Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के इंदौर में सिलेंडर से अमोनिया गैस सिलेंडर लीकेज (Gas Leakage) मामले में आरोपी कबाड़ी शहजाद को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गैस लीक होने से कई लोगों की तबीयत खराब हो गई थी. उन्हें आंखों में जलन और सांस लेने जैसी समस्या का सामना करना पड़ा था. इस दौरान 5 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया, जिनका अभी भी इलाज चल रहा है.
एडिशनल डीसीपी दिसेश अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार देर रात रावजी बाजार में कबाड़ी ने सिलेंडर काटने की कोशिश की, जिसके बाद अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने सांस लेने में दिक्कत होने जैसी शिकायत की थी. गैस के असर से लोगों को सांस लेने में परेशानी, घबराहट और उल्टियां होने लगीं.
पीड़ितों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया
पीड़ितों को तुरंत अलग-अलग अस्पताल ले जाया गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. गैस फैलने के बाद रहवासियों और पुलिसकर्मियों ने मुंह और नाक पर रूमाल बांधकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की. कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए.
एहतियातन क्षेत्र में पानी के टैंकर बुलाए गए, ताकि गैस के प्रभाव को कम किया जा सके. हालातों को रात में ही नियंत्रित कर लिया गया. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हासानी ने बताया कि गैस रिसाव से प्रभावित सभी पांच लोगों की हालत स्थिर है.
ये भी पढ़ें- मंदसौर में हिस्ट्रीशीटर भय्यु को पत्नी ने ही उतारा था मौत के घाट, साथियों ने कबूला जुर्म; रुखसाना की तलाश जारी