India Post Launch Next Day Guaranteed Delivery Launch: डाक विभाग (Dak Vibhag) अपनी डिलीवरी व्यवस्था को और तेज करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. 17 मार्च 2026 से इंडिया पोस्ट (India Post) ‘24 स्पीड पोस्ट' (24 Speed Post) सेवा शुरू कर दी है, इसके तहत भेजे गए दस्तावेज और पार्सल अगले ही दिन गंतव्य तक पहुंचाने की गारंटी दी गई है. इस नई सेवा का औपचारिक शुभारंभ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ चंद्र शेखर पेम्मासानी ने किया.
पहले चरण में इन छह शहरों से होगी शुरुआत
‘24 स्पीड पोस्ट' सेवा फिलहाल पहले चरण में देश के छह प्रमुख महानगरों (दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद) में शुरू की जा रही है. इन शहरों के बीच भेजे गए स्पीड पोस्ट को अगले दिन डिलीवरी करने का लक्ष्य रखा गया है. डाक विभाग के अनुसार, इन शहरों में लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क पहले से मजबूत है, इसलिए यहां से सेवा की शुरुआत की जा रही है. आगे चलकर इसका विस्तार अन्य शहरों में भी किया जाएगा.
24 और 48 स्पीड पोस्ट से तय होंगी डिलीवरी समय-सीमाएं
इंडिया पोस्ट ने ‘24 स्पीड पोस्ट' के साथ‑साथ ‘48 स्पीड पोस्ट' सेवा को भी नए सिरे से मजबूत किया है. नई व्यवस्था के तहत समर्पित प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे डी+1 (अगले दिन) और डी+2 (दो दिनों के भीतर) डिलीवरी समय-सीमा सुनिश्चित की जा सकेगी. इसका फायदा उन ग्राहकों को होगा, जिन्हें समय पर दस्तावेज या पार्सल पहुंचाना बेहद जरूरी होता है.
ओटीपी, ट्रैकिंग और मनी बैक जैसी सुविधाएं
नई स्पीड पोस्ट सेवाओं में सुरक्षा और ट्रैकिंग पर खास जोर दिया गया है. डिलीवरी के समय ओटीपी आधारित वेरिफिकेशन किया जाएगा, जिससे गलत हाथों में पार्सल पहुंचने की आशंका कम होगी. साथ ही, एसएमएस अलर्ट के जरिए एंड‑टू‑एंड ट्रैकिंग की सुविधा मिलेगी, ताकि भेजने वाला और पाने वाला दोनों हर स्तर पर स्थिति जान सकें. इसके अलावा, तय समय में डिलीवरी न होने पर मनी‑बैक गारंटी भी दी जाएगी. यह कदम निजी कूरियर कंपनियों के मुकाबले इंडिया पोस्ट की विश्वसनीयता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
व्यावसायिक ग्राहकों को खास राहत
डाक विभाग ने व्यवसायिक और ई‑कॉमर्स ग्राहकों के लिए भी कई सुविधाएं जोड़ी हैं. बल्क बुकिंग के लिए निशुल्क पिकअप, ‘बीएनपीएल' (बुक नाउ, पे लेटर) सुविधा, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी व्यवस्थाएं शुरू की जा रही हैं. इससे छोटे‑बड़े कारोबारी अपने शिपमेंट को आसानी से मैनेज कर सकेंगे और इंडिया पोस्ट को एक भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स पार्टनर के तौर पर इस्तेमाल कर पाएंगे.
लॉजिस्टिक्स और ई‑कॉमर्स को फायदा
डाक विभाग के इस कदम को देश के बढ़ते ई‑कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर के लिए अहम माना जा रहा है. रियल‑टाइम ट्रैकिंग, तेज डिलीवरी और संडे ऑपरेशंस जैसी विशेषताओं के साथ इंडिया पोस्ट अब स्पीड और स्केल, दोनों पर फोकस कर रहा है. ‘24 स्पीड पोस्ट' और ‘48 स्पीड पोस्ट' के जरिए विभाग का लक्ष्य है कि ग्राहक कम खर्च में भरोसेमंद और समयबद्ध डिलीवरी का लाभ उठा सकें. कुल मिलाकर, ‘24 स्पीड पोस्ट' सेवा डाक विभाग की पारंपरिक छवि से आगे बढ़कर आधुनिक लॉजिस्टिक्स जरूरतों के अनुरूप खुद को ढालने की एक कोशिश है, जिसका सीधा फायदा आम लोगों से लेकर व्यवसायिक ग्राहकों तक को मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : Gyan Post: हर व्यक्ति तक पहुंचेगी 'किफायती शिक्षा'- ज्योतिरादित्य सिंधिया, जानिए क्या है ज्ञान पोस्ट सेवा?
यह भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव से पहले MP में सियासी सरगर्मी; क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस की टेंशन बढ़ी, BJP का तंज
यह भी पढ़ें : Navodaya Admission: नवोदय स्कूल क्लास 6 प्रवेश में EWS को जगह नहीं; हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब
यह भी पढ़ें : नारायणपुर में नक्सलियों को बड़ा झटका; दिवालुर में नया पुलिस कैंप, अबूझमाड़ में विकास की दस्तक