान महापौर पुष्पेंद्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
कूनो नेशनल पार्क पहुंचा चीतो का जत्था, यहां देखिए तस्वीरें
8 चीतो का जत्था कूनो नेशनल पार्क पहुंच चुका है.

अमानक बीज विक्रय पर कार्रवाई, जिले के 04 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित
सीहोर में अमानक और नकली बीज खेती के साथ ही जमीन की उपजाऊ क्षमता को नुकसान पहुचा रहे हैं. किसानों को गुणवत्ता हीन ओर अमानक बीज बेचने वाले दुकानों पर कृषि विभाग ने लाइसेंस निलम्बित करने की कार्यवाही की है.
Raisen News: अस्पताल के बाहर गर्भवती महिला ने बच्चे को दिया जन्म
रायसेन हमेशा विवादों में रहने वाले जिला अस्पताल में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई. यहां शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 2 बजे एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के बाहर ही बच्चे को जन्म दिया.
महिला के साथ आई महिलाएं पुकारती रहीं लेकिन कोई भी जिम्मेदार नहीं आया.
बताया जा रहा है कि महिला का पति अंदर पर्चा बनवा रहा था, जबकि अस्पताल गेट पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. समय पर मदद न मिलने के कारण महिला को अस्पताल परिसर के बाहर ही प्रसव पीड़ा के बीच बच्चे को जन्म देना पड़ा. वहां मौजूद कुछ लोगों ने अस्पताल स्टाफ को बुलाया.
Madhya Pradesh News: बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
बुरहानपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत
हो गई. मृतक की पहचान मनजीत नायक निजी बैंक कर्मचारी के रूप में हुई है. यह घटना शाहपुर थाना क्षेत्र इंदौर इच्छापुर नेशनल हाईवे की है.
Chhattisgarh News: गरियाबंद में सामूहिक व्रतोपनयन संस्कार समारोह का आयोजन
गरियाबंद के देवभोग में ब्राह्मण समाज द्वारा सामूहिक व्रतोपनयन संस्कार समारोह का आयोजन किया गया.स्थानीय जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित इस समारोह में 6 बटुकों का संस्कार रीति रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार से सम्पन्न हुआ. जिनके परिजन नहीं आए समाज उसके लिए परिजन बन कर रिवाज को तक सम्पन्न कराया. देवभोग और धर्मगढ़ ब्राह्मण समाज द्वारा समाजिक उत्थान, मितव्ययता बनाए रखने और समाज के आर्थिक कमजोर लोगों के लिए संस्कार सम्पन्न कराने में मदद करना इस आयोजन का उद्देश्य बताया गया.
बटुकों को आशीर्वाद और उपदेश देने प्रख्यात कथा वाचक पंडित युवराज पांडेय भी पहुंचे. जिन्होंने ने बटुकों को जनेऊ संस्कार के बाद हुए द्वितीय जन्म के बाद धर्म,समाज,राष्ट्र और माता पिता के प्रति जिम्मेदारी जिम्मेदारी को अवगत कराया. मौजूद समाज के वरिष्ठ जनों ने आचार्य के साथ मिल बटुकों को आशीर्वाद प्रदान किया. आचार्य ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक ऋण मजबूत करने वाला बताया.
Gwalior News: कोचिंग के बाहर से साइकिल चुराने वाला गैंग पकड़ाया, पिता का कर्ज चुकाने के लिए कर रहा था चोरी
ग्वालियर में छात्रों की कोचिंग के बाहर से साइकिल चोरी करने वाली गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गैंग के दो सदस्यों से पुलिस ने छात्रो की चोरी की 6 साइकिल बरामद की है. आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसके पिता पर कर्जा है और उससे निपटने के लिए उसे साइकिल चोरी आसान जरिया लगा. इसलिए वह साथी के साथ चोरी करने लगा. वही पुलिस ने दोनों आरोपियो के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है.
