Kaal Bhairav Mandir Ujjain : देश भर के अलग-अलग मंदिर में चढ़ावा चोरी के बीच मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के काल भैरव मंदिर से रिकॉर्ड तोड़ कमाई का आंकड़ा सामने आया है. दरअसल, मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पैसे वालों को राहत देने के लिए 'फास्ट दर्शन' की सुविधा शुरू की है. इस सुविधा के लिए प्रत्येक श्रद्धालु से 500 रुपये वसूले जा रहे हैं. लिहाजा, मंदिर की कमाई रिकॉर्ड तोड़ने लगी है.
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में शुरू की गई 500 रुपये की शीघ्र दर्शन व्यवस्था मंदिर प्रबंधन के लिए बड़ी आय का स्रोत बन गई है. महज डेढ़ महीने में ही इस सुविधा से मंदिर को 3 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है. खास बात यह है कि यह आंकड़ा उन दिनों का नहीं है, जब अत्यधिक भीड़ के कारण शीघ्र दर्शन टिकटों का वितरण पूरी तरह बंद कर दिया था.
ऐसे बढ़ती चली गई मंदिर की कमाई
गौरतलब है कि काल भैरव मंदिर पर श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या और व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन ने के लिए 20 मई से 500 रुपये में शीघ्र दर्शन बुकिंग की व्यवस्था शुरू की गई थी. इस व्यवस्था के तहत 3 जुलाई से शीघ्र दर्शन टिकटों से कुल 3 करोड़ 9 लाख 27 हजार रुपये की आय हुई. मंदिर प्रबंधन के मुताबिक सामान्य दिनों में शीघ्र दर्शन टिकट से करीब 5 लाख तक की आय होती है. वहीं, शनिवार, रविवार, अवकाश और विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर राशि 11 लाख तक पहुंच जाती है. हालांकि, सप्ताहांत और त्योहारों पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण कई बार व्यवस्था बनाए रखने के लिए शीघ्र दर्शन टिकटों का वितरण अस्थायी रूप से रोकना पड़ता है. यही वजह है कि डेढ़ महीने में हुई 3.09 करोड़ रुपये की कमाई में वे दिन शामिल नहीं हैं, जब टिकट जारी ही नहीं किए गए थे.
यह भी पढ़ें- ये डॉक्टर है या फर्जीवाड़ा गुरु, दो पैन कार्ड, दो आधार और दो ID के सहारे कर रहा था दो-दो जगह नौकरी, ऐसे धराया
मंदिर प्रबंधक संध्या मार्कंडेय ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाद सबसे ज्यादा श्रद्धालु काल भैरव मंदिर पहुंचते हैं. जहां बढ़ती भीड़ को देखते हुए शीघ्र दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश मार्ग बनाया गया है, ताकि उन्हें कम समय में दर्शन हो सके और सामान्य लाइन में लगे श्रद्धालुओं की व्यवस्था भी प्रभावित न हो.