विज्ञापन

KVS Admission 2026: केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन शुरू; बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऐसे करें आवेदन

Kendriya Vidyalaya Admission 2026-27: केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने 2026‑27 सत्र के लिए कक्षा‑1 और बालवाटिका में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है. ऑनलाइन आवेदन की पूरी जानकारी पढ़ें.

KVS Admission 2026: केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन शुरू; बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऐसे करें आवेदन
KVS Admission 2026‑27: केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन शुरू; बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऐसे करें आवेदन

KVS Admission 2026: केन्द्रीय विद्यालय संगठन (Kendriya Vidyalaya Admission 2026) ने शैक्षणिक सत्र 2026 27 (KV Admission 2026–27 Notification) के लिए प्रवेश प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा कर दी है. इसके तहत कक्षा 1 और बालवाटिका 1 व 3 (जहाँ लागू हो) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण (Online Registration System) 20 मार्च 2026 से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा. पंजीकरण प्रक्रिया (KVS Admission Process) पूर्व वर्षों की तरह केवीएस के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही पूरी की जाएगी.

ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से होंगे प्रवेश

केवीएस की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुसार, कक्षा 1 और चयनित विद्यालयों में बालवाटिका 1 व 3 के लिए प्रवेश ऑनलाइन मोड से किया जाएगा. वहीं कक्षा 2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा 11 को छोड़कर) में प्रवेश केवल रिक्त सीटों की उपलब्धता होने पर ही ऑफलाइन माध्यम से होगा. इसके लिए पंजीकरण 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक संबंधित केन्द्रीय विद्यालयों में किया जाएगा.

आयु सीमा; 31 मार्च 2026 के अनुसार होगी गणना

कक्षा 1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु छह वर्ष निर्धारित की गई है. सभी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 की स्थिति के अनुसार की जाएगी. बालवाटिका 1 के लिए आयु 3 से 4 वर्ष, बालवाटिका 2 के लिए 4 से 5 वर्ष और बालवाटिका 3 के लिए 5 से 6 वर्ष निर्धारित की गई है. सीटों का आरक्षण केवीएस प्रवेश दिशानिर्देश 2026 27 के अनुसार लागू होगा.

प्रवेश सूचियाँ चरणबद्ध रूप से होंगी जारी

प्रवेश प्रक्रिया के तहत कक्षा 1 और बालवाटिका के लिए पहली अनंतिम चयन सूची 8 और 9 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी. इसके बाद यदि सीटें खाली रहती हैं तो दूसरी सूची 16 अप्रैल और तीसरी सूची 21 अप्रैल 2026 को प्रकाशित की जाएगी. चयन प्रक्रिया में आरटीई, सेवा श्रेणी I और II तथा आरक्षण कोटे को प्राथमिकता दी जाएगी.

आरटीई और आरक्षित वर्गों के लिए मौका

यदि आरटीई अधिनियम, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (NCL) के तहत पर्याप्त आवेदन ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त नहीं होते हैं, तो केवीएस 21 अप्रैल 2026 को दूसरी अधिसूचना जारी करेगा. इसके लिए ऑफलाइन पंजीकरण 22 से 26 अप्रैल तक होगा और चयन व प्रवेश 27 से 30 अप्रैल 2026 तक किए जाएंगे.

ऑफलाइन प्रवेश की भी समय सीमा तय

बालवाटिका 2 और कक्षा 2 से ऊपर की कक्षाओं के लिए ऑफलाइन पंजीकरण 2 से 8 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा. इन कक्षाओं की चयन सूची 13 अप्रैल को जारी होगी, जबकि प्रवेश प्रक्रिया 15 से 20 अप्रैल 2026 के बीच पूरी की जाएगी. कक्षा 11 को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 जून 2026 तय की गई है.

नए और विस्तारित विद्यालयों में विशेष व्यवस्था

जो केन्द्रीय विद्यालय नए खुले हैं या जिनमें सत्र 2026 27 से अतिरिक्त सेक्शन शुरू किए गए हैं, वहाँ भी प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी. नए विद्यालयों में बालवाटिका और कक्षा 1 में प्रवेश केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा, जबकि कक्षा 2 से 5 तक ऑफलाइन प्रवेश की व्यवस्था रहेगी.

दस्तावेज़ों की सख्त जांच के निर्देश

केवीएस मुख्यालय ने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों और विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश के समय जन्म तिथि प्रमाण पत्र, अभिभावक का सेवा प्रमाण पत्र, पता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जैसे सभी दस्तावेज़ों की कड़ाई से जांच की जाए. फर्जी दस्तावेज़ पाए जाने पर प्रवेश रद्द करने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं.

कक्षाएं अप्रैल से होंगी शुरू

बालवाटिका और कक्षा 1 की वे कक्षाएं जिनमें सभी छात्र नए होंगे, उनकी नियमित पढ़ाई 20 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. वहीं जिन कक्षाओं में पिछले सत्र से पदोन्नत छात्र शामिल होंगे, वहां कक्षाएं 1 अप्रैल 2026 से ही शुरू कर दी जाएंगी.

वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर मिलेगी जानकारी

केवीएस ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालयों को प्रवेश से जुड़ी सूचियां स्कूल के नोटिस बोर्ड के साथ साथ विद्यालय की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करनी होंगी, ताकि अभिभावकों को समय पर सही जानकारी मिल सके.

यह भी पढ़ें : RTE Admission 2026-27 MP: प्राइवेट स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश, लॉटरी से चयन, इस तारीख तक करें Online आवेदन

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close