Ladli Behna Yojana 35th Installment Released: सीहोर जिले के आष्टा में 12 अप्रैल को बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे लाड़ली बहनों और आम जनता से जुड़ी योजनाओं को जमीन पर उतारेंगे. इस दौरान सीएम न सिर्फ लाड़ली बहना योजना की राशि बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे, बल्कि 184 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे. कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं और जिले में उत्साह का माहौल है.
2.40 लाख लाड़ली बहनों को सीधे खाते में मिलेगा पैसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अप्रैल को आष्टा में आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश और सीहोर जिले की 2 लाख 40 हजार 287 लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की राशि ट्रांसफर करेंगे. इसके तहत कुल 35 करोड़ 39 लाख 32 हजार 500 रुपये सीधे डीबीटी के जरिए बहनों के खातों में भेजे जाएंगे. लाड़ली बहनों के लिए यह राशि घरेलू जरूरतों और आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम मानी जा रही है.

Ladli Behna Yojana 35th Installment: लाडली बहना योजना की 35वीं किस्त
184 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 184 करोड़ 92 लाख रुपये लागत के विकास और निर्माण कार्यों से जुड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे. इनमें से 115 करोड़ 32 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 69 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा. इन योजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और नगर सुविधाओं से जुड़े ढांचे को मजबूती मिलने का दावा किया जा रहा है.
इन प्रमुख कार्यों का होगा लोकार्पण
115 करोड़ रुपये से ज्यादा के जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, उनमें नगर पालिका आष्टा के वार्ड‑16 घनश्यामपुरा में आंगनवाड़ी भवन, पार्वती नदी पर घाट निर्माण और नगर परिषद जावर में नेवज नदी के पुनर्जीवन से जुड़ा कार्य शामिल है. इसके अलावा वार्ड‑03 में नेवज नदी पर पुलिया का निर्माण, आष्टा और जावर में सान्दीपनि स्कूल भवन, सिद्दीगंज में उप‑तहसील कार्यालय और आष्टा में एसडीओ (राजस्व) कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा.
स्वास्थ्य और संपर्क मार्गों को भी मिलेगा फायदा
ग्रामीण इलाकों को देखते हुए ग्राम मेहतवाड़ा में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया जाएगा. वहीं आष्टा‑शुजालपुर मार्ग से धनाना, खड़ी, अरनिया गाजी और करमनखेड़ी को जोड़ने वाले पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण भी इसी कार्यक्रम में किया जाएगा. इन कामों से ग्रामीण क्षेत्रों को स्वास्थ्य सुविधा और बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है.
इन योजनाओं का होगा भूमिपूजन
करीब 69 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री करेंगे. इनमें आष्टा‑सिद्दीगंज से धर्मपुरी रोड, हुसैनपुरखेड़ी से ओल्ड आष्टा बडला रोड और भंवरा से सिद्धेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क निर्माण शामिल है.
स्कूल, आवास और पेयजल पर भी फोकस
इसके अलावा सिद्दीगंज, कुरावर, मेहतवाड़ा, खड़ी, लोरासकला और धुराड़ाकला में सरकारी स्कूल भवनों का निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री पुलिस आवास योजना के तहत 12 एनजीओ और 48 आरक्षक आवासों का निर्माण भी प्रस्तावित है. वहीं इछावर में कॉलेज छात्रावास और पार्वती क्षेत्र में अर्द्धशहरी पुलिस थाना भवन का भूमिपूजन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा.
पंचायत और नगर विकास से जुड़े काम भी शामिल
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 96 निर्माण कार्यों और 54 सामुदायिक भवनों का भूमिपूजन किया जाएगा. नगर परिषद कोठरी में अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल परियोजना, आष्टा में पपनाश नदी से भोपाल नाका तक आरसीसी नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण जैसे काम भी इस सूची में शामिल हैं.
जिले को विकास की रफ्तार देने का दावा
कुल मिलाकर 12 अप्रैल को आष्टा में होने वाला यह कार्यक्रम जिले के लिए विकास परियोजनाओं और सामाजिक योजनाओं का बड़ा मंच बनने जा रहा है. जहां एक ओर लाड़ली बहनों को सीधी आर्थिक मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कामों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?