मध्य प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए शुक्रवार यानी 7 अगस्त से एक नए और अनूठे 'जन-विश्वास अभियान' की शुरुआत करने जा रही है. इस अभियान के तहत अब हर शुक्रवार को सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचेगी और मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री आज छिंदवाड़ा जिले से अपने पहले जन-विश्वास दौरे के साथ करेंगे. सरकार और प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने की तैयारी पूरी कर ली है.
मंत्रालय से लेकर जिले तक के सभी अधिकारी अब हर शुक्रवार को दफ्तर छोड़कर लोगों के सामने जाएंगे और सीधा संवाद बढ़ाएंगे. इस दिन राज्य में कहीं भी किसी भी स्तर पर बैठक नहीं होगी, जबतक कि वह बहुत जरूरी न हो. सीएम से लेकर मंत्री, सांसद, विधायक और जिले के अधिकारी लोगों से संवाद अभियान में जुड़ेंगे.
भ्रमण से एक सप्ताह पहले सीएम हेल्पलाइन, जन-सुनवाई और लोक सेवा गारंटी में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी. फिर जन विश्वास अभियान के समय लोगों से संवाद कर लोगों के आवेदन लिए जाएंगे और तुरंत समस्याओं का निराकरण किया जाएगा.
जन-संवाद से उद्योग संवाद
अभियान के तहत जिला कलेक्टर, जिले के अधिकारियों के साथ फील्ड में दौरा करेंगे. दो प्रकार के जन-संवाद और उद्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे. एमएसएमई एवं कुटीर उद्योगों के उद्यमियो की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा. मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जिलों में पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री के भ्रमण-क्षेत्र में ही जिले का समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. भ्रमण से पूर्व लंबित और भ्रमण के बाद प्राप्त आवेदनों की तुलना जांची परखी जाएगी. जिलों की परफॉरमेंस और मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी.
किसानों की समस्याओं का होगा निराकरण
सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी का निर्माण सुनिश्चित करना, सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड का निर्माण सुनिश्चित करना, सभी आईडी की ई-केवाइसी और आधार कार्ड निर्माण/अपडेशन के प्रकरणों का निराकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को आवास उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी.
जन-विश्वास अभियान के सबसे अहम बिंदु
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल की उपलब्धता और टंकी निर्माण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी. आगनबाड़ी का निरीक्षण एवं कुपोषण से मुक्ति के लिए आंगनबाड़ी में बच्चों के वजन और ऊंचाई के मापन की स्थिति जानी जाएगी. स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया जाएगा और वहां डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टॉफ, दवाएं, उपकरण के बारे में जाना जाएगा. स्कूल/कॉलेज का निरीक्षण भी किया जाएगा.
खेती-किसानी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे
क्षेत्र में खाद-बीज एवं अन्य आदानों की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी. स्थानीय राशन की दुकान का निरीक्षण एवं आम जनता से फीडबैक, विभिन्न शासकीय परिसंपत्तियां जैसे सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, बांध, जलजीवन मिशन अंतर्गत निर्मित संरचनाएं, भवन, खेल, फसल आदि की स्थिति का निरीक्षण, शासकीय संस्थाओं जैसे आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समिति, तहसील, कृषि उपज मंडी, मदिरा दुकान, पुलिस थाना, लोक सेवा केन्द्र, शासकीय देवस्थान, औद्योगिक क्षेत्र आदि का निरीक्षण किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- MP Govt Jobs: मध्य प्रदेश में 19 हजार पदों पर बंपर भर्ती, ESB ने जारी किया परीक्षा शेड्यूल, देखें पूरी लिस्ट