ED Attaches Land Plots of Steeltech Resources Ltd in Indore: इंदौर में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.76 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है. यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत मेसर्स रुचि अक्रोनी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जिसे अब स्टीलटेक रिसोर्सेज लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, पर की गई है. अटैज की गई संपत्तियां कंपनी के नाम पर दर्ज भूखंड हैं, जिन्हें जांच के दौरान संदिग्ध लेन-देन से जुड़ा पाया गया.
दरअसल, ईडी ने इस मामले की जांच सीबीआई और एसीबी भोपाल द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी. एफआईआर में कंपनी पर यूको बैंक, इंदौर को 58 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने और धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जांच एजेंसियों के मुताबिक, कंपनी ने फर्जी और मनगढ़ंत दस्तावेजों के आधार पर क्रेडिट सुविधाएं और लेटर ऑफ क्रेडिट हासिल किए.
फंड्स का किया गया दुरुपयोग
ईडी की जांच में सामने आया कि इन फंड्स का वास्तविक व्यापारिक उपयोग नहीं किया गया, बल्कि रकम को योजनाबद्ध तरीके से डायवर्ट किया गया. रकम की लेयरिंग कर उसे समूह और सहयोगी कंपनियों के जाल के जरिए घुमाया गया और अंततः उसी नियंत्रण वाली संस्थाओं में वापस पहुंचाया गया. इस प्रक्रिया के जरिए अवैध धन को वैध दिखाने की कोशिश की गई. जांच में यह भी पाया गया कि गबन की गई राशि का इस्तेमाल अलग-अलग स्तरों पर निवेश और संपत्तियां खरीदने में किया गया. इन्हीं संपत्तियों की पहचान कर ईडी ने कार्रवाई की है.
Video: महिला ने 83 मिनट में 3 बच्चों को दिया जन्म, इनमें दो बेटे और एक बेटी, चार की पहले से मां है
पहले भी कर चुकी है 10.15 करोड़ की संपत्तियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी ईडी इंदौर में इस मामले में 10.15 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है. एजेंसी का कहना है कि मामले में की जांच अभी जारी है. ऐसे में आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं.