मां और बेटे का रिश्ता दुनिया के सबसे मजबूत रिश्तों में माना जाता है. कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि अपनों से ही सबसे ज्यादा दर्द मिलता है, लेकिन एक मां का दिल फिर भी अपने बच्चे के लिए ही धड़कता रहता है. जबलपुर से सामने आया एक मामला इसी ममता की मिसाल बन गया. यहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उनके बेटे द्वारा सरेआम मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया. वीडियो में महिला को सड़क पर गिराकर बाल पकड़कर घसीटते और थप्पड़ मारते हुए देखा गया. मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित मां खुद थाने पहुंच गईं और बेटे के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने की गुहार लगाने लगीं.
सरेराह मारपीट का वीडियो आया सामने
यह घटना जबलपुर के रांझी क्षेत्र स्थित अशोक बिहार कॉलोनी की बताई जा रही है. यहां 75 वर्षीय मित्रा विश्वकर्मा के साथ उनके बेटे राजू विश्वकर्मा ने मारपीट की. घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि बुजुर्ग महिला के साथ बेरहमी से व्यवहार किया.
वीडियो मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. वीडियो देखने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम उस घर तक पहुंची जहां बुजुर्ग महिला अपने दोनों बेटों प्रमोद और राजू के साथ रहती हैं. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी बेटा वहां से फरार हो चुका था.
पड़ोसियों ने लगाए गंभीर आरोप
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. स्थानीय लोगों के मुताबिक राजू विश्वकर्मा अक्सर शराब के नशे में अपनी मां के साथ झगड़ा और मारपीट करता है. पड़ोसियों का कहना है कि उसकी हरकतों से आसपास रहने वाले लोग भी परेशान हैं और कई बार ऐसे विवाद पहले भी हो चुके हैं.
छह हजार रुपये को लेकर हुआ विवाद
बुजुर्ग महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने उन्हें छह हजार रुपये दिए थे. इनमें से करीब 1500 रुपये खर्च हो गए थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया. महिला ने स्वीकार किया कि झगड़ा हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे ज्यादा न बढ़ाने की बात कही.
मां ने बेटे को बचाने की लगाई गुहार
मामले का सबसे भावुक पहलू तब सामने आया जब बुजुर्ग महिला खुद पुलिस थाने पहुंच गईं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपने बेटे के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की अपील की. महिला ने कहा कि विवाद जरूर हुआ था, लेकिन वह नहीं चाहतीं कि उनके बेटे को गिरफ्तार किया जाए. मां की इस अपील ने सभी को भावुक कर दिया.