Madhya Pradesh News Live: छिंदवाड़ा में एक कार से 45 लाख रुपए से अधिक की नकदी जब्त, दो युवक हिरासत में
छिंदवाड़ा के सौसर पुलिस ने शुक्रवार रात शिवाजी चौक पर एक कार से 45 लाख रुपए से अधिक की नकदी जब्त की है. मामले में कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया गया है. यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई.उपनिरीक्षक प्रल्हाद बैरागी ने बताया कि छिंदवाड़ा से नागपुर की ओर जा रही कार को रोककर जांच की गई. पांढुर्णा एसपी सुंदर सिंग कनेश और एएसपी नीरज सोनी भी सौसर थाना पहुंचे और पकड़े गए युवकों से पूछताछ की.जांच के दौरान कार के पिछले हिस्से में एक थैले में 45 लाख रुपए से अधिक की नगद राशि मिली. पुलिस ने पूरी नगद राशि और कार को जब्त कर लिया है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.जब्त की गई लाखों की राशि हवाला की मानी जा रही है. हालांकि, पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों का कहना है कि उनके पास इस नगद राशि से संबंधित सभी दस्तावेज मौजूद हैं. फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
Madhya Pradesh News: पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ पहुंचे महाकाल की शरण में, कहा- 'भारत में बदलाव आ रहा है'
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पहुंचे. उन्होंने बाबा के दर्शन कहा भारत में बदलाव आ रहा है साथ ही मंदिर में दर्शन व्यवस्था की भी तारीफ़ की. उन्होंने नंदी हाल में बैठकर करीब एक दो घंटे शिव जी का जाप किया. इसके बाद गर्भगृह के द्वार से बाबा को जल अर्पित कर बाबा महाकाल के दर्शन किए ओर आशीर्वाद लिया. इस मौके पर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका सम्मान किया.
Satna News: युवक की हत्या कर शव को जंगल में फेंका, घर से गहने व नगदी चोरी कर निकला था मृतक
सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत डुडहा गांव के पास स्थित जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव शुक्रवार शाम को ग्रामीणों द्वारा देखा गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अनिल पटेल पिता राम प्रसाद 28 वर्ष के रूप में हुई है. मृतक मैहर जिले के ग्राम गोरइया थाना अमदरा का निवासी बताया गया है.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल पटेल चार दिन पूर्व घर से कहासुनी के बाद नगदी चोरी कर निकल गया था, जिसके बाद से वह लापता था. परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन शुक्रवार को जंगल में शव मिलने की सूचना के साथ ही उसकी मौत की खबर सामने आई.
Chhattisgarh News: बेमेतरा के 32 ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओं नोटिस जारी
बेमेतरा जिले के 32 ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहे. आवास योजना के कार्यों में से खेलते एवं लापरवाही को लेकर की कार्रवाई गई. दो दिनों में देना होगा जवाब अन्यथा एक तरफा कार्रवाई की जाएगी. जिला पंचायत के सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने जारी की नोटिस.
Bhopal power cut: राजधानी भोपाल के 50 इलाकों में आज बिजली कटौती, मेंटेनेंस कार्य के चलते अलग-अलग समय पर सप्लाई बाधित
राजधानी भोपाल में आज मेंटेनेंस कार्य के कारण करीब 50 इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. सुबह 9 से 11 बजे तक विधान एलिना, शिवालय, गिरधर परिसर, मंगेश हाइट्स, विनीत कुंज बी सेक्टर और पार्क सेरेना कॉलोनी में कटौती होगी. 10 से 1 बजे तक पुतलीघर, इंद्रा नगर, न्यू राजीव नगर सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. 10 से शाम 5 बजे तक गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया समेत कई कॉलोनियों में बिजली बंद रहेगी. दोपहर 12 से 4 बजे तक फॉरच्यून कस्तूरी और शहस्त्र बाहु नगर क्षेत्र में सप्लाई बाधित रहेगी. नागरिकों से जरूरी काम पहले निपटाने की अपील की गई है.
