Domestic Gas Cylinders Shortage: इंदौर में घरेलू गैस की किल्लत और कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर शनिवार को इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा. यह ज्ञापन 14 मार्च को दोपहर में कलेक्टर शिवम वर्मा के नाम दिया गया. इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव और ब्लॉक अध्यक्ष शेलू सैन ने बताया कि शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है. कई गैस एजेंसियों पर घरेलू सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई घरों में खाना तक नहीं बन पा रहा है. वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति ठप होने से छोटे व्यापारियों के सामने रोजी‑रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

Domestic Gas Cylinders Shortage: गैस को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
सरकार के दावे खोखले : देवेंद्र सिंह यादव
कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि प्रदेश में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है, जबकि जमीनी हकीकत इसके ठीक उलट है. उन्होंने कहा कि यह शासन‑प्रशासन की खोखली घोषणाएं हैं, जिनसे शहर में गंभीर संकट की स्थिति बन गई है.

MP Gas Shortage: सरकार ने कहा- अफवाह से बचें
मुख्यमंत्री ने किया पैनिक न करने का आग्रह
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसे हालात के बीच प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है.
कालाबाजारी पर सख्त निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखी जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
11 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 11 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में किसी प्रकार की कमी नहीं है और गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडर समय पर वितरित किए जा रहे हैं.
कालाबाजारी की शिकायत के लिए टोल‑फ्री नंबर जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी या कालाबाजारी की शिकायत हो, तो इन टोल‑फ्री नंबरों पर संपर्क करें.
- इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन: 1800‑2333‑555
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन: 1800‑258‑7170
- भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन: 1800‑22‑4344
अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्थिरता और विकास का माहौल है. उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और किसी समस्या की स्थिति में सीधे संबंधित विभाग या टोल‑फ्री नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं.
यह भी पढ़ें : MP में घरेलू गैस संकट; शहडोल-जबलपुर में एजेंसियों पर लंबी कतारें
यह भी पढ़ें : PM Kisan Yojana: 22वीं किस्त जारी; छत्तीसगढ़ के 24 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 498.83 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें : MP RTE Admission 2026: प्राइवेट स्कूलों में फ्री एडमिशन शुरू; पहले दिन 22 हजार आवेदन
यह भी पढ़ें : लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी; CM मोहन यादव ने 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए, घाटीगांव से मिली सौगातें