मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में घरेलू कलह के चलते दिल दहलाने वाली घटना हो गई. यहां बुधवार शाम एक युवक ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर खुद को भी आग के हवाले कर दिया. घटना में पत्नी, सास और पास में खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि युवक की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, शहर से करीब 60 किमी दूर स्थित नागदा के इंद्रपुरी अनिल बामनिया का अपनी पत्नी तनु से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. दोनों के बीच बुधवार शाम को कहासुनी अचानक इतनी बढ़ गई कि अनिल ने पेट्रोल डालकर पत्नी को आग लगा दी. आग की लपटों में वह खुद भी घिर गया.
देखते ही देखते घर और आसपास चीख-पुकार मच गई. घटना के दौरान पास में खेल रही पड़ोस की ढाई साल की बच्ची दीक्षा भी आग की चपेट में आ गई। बालिका को बचाने पहुंची उसकी मां कालीबाई (50) भी झुलस गईं.
तीनों मेडिकल कॉलेज रेफर
स्थानीय लोगों ने आग बुझाकर सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद तनु, कालीबाई और मासूम दिक्षा को गंभीर हालत में आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज उज्जैन रेफर किया है, जहां तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी: 5 जिलों की कमान महिला कलेक्टरों को, निहारिका बारीक गृह सचिव, 42 IAS का तबादला