Gwalior News Live: होली के पहले अवैध शराब के खिलाफ छह थानो की संयुक्त बड़ी कार्रवाई
ग्वालियर पुलिस ने 6 थाना के साथ मिलाकर एक बड़ी कार्रवाई की हैं, जिसमें पुलिस ने मोहना के बरसाना मोहल्ला कंजर बस्ती मे अवैध शराब के अड्डे पर छापा डालकर भारी मात्रा मे शराब पकड़ी है. पुलिस को 2 शराब बनाने की हाथ भट्टी, 2 हाथ भट्टी के ढक्कन सहित शराब बनाने का अन्य सामान बरामद किया है. शराब बनाने वाला युवक मौके से फरार से हुआ हैं. वहीं पुलिस ने सामान को जप्त कर भागें एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आंगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं.
Madhya Pradesh News: महिला जनपद अध्यक्ष ने सीईओ को पहना दी भाजपा का पट्टा, सामूहिक विवाह में जनप्रतिनिधियों को ना बुलाने से नाराजगी
सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है, जहां एससी वर्ग की महिला जनपद अध्यक्ष उर्मिला साकेत के द्वारा बैठक के दौरान जनपद सीईओ को भाजपा का पट्टख पहना दिया गया. इसके बाद हड़कंप मच गया.
बताया गया कि गत 22 फरवरी को रामपुर नैकिन जनपद अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद सीईओ राजीव तिवारी के द्वारा जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की गई, उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया. सिर्फ व्हाट्सएप में सामूहिक सूचना दी गई थी. ऐसे में जनपद पंचायत के अध्यक्ष उर्मिला साकेत उपाध्यक्ष सहित अन्य सदस्यों में काफी नाराजगी बनी हुई थी. इसके बाद आज सामान्य सभा की बैठक जनपद कार्यालय सभागार में आयोजित हो रही थी, तभी महिला जनपद अध्यक्ष उर्मिला साकेत के द्वारा भाजपा का एक पट्टा जनपद सीईओ राजीव तिवारी को पहना दिया गया.
Land mafia Sudhir Jain arrested: धार का भूमाफिया सुधीर जैन गिरफ्तार
धार के मसिह अस्पताल की करोड़ों रुपये की जमीन घोटाले में तीन वर्षो से फरार चल रहा भूमाफिया सुधीर जैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. फरार आरोपी सुधीर जैन पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था. भू माफिया सुधीर जैन की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही धार में जमीनी सौदागरों में खलबली मच गई. भूमाफिया सुधीर जैन को नौगांव पुलिस इंदौर से गिरफ्तार कर थाने पर लाई, जहां उससे घंटों पूछताछ की गई. सुधीर जैन को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उसकी पुलिस रिमांड लेने की पूरी संभावना है. सुधीर जैन की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही उससे जुड़े कई जमीनी सौदागर नौगांव थाने पर घूमते नजर आए.
Kuno National Park Cheetah: कूनो में फिर गूंजेगी दहाड़, बोत्सवाना से आज आएंगे 8 चीते
बोत्सवाना से 8 चीते आज भारत पहुंचेंगे और इन्हें कूनो नेशनल पार्क में रिलीज किया जाएगा. केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं कूनो पहुंचकर इन चीतों को विशेष बाड़े में छोड़ेंगे.
बोत्सवाना से आने वाले 8 चीतों में 6 मादा और 2 नर शामिल हैं. इनके शामिल होने के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या 39 से बढ़कर 47 हो जाएगी. वर्तमान में 36 चीते कूनो में और 3 गांधी सागर अभयारण्य में मौजूद हैं.
Kuno National Park: 'चीता गामिनी' ने 4 शावकों को दिया जन्म
कूनो नेशनल पार्क से दक्षिण अफ्रीकी मादा 'चीता गामिनी' को लेकर फिर एक खुशखबरी आई है. गामिनी ने बीते दिनों 4 शावकों को जन्म दिया. गामिनी कूनो में दूसरी बार मां बनी है. भारत में जन्मे शावकों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है, वहीं चीतों की आबादी 39 पर पहुंच गई है.