विज्ञापन

MP: कक्षा-1 की छात्रा को टीचर ने मारा थप्पड़, कान के पर्दे में छेद होने का आरोप; परिवार ने कलेक्टर से की शिकायत

परिजनों के मुताबिक, घटना 15 जुलाई की है जब कक्षा-1 की यह छात्रा रोज की तरह स्कूल गई थी. परिजनों का आरोप है कि हिंदी की शिक्षिका अमृता सिंह ने बच्ची के साथ मारपीट की.

MP: कक्षा-1 की छात्रा को टीचर ने मारा थप्पड़, कान के पर्दे में छेद होने का आरोप; परिवार ने कलेक्टर से की शिकायत
शिकायत लेकर पहुंचे बच्ची के माता-पिता.
NDTV

टीकमगढ़ शहर के प्रायवेट पुष्पा स्कूल में कक्षा-1 में पढ़ रही 6 वर्षीय छात्रा के साथ शिक्षिका द्वारा कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. परिजनों ने  कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि मारपीट के बाद बच्ची के कान में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे सुनने में परेशानी, कान में दर्द और चक्कर आने लगे. दावा किया कि डॉक्टर से जांच कराई तो पता चला कि कान के पर्दे में छेद हो गया है.

शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई को कक्षा-1 की छात्रा रोज की तरह पुष्पा इंग्लिश मीडियम स्कूल गई थी. परिजनों का आरोप है कि हिंदी की शिक्षिका अमृता सिंह ने बच्ची के साथ मारपीट की. स्कूल की छुट्टी के बाद जब बच्ची घर पहुंची तो उसने परिजनों को कान में दर्द, आवाज सुनाई नहीं देने और चक्कर आने की शिकायत की.

बच्ची की हालत देखकर पिता राजेश तिवारी तत्काल उसे लेकर स्कूल पहुंचे और प्राचार्य को घटना की जानकारी दी. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित शिक्षिका प्राचार्य के समक्ष उपस्थित हुई और घटना को स्वीकार किया.

क्या बता रहे परिजन

परिजनों के अनुसार, बच्ची को उपचार के लिए डॉ. अमित जैन के पास ले जाया गया, जहां जांच के दौरान कान के पर्दे में छेद होने की जानकारी दी गई. घटना को लेकर बच्ची के पिता राजेश तिवारी ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने, स्कूल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराए जाने तथा दोषी पाए जाने वाले शिक्षिका के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की गईं है.

मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है. परिजनों का कहना है कि स्कूल बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा का स्थान है, जहां किसी भी बच्चे के साथ मारपीट की घटना बेहद गंभीर है. उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. आज परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से की है.

स्कूल टीचर ने क्या कहा?

वहीं, स्कूल टीचर का कहना है, "शैतानी करने पर बच्ची के गाल पर हल्के से मारा था, ना कि कान पर. मेरे मारने से कान के पर्दा में कोई छेद नहीं हुआ है, स्कूल में तो बच्ची अच्छे से सुन रही थी."

वहीं, टीकमगढ़ कलेक्टर का कहना रहा छोटे छोटे बच्चों को इसतरह मारपीट नहीं करनी चाहिए और उन्होंने जांच जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी है.

ये भी पढ़ें- जबलपुर रेलवे स्टेशन पर कोच में लगी आग, दमकल ने रेल कर्मियों के साथ मिलकर बुझाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close