मध्य प्रदेश के जबलपुर में अधारताल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंचनपुर में पत्नी की संदिग्ध मौत के दूसरे दिन उसके पति का शव भी फांसी पर लटका मिला है. इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है. पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने पत्नी की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी है.
गौरतलब है कि शुक्रवार रात 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव कंचनपुर स्थित उनके किराए के मकान के किचन में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. नेहा के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था, जबकि उसका दूसरा सिरा पंखे से बंधा मिला था. इस घटना के बाद से उनका पति मयंक सिंह लापता था, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा था. अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
jabalpur double death case husband body found hanging wife death
उधर, शनिवार सुबह रांझी थाना क्षेत्र स्थित व्हीकल फैक्ट्री के एक खाली पड़े क्वार्टर में मयंक सिंह का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. मौके पर खड़ी उनकी स्कूटी की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में मयंक ने पत्नी नेहा की मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया है और इसी अपराधबोध के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी है.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि, सुसाइड नोट मिलने के बाद भी पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौतों की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
आठ साल का बेटा बहन के पास छोड़ा
जानकारी के मुताबिक, नेहा सिंह पहले से विधवा थीं और उनका आठ वर्ष का एक बेटा है. कुछ समय पूर्व उन्होंने कंचनपुर निवासी मयंक सिंह से विवाह किया था. मयंक एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करता था, जबकि नेहा निजी नौकरी करती थीं. मयंक सिंह घर से निकलने के बाद अपने बेटे को अपनी बहन के घर छोड़ गया था. एक ही परिवार में दो दिनों के भीतर हुई इन दो मौतों से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.