India vs Pakistan T20: मध्य प्रदेश में भी भारत-पाक टी20 मुकाबले का रोमांच चरम पर रहा. भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. मध्य प्रदेश में भी भारत-पाकिस्तान महामुकाबले का जादू सिर चढ़कर बोला है. 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए हाईवोल्टेज मैच ने प्रदेश के शहरों और कस्बों में अलग ही माहौल बना दिया. मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उदयपुरा में गांधी चबूतरा मिनी स्टेडियम में तब्दील हो गया, जहां सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी एक साथ जुटकर एलईडी स्क्रीन पर लाइव देखा.
175 रन बनाकर भारत ने रखी मजबूत नींव
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 175 रन बनाए. शुरुआती झटके के बाद ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में पारी संभाली. उन्होंने 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 40 गेंदों में 77 रन (10 चौके, 3 छक्के) ठोके. सूर्यकुमार यादव ने 32, तिलक वर्मा ने 25 और शिवम दुबे ने 27 रन जोड़े. पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए. जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ाती नजर आई और 18 ओवर में 114 रन पर सभी 10 विकेट गंवा दिए. भारत ने 61 रन से मैच जीत लिया.
india vs Pakistan t20 fever Madhya Pradesh udaipura Gandhi chabutra mini stadium
उदयपुरा में एलईडी स्क्रीन पर लाइव मुकाबला
रायसेन के उदयपुरा में हिंदू उत्सव समिति द्वारा दो स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी. गांधी चबूतरा पर ऐसा माहौल दिखा मानो कोई बड़ा स्टेडियम हो. लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और भारत माता की जय, वंदे मातरम् के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा गया. हर चौके-छक्के पर तालियां और हर विकेट पर जोरदार शोर सुनाई दिया.
प्रदेश के अन्य शहरों में भी दिखा क्रिकेट का जुनून
भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित कई शहरों में भी क्रिकेट प्रेमी बड़ी स्क्रीन और टीवी के सामने जुटे रहे. कई जगह बाजारों में सन्नाटा तो चौक-चौराहों पर भीड़ देखने को मिली. भारत-पाक मुकाबले ने एक बार फिर प्रदेश को क्रिकेट और देशभक्ति के रंग में रंग दिया है.
उदयपुरा में भाईचारे के साथ जश्न
रायसेन जिले की उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में गांधी चबूतरे पर पहले से ही एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी. दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग मुकाबला देखने जुटे.
खास बात यह रही कि हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग एक साथ बैठकर मैच का आनंद लेते नजर आए. भारत की जीत के बाद दोनों समुदायों ने मिलकर जश्न मनाया और एकता की मिसाल पेश की.
जैसे ही जीत तय हुई, पूरा प्रांगण ‘भारत माता की जय' और ‘वंदे मातरम्' के नारों से गूंज उठा. युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर तिरंगा लहराया और जमकर आतिशबाजी की.
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ब्रिज किशोर लोया भी मौजूद रहे. उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, क्रिकेट प्रेमियों और पुलिस प्रशासन को मिठाई बांटकर खुशी साझा की.
देवास में एबी रोड पर उमड़ा जनसैलाब
इधर देवास शहर में भी भारत की जीत का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. एबी रोड और सैयाजी द्वार क्षेत्र में बड़ी संख्या में देवासवासी एकत्रित हुए. हाथों में तिरंगा झंडा लेकर लोगों ने ‘भारत माता की जय' के जयकारे लगाए. एबी रोड देशभक्ति के नारों से गूंज उठा. युवाओं ने सड़कों पर उतरकर जीत की खुशी मनाई और भारत की शानदार जीत पर गर्व जताया. देवास में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा और पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
ICC T20 World Cup: कोलंबो में भारत का जलवा, ईशान के तूफान में उड़ा पाकिस्तान, इंडिया 61 रन से जीता