Jabalpur Bike Accident CCTV: जबलपुर के गोरा बाजार थाना क्षेत्र में एक खौफनाक सड़क हादसा कैमरे में कैद हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर फिसल गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. चिंगारियां निकलती बाइक और सड़क पर गिरकर घसीटते बाइक सवारों का दृश्य इतना डरावना था कि देखने वालों की सांसें थम गईं. पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है.
बाइक फिसली और सड़क पर फैली चिंगारियां
हादसे में बाइक इतनी तेज रफ्तार में थी कि गिरते ही उससे चिंगारियां निकलने लगीं. बाइक और दोनों सवार सड़क पर गिरते ही काफी दूर तक फिसलते रहे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक नियंत्रण खोने के बाद कई मीटर तक सड़क पर रगड़ खाते हुए आगे बढ़ती रही.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
बिलहरी मार्केट क्षेत्र में लगी दुकानों के बाहर लगे कैमरों ने हादसे की हर सेकंड की फुटेज रिकॉर्ड कर ली. वीडियो में साफ दिखता है कि बाइक अचानक बैलेंस खोती है और एक ही झटके में सड़क पर बुरी तरह फिसलने लगती है. हादसे के समय बाइक पर दो युवक सवार थे. दोनों को चोटें आई हैं. आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को सड़क के बीच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले गए.
अवैध कब्जे को बताया हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलहरी मार्केट और आसपास के इलाकों में पहले भी दर्जनों हादसे हो चुके हैं. इसकी वजह तेज रफ्तार के साथ‑साथ सड़क पर बने अवैध कब्जे भी बताए जा रहे हैं. वहीं कई लोगों ने यह भी कहा कि सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण और दुकानों के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहन चालक नियंत्रण खो बैठते हैं. लोग प्रशासन से लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.