ग्वालियर जिले के ग्राम हस्तिनापुर में पति-पत्नी ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह जब अंदर से कमरा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने दरवाजा खोला तो कमरे में दोनों के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया गया है कि रात को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था. पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी है.
जिले के हस्तिनापुर में रहने वाले विनोद पुत्र लखन प्रजापति (22) और उसकी पत्नी लक्ष्मी (20) ने बीती रात फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गोहद की रहने वाली लक्ष्मी की एक साल पहले ही विनोद से शादी हुई थी. विवाह के बाद से ही दोनों में बहस होती रहती थी. सुबह करीब आठ बजे तक जब कमरे से दोनों पति-पत्नी बाहर नहीं निकले तो उनको आवाज देकर बाहर बुलाने की कोशिश की गई.
फंदे से लटके हुए मिले दोनों के शव
दरवाजा अंदर से बंद होने की वजह से विनोद के छोटे भाई हिमांशु ने अपने पिता को फोन करके जानकारी दी. लखन प्रजापति अपने घर पहुंचे और विनोद को आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो दोनों पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे से लटके हुए थे.
आधी रात में हुआ था झगड़ा
इसके बाद घरवालों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा. विनोद और उसकी पत्नी लक्ष्मी के शव रस्सी से लटके हुए थे. दंपती के फांसी लगाने की सूचना पर एसडीओपी बेहट मनीष यादव मौके पर पहुंचे और जांच की. पुलिस का कहना है कि विनोद और लक्ष्मी के बीच रात को झगड़ा हुआ था। झगड़े की वजह क्या थी यह पता नहीं चला है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की विवेचना शुरू कर दी है.
खाना बनाया, लेकिन खाया नहीं
एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान खाना रखा हुआ भी मिला.दोनों ने खाना नहीं खाया था. संभावना जताई गई है कि रात को विनोद ने फांसी लगाई थी, उस समय लक्ष्मी सो रही थी. सुबह जब वह नींद से जागी और उसने विनोद को फंदे पर लटका देखा तो सुबह के समय उसने भी पति के पास ही रस्सी से फांसी लगा ली.
मोबाइल तोड़कर फेंक दिए
यह भी बताया गया कि एक दिन पहले ही लक्ष्मी अपने मायके से विवाह में शामिल होकर लौटी थी. साथ में विनोद भी ससुराल में विवाह में गया था. कमरे में पुलिस को तीन मोबाइल टूटे मिले हैं. संभावना जताई जा रही है कि झगड़े मे दोनों ने मोबाइल तोड़कर फेंक दिए.
यह भी पढ़ें- 2 हजार KM तक पीछा, आगरा-जयपुर हाईवे पर 115 KG अफीम जब्त, तस्कर गिरफ्तार